Home राज्य संगीनों के साये में हुआ विचाराधीन कैदी का अन्तिम संस्कार मंत्री पर...

संगीनों के साये में हुआ विचाराधीन कैदी का अन्तिम संस्कार मंत्री पर लगे आरोप

263
0

उमरिया – जिला मुख्यालय में 26 सितम्बर को गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी और पुलिस के बीच हुई झड़प में कई पुलिसकर्मियों को चोट आई थी जिसमे कुछ सामान्य और कुछ गम्भीर घायल हुए थे। उसके बाद पुलिस फोर्स आने के बाद गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राधेश्याम काकोडिया को बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया था और बहुत से लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। बाद में चिन्हित आरोपियों की गिरफ्तारी का कार्य पुलिस की थी, उसी में मानपुर थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम हिरौली निवासी 62 वर्षीय दया राम सिंह पिता सुख लाल सिंह गोंड़ को पुलिस ने 27 सितम्बर को उसके गृह ग्राम हिरौली से गिरफ्तार किया था।


दया राम सिंह के पुत्र श्याम सिंह ने बताया कि 26 सितम्बर को हमारे पिताजी 4 बजे शाम गांव के पास बकरी चरा रहे थे, लेकिन पुलिस 27 सितम्बर को हमारे पिताजी को उठा कर ले गई जिसके साथ मारपीट की गई थी, हमारे पिताजी ने मरने से पहले बताया है जिसकी वीडियो रिकार्डिंग भी है। मारपीट करने के कारण हमारे पिताजी की हालत बिगड़ गई तो जिला अस्पताल उमरिया में इलाज के लिए ले गए जहां से डॉक्टर शहडोल मेडिकल कालेज रिफर कर दिए और हमसे बिना लिखे कागज में दस्तखत करवा लिए। वहां से किसी तरह की सूचना नही दिए और फिर 4 या 5 तारीख को जबलपुर मेडिकल कालेज रिफर कर दिए।
हम लोगों को कोई सूचना नही दी गई कि उनकी हालत खराब है। 9 तारीख को उनके मरने की खबर आई तो हमारे भाई धरम दास सिंह जो सरपंच हैं उनने जेल अधीक्षक से बात किया तो बोले कि अभी जिंदा हैं।
फिर काफी बात करने के बाद हमको जबलपुर जाने की अनुमति दिए तो हम वहां उनके पास गए तो उनकी हालत बहुत खराब रही ठीक से बोल भी नही पाते रहे उनके हाथ मे हथकड़ी लगा कर अस्पताल में रखे रहे बाद में उनकी हालत बिगड़ती गई और वो खत्म हो गए। हमको वहां पुलिस वाले धमकी दिए तो हम डर के मारे घर भाग कर आ गए।


इस मामले में जिले के कलेक्टर बुद्धेश कुमार वैद्य, एस पी निवेदिता नायडू और शहडोल जोन के एडीजी डी सी सागर और कई जिले का बल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से मृतक के गृह ग्राम हिरौली में मौजूद रहे, इतना ही नही जिले के सभी रास्तों पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा ताकि कोई भी व्यक्ति ग्राम हिरौली न पहुंच पाए वहीं, कलेक्टर द्वारा घंटो समझाईस देने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया।

इस मामले में बहुजन समाज के जिलाध्यक्ष केशव वर्मा और गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी बाला सिंह टेकाम ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस कर दया राम सिंह की मौत का जिम्मेदार पुलिस और मंत्री को बताया वहीं न्याय के लिए क्रमिक अनशन की भी बात भी कहे।

बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र 89 से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी बाला सिंह टेकाम ने आरोप लगाते हुए बताया कि दयाराम सिंह की न्यायिक अभिरक्षा में मौत हुई है वह एक निर्दोष व्यक्ति थे, पुलिस यहां की शांति व्यवस्था भंग करना चाहती है पुलिस ने 5 – 6 जिले की फोर्स बुला करके पूरे जिले में दहशत का वातावरण बनाया गया, मैं अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जब गया तो मेरे को बताया गया कि पुलिस को देखकर के मानपुर की सभी स्कूल बंद कर दी जाए, पुलिस इस कोशिश में है कि हम लोगों को हिंसक घोषित कर दिया जाए यह सरासर गलत है प्रशासन से हमारी अपेक्षा है कि शांतिप्रिय व्यवस्था यहां की बनी रहे पुलिस का भविष्य में ऐसा प्रदर्शन ना हो, हमको आशंका है कि जो हमारे बहुत से बुजुर्ग और निर्दोष लोग जेल के अंदर हैं, ऐसी स्थिति फिर से बन सकती है कि लोग वहां पर मौत के शिकार हों, आज मैं जिस तरह से देखा हूं मुझे व्यक्तिगत बहुत पीड़ा हुई है कांग्रेस और भाजपा के लोग कोई भी शामिल नहीं हुए जबकि यह सामाजिक मामला है, पूरी तरह से समाज का मामला था इसमें सबको शामिल होना चाहिए था यह देख कर के मुझे लगता है कि 26 सितंबर की जो घटना हुई है उसमें पूरी तरह से यहां के मंत्री और विधायक दोषी हैं।

वहीं बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष केशव वर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि 26 तारीख को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का जो भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर आंदोलन हुआ था, उसे मुद्दे से संबंधित तमाम जो लोग हैं जो निरपराध लोग हैं, मुलजिम नहीं है, उन लोगों को गरीबों को जिनकी उम्र 65, 64, 63 है, उन निरपराध लोगों को जेल में बंद किया है जिसमें एक आदमी दयाराम सिंह मर भी गया है, पुलिस के द्वारा जो दमनकारी ताकते रहीं, उन लोगों की ऐसी नियत थी, इन सबको लेकर उजागर करेंगे, दूसरा मुद्दा हमारा यह है कि कल हम लोग कलेक्टर साहब को एक पत्र देंगे और परसों से तीन दिन तक क्रमिक अनशन चलाएंगे, मृतक परिवार के लिए हमारे चार-पांच मुद्दे हैं उसकी मांग करेंगे और अगर 3 दिन के बाद कलेक्टर साहब का यदि पुख्ता आश्वासन नही मिलता है तो हम भूख हड़ताल पर भी जाएंगे और पुलिस के लोगों ने जिनने हमारे लोगों को मारने पीटने का काम किया है यदि उनके खिलाफ मुकदमा नहीं बनता है और उनके सस्पेंशन की कार्यवाही नहीं हुई तो हम भूख हड़ताल तक जाएंगे और शासन प्रशासन से अपनी बात मनवा कर ही रहेंगे चाहे हमको कितना लंबा ही आंदोलन क्यों ना चलाना पड़े, इसमें हमको ऐसा लगता है कि इसमें जो भ्रष्टाचार का मुद्दा था हमारे जिले की जो मंत्री रही हैं सुश्री मीना सिंह जी, उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला था, सारा जो 26 का मामला हुआ है उसमें पूरा का पूरा श्रेय उनको देता हूँ जो अभी विधायक और मंत्री हैं सुश्री मीना सिंह और उन्ही के इशारे पर जितना भी भ्रष्टाचार और एक काम को करने में करने में 100 गलतियां पुलिस और प्रशासन कर रहा है, यहां तक कि पुलिस प्रशासन हत्या तक का काम कर रहा है, हत्या भी किया है।

गौरतलब है कि पुलिस 26 सितम्बर की घटना को देखते हुए सुरक्षात्मक तरीके से भारी संख्या में पुलिस बल जिले भर में तैनात की थी ताकि फिर आक्रोश में कोई अप्रिय घटना न हो सके लेकिन पुलिस बल की तैनाती से जहां लोग सुरक्षित महसूस करते रहे वहीं ग्रामीण दहशत में रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here