
उमरिया – वैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि से जानकी नवमी प्रारंभ हो गई है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शहर के वार्ड क्रमांक 14 कैम्प मोहल्ला स्थित खेर माता मढ़िया में जवारा कलश स्थापित किए गए हैं। मढ़िया के पण्डा रवि पेंटर ने बताया कि विगत 22 अप्रैल से खेर माता मढ़िया में जवारा कलशो की स्थापना की गई है।

सुबह से ही खेर माता के दर्शन करने श्रद्धालु काफी संख्या में आते है और पूजा अर्चना कर अपनी मनोकामना को पूर्ण करने माता से प्रार्थना करते है। उन्होंने बताया कि जहाँ माता जी की सुबह – शाम आराधना होती है वही सायंकाल आरती के बाद प्रतिदिन श्रद्धालुओं द्वारा भक्ति में लीन ढोल, मजीरों के साथ भगत का गायन किया जाता है जिसमें भक्तजन बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते है। पण्डा रवि ने बताया कि जानकी नवमी की अष्टमी तिथि पर माता रानी का श्रंगार के साथ विशेष पूजा – अर्चना करने के बाद मिष्टान, फल ,अठवाइन का भोग लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को जानकी नवमी तिथि पर जवारा कलशों का विसर्जन किया जायेगा जो मढ़िया स्थल से माँ काली नृत्य के साथ जवारा कलशों का जुलूस निकाला जाएगा जो शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए ज्वालामुखी मन्दिर पहुचेगा। मन्दिर में पूजा अर्चना के बाद ज्वालामुखी नदी में जवारा कलश विसर्जन किया जायेगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से उक्त धार्मिक कार्यक्रमो में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है।







