
मन लगा कर किया जाने वाला हर प्रयास सार्थक होता है, उसी को साकार किया जिले के लाल ने, संघ लोक सेवा द्वारा आयोजित एनडीए की परीक्षा मे प्रथम प्रयास मे ही हुआ चयन वायु सेना मे देंगे सेवायें
जिले का नाम किया रोशन

Umaria – “कौन कहता है आसमाँ में सुराख नही होगा, एक पत्थर तो दिल से उछालो यारो” इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया उमरिया जिले के मानपुर निवासी लाल अभिनव पाण्डेय ने, जो पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा द्वारा आयोजित परीक्षा मे एनडीए में चयन हुआ, ये देश की वायुसेना में शामिल होकर देश सेवा करेंगे।
कड़ी मेहनत और लगन का फल

अनुशासन, कड़े परिश्रम और सही मार्गदर्शन से किसी भी सपने को साकार किया जा सकता है। वायुसेना में अफसर बनकर देश की सेवा करने का सपना मानपुर के रहने वाले अभिनव पाण्डेय ने संघ लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित एनडीए की परीक्षा पास करके साकार किया है।
पिता ए एस आई और माता व्याख्याता

मानपुर निवासी अभिनव पाण्डेय के एनडीए में चयनित होने पर शहरवासियों में उत्साह का माहौल है। अभिनव शहडोल सम्भागीय मुख्यालय के कोतवाली थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक रामराज पाण्डेय और सीएम राइज स्कूल में हिंदी की व्याख्याता स्मिता पाण्डेय के सुपुत्र हैं।
अपनी उपलब्धियों की दिया जानकारी

अभिनव ने अपनी उपलब्धि के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्ष 01 सितम्बर को आयोजित एनडीए की परीक्षा में उनका चयन वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर के पद पर हुआ है। अभिनव की प्रारंभिक शिक्षा पाली स्थित सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम स्कूल से हुई है। उन्होंने अपनी उच्चतर माध्यमिक शिक्षा राजस्थान के कोटा स्थित अकलंक पब्लिक स्कूल से हासिल की है।
पुलिस और सेना से है परिवार का अटूट नाता

अभिनव की पारिवारिक प्रष्ठभूमि देखी जाय तो इनके दादा छत्रपाल पाण्डेय पुलिस विभाग में निवर्तमान सहायक उपनिरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। दादी सुशीला पाण्डेय ने भी अभिनव की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। दादा छत्रपाल पाण्डेय ने खुशी साझा करते हुए कहा कि हमारे परिवार से कई लोगों ने भारतीय सेना और पैरामिलिट्री फोर्सेस में शामिल होकर देश की सीमाओं की रक्षा की है। लेकिन यह पहली बार है जब हमारे परिवार से हमारे पोते का चयन वायुसेना में सीधे अफसर के पद पर हुआ है।
भारतीय वायु सेना में बनेंगे आफिसर

अभिनव का चयन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खडकवासला के लिए हुआ है। वहां वे तीन साल के कड़े प्रशिक्षण के बाद फाइटर प्लेन उड़ाने की ट्रेनिंग हेतु इंडियन एयर फोर्स अकादमी हैदराबाद जाएंगे, उसके बाद भारतीय वायुसेना में बतौर फ्लाईंग ऑफिसर अपनी सेवाएं देंगे।
एस पी शहडोल ने किया सम्मानित

शहडोल पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव ने अभिनव की उपलब्धि पर उन्हें अपने कार्यालय में बुला कर सम्मानित किया और अपनी शुभकामनाएं दी हैं। अभिनव की इस उपलब्धि पर चाचा डॉ अनिल कुमार पाण्डेय, चाची डॉ पूजा पाण्डेय, बहन जया पाण्डेय और छोटे भाई शौर्यमन पाण्डेय सहित रिश्तेदार और मित्रों ने उन्हें अपनी बधाईयां प्रेषित की हैं।
जिले के लाल ने किया कमाल पहले ही प्रयास मे एनडीए मे हुआ चयनित







