
8600 किसानों के धान का भुगतान न होने पर किसान अब आत्महत्या को मजबूर हो रहे हैं, जिनकी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
कांग्रेस ने क्यों सौंपा ज्ञापन

Umaria – जिले में 2 दिसम्बर से उपार्जन के धान की खरीदी होने के बाद 23 जनवरी को खरीदी समाप्ती से लेकर अभी तक 8600 किसानों का 122 करोड़ 35 लाख रुपये का भुगतान लंबित होने के कारण जिले के किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने को अब मजबूर हो रहे हैं, जिसको लेकर जिला कांग्रेस सामने आई और प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन जिले के कलेक्टर को सौंपा।
क्या बोले कांग्रेस जिलाध्यक्ष

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय सिंह ने बताया कि उमरिया में जो उपार्जन के धान की खरीदी एनसीसीएफ के द्वारा की गई उसका आज तक भुगतान नही हुआ जबकि गोदामीकरण के 3 दिन के भीतर भुगतान होना चाहिए लेकिन आज तक किसान परेशान हैं, डेढ़ माह से ऊपर हो गया एनसीसीएफ ने भुगतान नही किया, जिसके पीछे किसान अब डिफाल्टर हो रहा है किसान खाद जैसी सामग्री नहीं ले सके और भी बहुत सी परेशानियां है, जिसको लेकर आज कांग्रेस ने माननीय मुख्यमंत्री जी के नाम का ज्ञापन कलेक्टर को सौंप कर मांग किया है कि तत्काल किसानों का लंबित भुगतान करवाया जाय, किसान अपने बच्चों की शादी नहीं कर पा रहे हैं शादी विवाह का समय चल रहा है किसान डिफाल्टर हो रहा है बैंकों से नोटिस मिल रही है राजस्व कुर्की के आदेश जारी कर रहा है, बच्चों की पढ़ाई के लिए फीस भी नहीं दे पा रहे हैं, धन आने से ही हर कुछ होना था और इसके लिए हम मांग करते हैं कि उमरिया जिले के 8600 किसानों का 122 करोड़ 35 लाख रुपए का भुगतान तत्काल करवाया जाए।
क्या बोले किसान कन्हैया लाल

वहीं ग्राम तेंदुहा के किसान कन्हैया लाल राय ने बताया कि हम धान बेचे थे, धान बेच हुए दो माह हो रहा है तो हम धान के पैसे का पता करने के लिए आए हुए हैं, वही अपनी जेब से दवा निकालते हुए दिखाएं बोले कि हमारी सबसे बड़ी परेशानी तो यह है कि हम इस दवा के भरोसे जिंदा है और पैसा ना होने के कारण दवा नहीं ले पा रहे हैं, 24 तारीख को गृह प्रवेश है उसकी भी सामग्री लेने के लिए पैसा हमारे पास नहीं है साहूकारों से ब्याज पर पैसा ले रहे हैं यूरिया खरीदने के लिए भी पैसा नहीं है ट्रैक्टर भी किस्त पर लिए हुए हैं तो एजेंसी वाले आकर किस्त ना जमा करने के कारण ट्रैक्टर खींचने की बात करते हैं बिजली वाले आते हैं तो बिजली का कनेक्शन काट देते हैं घरों का और बिजली पंप का कनेक्शन काट देते हैं हमारी यही परेशानियां है अब हम क्या करें हम चार बार शिकायत कर चुके मगर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है हम एजेंसी के पास भी जाते हैं तो वह लोग आजकल और एक-दो दिन की बात करते हैं आज फिर कलेक्टर साहब के पास लिखित में शिकायत करने के लिए आए हुए हैं।
आत्महत्या को मजबूर किसान ने क्या कहा

अब दूसरे किसान राज किशोर कुशवाहा जो जिले के आखिरी छोर कोयलरी ताला से आये हैं, वो बताये कि धान बेचे हैं पैसा नहीं मिल रहा है बहुत बड़ी परेशानी है 10 जनवरी को ट्रैक्टर की किस्त जमा करना था मगर किस्त जमा नहीं कर पाए तो साहूकार से ब्याज पर पैसा लेकर के किस्त जमा किए हैं, बिजली का बिल जमा करना है गेहूं में खाद डालना है खाद नहीं डाल पा रहे हैं हम लोगों की स्थिति पैसा ना आने के कारण बहुत खराब है आज कलेक्टर साहब को ज्ञापन दिए हैं और वह आश्वासन दिए कि हो जाएगा हम दो-तीन बार एनसीसीएफ कार्यालय गए वहां भी बात करते हैं तो कहते हैं बस चार दिन रुक जाओ 10 दिन रुक जाओ करके इस ढंग से बात करते हैं पैसा नहीं मिलने के कारण अब हम लोग भूखे मरने की स्थिति में आ गए हैं और अब लगता है कि आत्महत्या करना पड़ेगा हम लोगों को क्योंकि हम जिससे पैसा लिये हैं वह हमसे पैसा मांग रहा है हम धान बेच चुके हैं हमको पैसा नहीं मिल रहा है।
क्या कहे अपर कलेक्टर

वहीं इस मामले में एडीएम शिव गोविंद मरकाम ने बताया कि आज जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सिंह जी ने एक ज्ञापन दिया है जिसमें लेख किया गया है कि अभी तक धान खरीदी का पैसा नहीं दिया गया है तो ज्ञापन प्राप्त करके हमने ले लिया है और कलेक्टर साहब को दे दिया है जैसे ही शासन को भेजा जाएगा वहां से जो निराकरण होगा इनका पैसा दे दिया जाएगा।
सरकार से उम्मीद

गौरतलब है कि जिला प्रशासन भी किसानों के द्वारा बेची गई धान के भुगतान के बारे में कोई सार्थक पहल नही कर पा रहा है जिसके कारण किसान परेशान हैं। ऐसे में आवश्यकता है कि एनसीसीएफ जैसी कंपनियों को ब्लैक लिस्टेड कर किसानों का भुगतान करवाया जाय ताकि किसानों को आत्महत्या जैसे कदम उठाने पर मजबूर न होना पड़े।
आत्महत्या के लिए मजबूर किसानों की तरफ से कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन







