
गरीबो की जमापूंजी पर कियोस्क संचालक ने कर दी हेराफेरी, आरडी और जमा, निकासी के नाम पर हड़पे लाखों रुपये, अब खाताधारकों को दे रहे धमकी
45 लाख के घोटाले को समझौते के नाम पर करा दी 10 रुपये के स्टाम्प में लिखापढ़ी
मानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिजौरी स्थित कियोस्क बैंक संचालक का कारनामा
अभी आपने जिले के भ्रष्टाचार की पहली किस्त पढ़ा है, अब आपके लिए दूसरी किस्त लेकर आये हैं। वैसे तो पूरे प्रदेश में हर क्षेत्र में भारी भ्रष्टाचार है लेकिन उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा क्षेत्र के तो कुछ कहने ही नही हैं। यह विधानसभा क्षेत्र प्रदेश में अपना अलग स्थान रखता है। चाहे नाम हो या बदनाम हो, दोनो में किसी से पीछे नही है। अब आप कहेंगे कि नाम मे कैसे तो इस विधानसभा क्षेत्र में विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व और संजय गांधी थर्मल पावर प्लांट है, और इसी विधानसभा क्षेत्र की विधायक प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी हैं, तो है न प्रदेश में खास। अब रही बात बदनाम की तो दुनिया में जितने तरीके के भ्रष्टाचार होते हैं, वो सभी इसी विधानसभा क्षेत्र में मिलेंगे। जैसे यहां की विधायक और प्रदेश सरकार की मंत्री के ऊपर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने 100 करोड़ के घोटाले के साथ और भी कई तरह के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। वहीं बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व भी कुछ कम नही है, जितना बड़ा नाम है उतना बड़ा ही घोटाला है, यदि सुप्रीम कोर्ट की (सीईसी) सेंट्रल एनवायरमेंट कमेटी जांच करवा लें तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। वहीं अगर संजय गांधी ताप विद्युत परियोजना की जांच सीबीआई से करवा दी जाय वहां भी असलियत सामने आ जायेगी, कितने फर्जी ठेकेदार, कितने फर्जी बिल और कई तरह के करोड़ों के घोटाले सामने आ जाएंगे।

अब चलें भारतीय स्टेट बैंक की मानपुर शाखा की तरफ तो वहां पहले भी करोड़ो के घोटाले हो चुके हैं। वहां से फर्जी चेक, फर्जी खातों में आहरण हो चुके हैं, भले ही वास्तविक ओला पाला पीड़ितों को पैसा नही मिला लेकिन करोड़ो का घोटाला हो गया था। आज फिर एक मामला सामने आया है। मानपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिजौरी स्थित भारतीय स्टेट बैंक के कियोस्क सेंटर संचालक द्वारा गरीब और अनपढ़ खाता धारकों की जमापूंजी पर बड़े पैमाने पर हेराफेरी कर राशि हड़पने का मामला सामने आया है, जहां गरीबो की जमापूंजी को धोखाधड़ी करते हुए हड़पने का आरोप हैं। बताया जाता है कि ग्राम बिजौरी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कियोस्क बैंक के संचालक द्वारा अनपढ़ खाताधारकों के खाते से अब तक लगभग 45 लाख रुपए धोखाधड़ी करते हुए हड़प लिया गया है, वहीं मामला उजागर होते ही खाताधारकों पर समझौते के नाम पर अनैतिक दबाव बनाने का मामला भी क्षेत्र में सुर्खिया बटोर रहा है।
गांव के दबंग व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध
बताया जाता है कि ग्राम बिजौरी में एसबीआई कि कियोस्क बैंक के संचालक विकास द्विवेदी पिता लक्ष्मी प्रसाद द्विवेदी निवासी रामनगर जिला सतना हाल मुकाम मानपुर द्वारा अपने आपरेटर वह भी विकास द्विवेदी पिता सभापति द्विवेदी निवासी सोहावल जिला सतना के माध्यम से पूरे बिजौरी गांव सहित क्षेत्र के लोगों को चूना लगा डाला इतना ही नहीं भोले भाले गांव के लोगों का करीब 45 लाख रुपए जालसाजी कर हड़पने के बाद आपरेटर को मौके से भगा भी दिया गया और आपराधिक षड़यंत्र कर पूरा आरोप आपरेटर के सिर मढ़ते हुए गांव के सरपंच पति का सहारा लिया और सभी को धीरे धीरे पैसा वापस करने को कहते हुए करीब एक साल ऐसे ही गुजार दिया। इसी बीच अपनी खून पसीने की मेहनतकश कमाई की जमापूंजी वापस न मिलता देख कुछ ग्रामीणों ने बैंक संचालक के साथ उक्त सरपंच पति का भी विरोध करना शुरु कर दिया। जिस पर कियोस्क संचालक ने एक और दांव पेंच खेला और कुछ लोगो को बतौर गारंटी चार महीने पहले की तारीख डालकर अनवैलिड चेक दे दिया और बैंक में चेक न लगाने की बात खुद तो कहा ही साथ मे दबंग सरपंच पति से भी कहलवा दिया, उक्त चेक को ग्रामीण आज भी अपने पास ही रखे हुए हैं वहीं समझौते के नाम पर दस रुपए के स्टांप पेपर में लिखा पढ़ी कर सात माह बाद किस्त में पैसे देने की बात कह डाली। इतना ही नही उक्त लिखा पढ़ी वाले स्टांप को सरपंच पति सुरेश सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने अपने पास रख लिये तथा फोटो कापी उन चंद लोगों थमा दिया गया जिन लोगों ने विरोध करना शुरु किया था। इसके अलावा साथ साथ यह शर्त भी रख दी कि उक्त लिखापढ़ी वाले कागज को न तो किसी को दिखाओगे और न ही किसी के सामने चर्चा करोगे ,और न ही फोटो खींचने दोगे, नही तो तुम लोगों का पैसा वापस नहीं किया जाएगा। अब सीधे साधे ग्रामीण अपना लाखों रुपए खो कर उक्त फोटो कापी वाले कागज को रख कर अपनी जमापूंजी को वापस पाने की उम्मीद में बैठे हैं।
खाताधारकों से ऐसे हड़पे रुपये

