
आज फिर सुबह बाघिन ने एक महिला को घायल कर दिया है, सुबह महुआ बीनने गांव के कुछ दूर पर गई थी तभी बाघ के हमला कर दिया।
क्या हुई घटना

Umaria – जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र के बफर जोन अंतर्गत धमोखर रेंज क्षेत्र में ग्राम सेमरिया से सटे छिरहा हार में सुबह ग्रामीण महुआ बीनने गए तभी बाघिन ने महिला पर हमला कर दिया, महिला के चिल्लाने की आवाज सुन कर ग्रामीण हल्ला मचाने लगे तब बाघिन महिला को छोड़ कर भागी, इस हमले में महिला गम्भीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीण और महिला के पति ने आनन फानन में ऑटो की मदद से घायल को जिला अस्पताल लाकर भर्ती करवाया एयर वन विभाग को सूचना दिया, जिस पर वन विभाग की टीम जिला अस्पताल पहुंच कर महिला के परिजन को तात्कालिक सहायता राशि दी है।
धमोखर रेंजर ने बताया

वहीं धमोखर रेंजर विजय शंकर श्रीवास्तव ने बताया कि सेमरिया ग्राम की 38 वर्षीया महिला रीना बैगा पति मनोज बैगा छिरहा हार में महुआ बीनने गई थी तभी बाघिन ने हमला कर दिया है, जैसे ही हमको सूचना मिली हम तत्काल जिला अस्पताल पहुंच कर तात्कालिक सहायता राशि दिये हैं और जो भी इलाज में खर्च आएगा वह नियमानुसार बिल प्रस्तुत करने पर दिया जाएगा वहीं उस क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है, अभी कल एक बच्चे को उसी क्षेत्र के पास बाघिन ने मार दिया था, अभी हाथी भी बुलवाए गये हैं, ताकि बाघिन को उस क्षेत्र से हटाया जा सके।
क्या है बाघों की स्थिति

गौरतलब है कि इन दिनों बाघिन का रवैया आक्रामक होने से महुआ बीनने वालों की शामत आई हुई है, जबकि ग्रामीणों, किसानों और आदिवासियों का प्रिय खाद्य महुआ फूल होता है जिसको बीन और सुखवा कर साल भर के गुजारे के लिए रखते हैं और इसको बड़े चाव से खाते हैं, वहीं दूसरी तरफ बाघ भी गांवों के नजदीक पहुंच कर इंसानो पर लगातार हमला कर रहे हैं ऐसे में पार्क प्रबंधन को चाहिए कि आवासीय इलाकों के आसपास लगातार हाथियों से गश्त करवाते रहे ताकि ग्रामीणों को अपना प्रिय खाद्य महुआ फूल बीनने में दिक्कत न हो।
बाघिन के हमले से महुआ बीनने गई महिला गम्भीर घायल







