Home किसान परेशान मुख्यमंत्री जी हम किसानों का पैसा दिलवा दीजिये बिटिया की शादी करनी...

मुख्यमंत्री जी हम किसानों का पैसा दिलवा दीजिये बिटिया की शादी करनी है

184
0

सहकारिता और एनसीसीएफ के चक्कर मे खून के आंसू रो रहा किसान, दिसंबर में धान बेचने के बाद अभी तक नही मिला पैसा, कैसे करें बच्चों की शादी

किसानों के कितने करोड़ का भुगतान लम्बित

Umaria – जिले में नियम विरुद्ध पदस्थ प्रभारी एआरसीएस और एनसीसीएफ की मिलीभगत से किसानों को उपार्जन का धान बेचने के बाद अभी तक पैसा नही मिला है। किसान खून के आंसू रोने को मजबूर हैं। जबकि सहकारिता विभाग और एनसीसीएफ कम्पनी की जबाबदारी है कि किसानों के खाते में उनके द्वारा बेची गई धान की रकम भेजी जाय लेकिन एनसीसीएफ, गो ग्रीन संस्था की तर्ज पर जिले के किसानों का 181 करोड़ रुपये दबाये बैठी है। जिले के 21865 किसानों द्वारा कुल 1 करोड़ 29 लाख 82 हजार 830 क्विंटल 72 किलो धान समितियों के माध्यम से बेचा गया है, जिसकी कुल रकम 298 करोड़ 60 लाख 52 हजार 551 रुपये होती है जिसमे से अभी तक मात्र 117 करोड़ 60 लाख रुपये किसानों के खाते में अंतरित किये गए हैं और 181 करोड़ रुपये बकाया है।

क्या करते हैं प्रभारी एआरसीएस

अब इसमें सबसे बड़ी जबाबदारी सहकारिता विभाग के एआरसीएस की है कि किसानों के द्वारा बेचे गए धान के पैसों का भुगतान एनसीसीएफ से करवाएं लेकिन प्रभारी एआरसीएस अभय सिंह अपनी टोपी खाद्य विभाग के सर मढ़ कर किनारा काट लेते हैं और खुद फर्जी काम, शासन के नियम विरुद्ध आदेश जारी करते रहते हैं। जैसे कनिष्ठ विक्रेता को समिति के प्रबंधक का प्रभार देना, आये दिन समितियों के प्रशासक बदलना, आपत्रों को उपकृत कर समिति का प्रबंधक नियुक्त करना, जिले के कलेक्टर एवं संभाग के कमिश्नर द्वारा जारी किए गए आदेशों को हवा में उड़ा देना, जैसे जिले के कलेक्टर और कमिश्नर ने 1 जुलाई 2024 को टी एल की बैठक में निर्देश दिए थे कि 14 डिफॉल्टर विक्रेताओं से जुर्माना और गबन की राशि वसूल कर उनकी सेवा समाप्त करें लेकिन प्रभारी एआरसीएस अभय सिंह उनको उवकृत कर समिति का प्रबंधक बना दिये। इतना ही नही सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रभारी एआरसीएस अपने विभाग से सम्बंधित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को खाद्य एवं बैंक की तरफ स्थानांतरित कर पल्ला झाड़ लेते हैं।

क्या कहते हैं किसान

ग्राम बरही के किसान मनोज साहू के अलावा सैकड़ों किसानों ने बताया कि हमारे द्वारा समितियों के माध्यम से बेची गई धान की रकम आज दिनांक तक नही मिली है, हमको अपने बिटिया और बेटों की शादी करनी है, खाद खरीद कर गेंहू में डालना है, हमसे क्या गलती हो गई कि हम लोग भाजपा को वोट देकर सरकार बनाने में सहयोग किये हैं और उसका परिणाम हमको अब मिल रहा है कि हम एक – एक पैसे के लिए तरस रहे हैं, इससे तो अच्छा होता कि हम कुछ कम रेट में व्यापारियों को अपनी धान बेच देते तो आज अपने बच्चों की शादी तो कर लेते, हमारी बात न तो मुख्यमंत्री और न ही सहकारिता मंत्री ही सुन रहे हैं।

प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया

इस विषय मे प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी अम्बिकेश प्रताप सिंह ने बताया कि मेरे द्वारा लगातार खाद्य आयुक्त महोदय एवं एनसीसीएफ के हेड आफिस से पत्र व्यवहार किया जा रहा है किसानों का 181 करोड़ रुपये करीब भुगतान शेष है, उम्मीद है एक – दो दिन में कुछ भुगतान होगा।

क्या कहे आरसीएस

हालांकि प्रभारी एआरसीएस अभय सिंह के इस मनमानी रवैये को लेकर जब आरसीएस भोपाल मनोज पुष्प से बात की गई तो उन्होंने कहा कि कार्रवाई की जा रही है जल्द ही इनको हटाया जा रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा

वहीं इस मामले में जब जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान से बात किया गया था तो उनका कहना रहा कि मैं जांच करवा लेता हूँ और उसके बाद कार्रवाई करूंगा।

जिले के कलेक्टर से किसानों की अपेक्षा

गौरतलब है कि जिला आपूर्ति अधिकारी का प्रभार बदलने के बाद वर्तमान जिला आपूर्ति अधिकारी के द्वारा पत्राचार करने से किसानों की समस्या कब तक हल होगी यह देखना होगा तो वहीं किसानों ने जिले के कलेक्टर से उम्मीद जताई है कि हमारे हित में ऐसे प्रभारी एआरसीएस पर कार्रवाई करते हुए आरसीएस भोपाल को भी इनके कार्य कलापों से अवगत कराते हुए जांच करवा कर कार्रवाई की जाय ताकि जिले के सहकारिता विभाग से भ्रष्टाचार का सफाया हो सके और हम किसानों को राहत मिल सके।

मुख्यमंत्री जी हम किसानों का पैसा दिलवा दीजिये बिटिया की शादी करनी है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here