बताया गया कि एसबीआई कियोस्क बैंक बिजौरी के संचालक विकास द्विवेदी पिता लक्ष्मी द्विवेदी निवासी रामनगर जिला सतना हाल निवासी मानपुर जो अपने किसी डॉक्टर रिश्तेदार के यहां रहते हैं ने भोले भाले ग्रामीणों को ज्यादा ब्याज और आरडी के नाम पर दो साल में ही पैसे डबल होने का झांसा दिया गया जिस पर जमा किए गए पैसे को बताए गए अनुसार जमापर्ची सहित पास बुक में भी आरडी दो साल लिखकर दे दिया, बेचारे भोले भाले ग्रामीणों को क्या पता कि वो जो पैसा जमा कर रहे हैं वो उनके खाते में डालने की बजाये संचालक खुद हड़प रहा है। म्याद बीत जाने और अपनी जमा पूंजी जरूरत पड़ने पर जब निकालने के लिए अन्य सीएससी सेंटर में पंहुंचे तब उन्हें अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। अब बेचारे अपना पैसा पाने के लिए दर दर भटक रहे हैं वहीं के सरपंच पति मुन्ना सिंह और कियोस्क संचालक उन्हें चुप रहने और किसी से कुछ न बताने की धमकी दे रहे हैं। खाता धारकों की माने तो कियोस्क संचालक और सरपंच पति मुन्ना सिंह कहते है कि अगर रिपोर्ट करोगे तो पैसा नही मिलेगा, बल्कि उसी पैसे से केस लड़ लेंगे। अब तक मिली जानकारी के अनुसार करीब 100 से अधिक लोग इस धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं वहीं जांच की जाय तो उसमें धोखाधड़ी के शिकार हुए लोगो की संख्या बढ़ सकती है। इतना ही नही पीड़ित क्षेत्रीय विधायक के पास भी गुहार लगा चुके हैं और वहां से कहा जा चुका है कि देख लो शायद पैसा मिल जाय तो ठीक है नही तो थाने में रिपोर्ट कर देना।
भारतीय स्टेट बैंक मानपुर के अफसरों की भूमिका संदिग्ध
अपनी समस्या लेकर जब भोले भाले ग्रामीण मानपुर एसबीआई बैंक पहुंचे और अपने खाते की जानकारी लेनी चाही तो अफसरों ने उन्हें डांट फटकार लगाते हुए बैंक से भगा दिया, वहीं तत्काल मामले से कियोस्क संचालक को भी ग्रामीणों के आने की सूचना से अवगत करा दिया।

अब बड़ा सवाल ये है कि ग्राम बिजौरी के भोले भाले ग्रामीणों के साथ धोखाधड़ी कर हड़पे गए लाखों रुपए का मामला सामने आने के बाद क्या गरीबो को उनकी जमापूंजी मिल पाएगी और पुलिस व बैंक के जिम्मेदार अधिकारी कुछ कार्रवाई करेंगे या फिर यह मामला राजनीतिक दबाव में ऐसे ही दफन हो जाएगा।
जिले की पुलिस कप्तान एवं कलेक्टर से जनहितार्थ अपील है की संबंधित मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए साथ ही गरीबों के मेहनत की कमाई का 45 लाख हड़पने वाले किस्योस्क संचालक एवं उसके संरक्षक के ऊपर कानूनी कारवाई की जाए ताकि अन्य कियोस्क संचालक ऐसा कृत्य न कर सकें।
चलिए आज के लिए इतना ही, शेष अगली क़िस्त में जल्द मिलेंगे…..







