Home लापरवाही डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत परिजनों ने देर रात तक...

डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत परिजनों ने देर रात तक किया हंगामा

170
0

बीएमओ की लापरवाही के चलते महिला की मौत, गुस्साए परिजनों ने देर रात तक किया हंगामा, बीएमओ पर कार्रवाई करने और हटाये जाने की मांग।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर की घटना

Umaria – जिले का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर सदैव सुर्खियों में रहता है, कभी डॉक्टरों की लापरवाही तो कभी बीएमओ नदारद। ऐसा ही एक मामला 25 नवम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में आया।

डॉक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत

जहां बुखार से पीड़ित ग्राम कछौन्हा निवासी इन्द्र पाल पटेल अपनी पत्नी हेमा पटेल उम्र 30 वर्ष को लेकर आया। डियूटी डॉक्टर हेमा पटेल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में भर्ती करने को कहे और इन्द्र पाल पटेल अपनी पत्नी हेमा पटेल को अस्पताल में भर्ती कर दिया, उसके बाद डॉक्टर भूल गए कि कोई मरीज भर्ती है। रात भर बुखार में तपती हुई हेमा पटेल चिल्लाती रही, पति इन्द्र पाल डॉक्टरों के पास गुहार लगाता रहा लेकिन किसी ने नही सुना, 26 तारीख अर्थात कल दोपहर में जब डॉक्टर देखने आए तो हेमा पटेल की हालत देख कर डॉक्टर के पैरों तले जमीन खिसक गई, आनन फानन में मरीज को जिला अस्पताल उमरिया के लिए रिफर कर दिये। रिफर करने के 3 घण्टे बाद तक जिला अस्पताल लाने का कोई साधन नही मिला और न ही 108 एम्बुलेंस का पता रहा तब तक हेमा की मौत हो गई और डॉक्टर उसके परिजनों को दिलासा देते रहे। जब शरीर मे कोई हलचल नही दिखी तो परिजनों को शक हुआ कि जीवित भी है या नही तब डॉक्टर ने बताया कि “शी इज नो मोर” इतना सुन कर हेमा का पति अपने घर वालों और रिश्तेदारों को सूचना दिया।

परिजनों ने शव रख कर किया हंगामा

तब तक रात हो गई और सभी लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर पहुंच कर हंगामा शुरू कर दिए और शव को रख कर वहीं धरने पर बैठ गए और जांच की मांग कर बीएमओ डॉक्टर निशान्त सिंह परिहार को निलंबित करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करने लगे।

देर रात तक बनी रही गहमा गहमी

इस घटना की खबर लगते ही मानपुर के समाजसेवी, नेता एवं अन्य लोग भी एकत्रित हो गए, उधर मानपुर एसडीएम कमलेश राम नीरज एवं मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्शकोले भी अपने स्टाफ के साथ पहुंच गए। देर रात तक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर में गहमा गहमी मची रही।

एसडीएम और थाना प्रभारी ने सम्हाला मोर्चा

मानपुर थाना प्रभारी एवं एडीएम की समझाइश पर परिजन शव ले जाने को तैयार हुए वहीं जिले के कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन को भी सूचना दी गई जिस पर वो कार्रवाई करने की बात किये। तब मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्शकोले वाहन की व्यवस्था कर महिला के शव को उसके गृह ग्राम कछौन्हा भेजवाये।

कांग्रेस नेत्री ने दिया अल्टीमेटम

वहीं प्रदेश यूथ कांग्रेस की महासचिव एवं जनपद सदस्य रोशनी सिंह ने बताया कि यदि 4 दिन के भीतर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर की व्यवस्था नही सुधरती और बीएमओ डॉक्टर निशान्त सिंह पर कार्रवाई नही होती तो क्षेत्र की जनता धरना, प्रदर्शन और आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएगी।

थाना प्रभारी ने बताया

वहीं मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्शकोले ने बताया कि देर रात तक भारी संख्या में लोग आक्रोशित रहे और अस्पताल परिसर में ही धरने पर बैठे रहे लोगों को समझाइश देने में काफी मशक्कत हुई, उसके बाद वाहन व्यवस्था करके शव एवं परिजनों को उनके गांव भेजवाया गया साथ ही गांव में भी पुलिस बल भेजा गया, अभी महिला का अंतिम संस्कार हुआ है, उसके बाद बल वापस बुलाया गया है। सभी की एक ही मांग रही कि बीएमओ डॉक्टर निशान्त सिंह साहब के ऊपर सख्त दंडात्मक कार्रवाई हो और उनको निलंबित किया जाय साथ ही अस्पताल की व्यवस्था सुधारी जाय ताकि किसी और क साथ ऐसा न होने पाए।

कलेक्टर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

इस मामले में जिले के कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन का कहना है कि, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में लापरवाही के चलते मौत की सूचना मिली है जो दुर्भाग्य पूर्ण है, जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

मानपुर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की स्थिति

गौरतलब है कि मानपुर विधानसभा क्षेत्र में जितने भी स्वास्थ्य केन्द्र या उप स्वास्थ्य केन्द्र हैं सभी की व्यवस्था एकदम लचर है चाहे वह मानपुर, पाली, घुनघुटी, चौरी, इंदवार, अमरपुर, धमोखर जहां भी हो हर जगह एक जैसी व्यवस्था है, ग्रामीणों को लाभ नही मिल पाता, जिन चिकित्सको की डियूटी ग्रामीण क्षेत्र लगाई जाती है वो सीएमएचओ कार्यालय से अपनी व्यवस्था बना कर जिला अस्पताल में अपनी डियूटी लगवा लेते हैं और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को भी चिकित्सा व्यवस्था की तरफ देखने का समय नही रहता है जिसके चलते जिले में अव्यवस्था का आलम रहता है।

डॉक्टर की लापरवाही से महिला की मौत परिजनों ने देर रात तक किया हंगामा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here