
60 बोरी तेंदू पत्ता लोड पिकअप में अचानक लगी आग, पिकअप सहित तेंदू पत्ता जल कर खाक, लाखों का नुकसान, मुआवजे को लेकर उठे सवाल
*पिकअप जल कर खाक*

Umaria – जिले के मानपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत बल्हौड़ समिति परासी ‘अ’ से तेंदूपत्ता लोड कर निकली एक पिकअप वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। घटना में वाहन सहित लगभग 60 बोरी तेंदूपत्ता जलकर पूरी तरह राख हो गया। पिकअप वाहन क्रमांक एम पी 18 जी ए 5243 में तेंदूपत्ता लोड कर मुख्य सड़क की ओर ले जाया जा रहा था। वाहन प्रतिक्षालय एवं स्वागत गेट से लगभग 150 मीटर पहले मोड़ के पास पहुंचा ही था कि अचानक धुआं उठने लगा, चालक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पिकअप धू-धू कर जलने लगी। आग इतनी भयावह थी कि वाहन में रखे सभी जरूरी दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक एवं वाहन मालिक विजय कुमार पटेल निवासी नगनौड़ी तहसील जयसिंह नगर जिला शहडोल, समय रहते वाहन से बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए।
*प्रयास के बाद भी नहीं बुझ पाई आग*

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते पूरा वाहन जल कर खाक हो गया। इस घटना को लेकर कई बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं कि समिति से तेंदूपत्ता लोड कर वाहन भेजा गया था, तो सुरक्षा एवं जवाबदेही किसकी बनती है ?
*मानपुर थाना प्रभारी ने बताया*

मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले ने बताया कि थाने में तेंदू पत्ता लोड पिकअप जलने की सूचना प्राप्त हुई है, मामले की जांच की जा रही है कि किन कारणों से आग लगी है, जांच के बाद जैसा भी सामने आयेगा, वैसी कार्रवाई की जाएगी l
*धू धू कर जली पिकअप 60 बोरी तेंदूपत्ता सहित वाहन जलकर खाक*






