Home किसान परेशान किसानों की किस्मत में एनसीसीएफ का ग्रहण रोने को मजबूर किसान

किसानों की किस्मत में एनसीसीएफ का ग्रहण रोने को मजबूर किसान

133
0

एनसीसीएफ और सहकारिता के चक्कर मे फंसा किसान, खेतों में खाद नही डाल पा रहा और नही कर पा रहा बच्चों की शादी, कुम्भ स्नान से भी चूके

किसकी कमी और कितना भुगतान बकाया

Umaria – जिले में एनसीसीएफ द्वारा उपार्जन की धान खरीदने के बाद आज तक किसान पैसा नही पा रहे हैं, किसानों के खेत मे बोई गई गेंहू की फसल में खाद नही पड़ रहा है, वहीं खेती के वास्ते लिये गए कर्ज भी ओवरडयू हो गए, अब उनसे बैंक ब्याज भी मांग रहा है। प्रभारी एआरसीएस द्वारा कोई पहल न करना और एनसीसीएफ द्वारा किसानों का पैसा न देना अब किसानों के लिए सिर दर्द बन गया। यदि देखा जाय तो सहकारिता विभाग और एनसीसीएफ कम्पनी की जबाबदारी है कि किसानों के खाते में उनके द्वारा बेची गई धान की रकम भेजी जाय लेकिन एनसीसीएफ, गो ग्रीन संस्था की तर्ज पर जिले के किसानों का 122 करोड़ 35 लाख रुपये दबाये बैठी है। जिले के 21865 किसानों द्वारा कुल 1 करोड़ 29 लाख 82 हजार 830 क्विंटल 72 किलो धान समितियों के माध्यम से बेचा गया है, जिसकी कुल रकम 298 करोड़ 60 लाख 52 हजार 551 रुपये होती है जिसमे से अभी तक मात्र 176 करोड़ 25 लाख रुपये किसानों के खाते में अंतरित किये गए हैं और 8600 किसानों का 122 करोड़ 35 रुपये बकाया है।

क्या कर रहे हैं एआरसीएस और एनसीसीएफ

अब इसमें सबसे बड़ी जबाबदारी सहकारिता विभाग के एआरसीएस की है कि किसानों के द्वारा बेचे गए धान के पैसों का भुगतान एनसीसीएफ से करवाये लेकिन वो अपने फीलगुड में लगे हैं और खाद्य विभाग लगातार एनसीसीएफ और फ़ूड कमिश्नर को पत्र लिख रहा है लेकिन खाद्य विभाग के पत्र को एनसीसीएफ कचरे के डब्बे में डाल कर अपनी मनमानी करने में व्यस्त है।

क्या कह रहे हैं किसान

ग्राम ओबरा के किसान पद्मलोचन शुक्ला, छदामी कोल ने बताया कि हमारे द्वारा समितियों के माध्यम से बेची गई धान की रकम आज दिनांक तक नही मिली है, हमको खाद खरीद कर गेंहू में डालना है और बैंक से धान के सीजन में कर्ज लिए थे उसकी क़िस्त देना है वहीं कहे कि 144 वर्ष बाद संयोग से महाकुंभ पड़ा है तो हम भी गंगा स्नान करेंगे लेकिन यहां तो अब ब्याज भी लगने लगा है, अब हमको सरकार ब्याज सहित पैसा दिलवाए। वहीं ग्राम रोझिन निवासी अब्दुल शहीद खान ने बताया कि हमने 181 में भी शिकायत किया है लेकिन कोई हल नही हुआ, हमको गेंहू में खाद डालना है, कर्ज पटाना है और कुछ पैसा बचता तो हज करने जाने का भी विचार रहा लेकिन अब तो स्थिति बुरी हो गई है, जिले के अधिकारी भी कान में तेल डाल कर बैठे हैं। अब सरकार हमारा ब्याज माफ करवाये और जल्द पैसा दिलवाये। वहीं ढेरों किसान अपने बच्चियों और बच्चों की शादी तय करके बैठे हैं लेकिन पैसे न होने से शादी नही कर पा रहे हैं।

क्या बोले प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी

इस विषय मे प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी अम्बिकेश प्रताप सिंह ने बताया कि मेरे द्वारा लगातार खाद्य आयुक्त महोदय एवं एनसीसीएफ के हेड आफिस से पत्र व्यवहार किया जा रहा है अभी 8600 किसानों का 122 करोड़ 35 लाख रुपये का भुगतान शेष है।

किसानों की कलेक्टर से क्या है उम्मीद

गौरतलब है कि जिला आपूर्ति अधिकारी का प्रभार बदलने के बाद वर्तमान जिला आपूर्ति अधिकारी के द्वारा पत्राचार करने से किसानों की समस्या कब तक हल होगी यह देखना होगा। वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एनसीसीएफ को किसानों की रकम का भुगतान अपने पास से करना है और उसके बाद जब बिल सरकार के पास लगाएंगे तो उनको भुगतान मिलेगा, इस प्रक्रिया के चलते ऐसा लगता है कि एनसीसीएफ अपने पास से किसानों का भुगतान नही कर पा रही है और जब पिछले भुगतान का बिल सरकार के पास लगती है तो उसको पेमेन्ट मिलता है और उसी रकम की रोलिंग बना कर थोड़ी – थोड़ी रकम किसानों को दे रही है वहीं अभी समितियों को भी जिले में 19 करोड़ 47 लाख 42 हजार 500 रुपये प्रासंगिक व्यय नही मिला है जिसके चलते सहकारी समितियों की भी आर्थिक स्थिति गड़बड़ा रही है और एआरसीएस अपने फीलगुड की तरफ ध्यान दे रहे हैं। ऐसे में किसानों ने जिले के कलेक्टर से उम्मीद जताई है कि हमारे हित में ऐसे प्रभारी एआरसीएस पर कार्रवाई करते हुए आरसीएस भोपाल को भी इनके कार्य कलापों से अवगत कराते हुए जांच करवा कर कार्रवाई की जाय ताकि जिले के सहकारिता विभाग से भ्रष्टाचार का सफाया हो सके और किसानों एवं समितियों को राहत मिल सके।

किसानों की किस्मत में एनसीसीएफ का ग्रहण रोने को मजबूर किसान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here