
विधानसभा चुनाव 2023 के लिये भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया, सभी ने अपने – अपने जीत का दावा किया वहीं गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी ने टिकट देकर अपने प्रत्याशी को जेल से चुनाव लड़ाने का एलान किया।
उमरिया जिले की दोनो विधानसभा से आज राम नवमी का दिन होने के कारण कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों ने अपना – अपना नामांकन दाखिल कर दिया तो वहीं गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी ने भी मानपुर 90 विधानसभा क्षेत्र से आज अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

बड़ी बात तो यह है कि गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी राधेश्याम ककोडिया हैं और वो जेल से चुनाव लड़ेंगे। बीते 26 सितम्बर को कैबिनेट मंत्री मीना सिंह द्वारा किये गए 100 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के जांच की मांग कर रहे थे उसी दौरान पुलिस से झड़प हो गई थी जिसमे पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया था और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पथराव कर दिया था जिसके चलते ककोडिया और कार्यकर्ता जेल में निरुद्ध हैं।

वहीं मानपुर विधानसभा क्षेत्र 90 से भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री मीना सिंह ने भी अपने 5 समर्थकों के साथ अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उसमें सबसे खास बात यह रही कि भाजपा जिलाध्यक्ष को बुलाया ही नही गया। जिससे लगता है कि अंदरूनी कलह बरकरार है, भले ही सामने लोग न बोलें।
वहीं भारी भ्रष्टाचार करने के बाद मीना सिंह ने फिर से जनता से अपेक्षा किया है कि फिर से दीदी को जनता आशीर्वाद दे और दीदी फिर से जीते वहीं, जनता के बीच किस मुद्दे को लेकर जाने की बात पर बोली कि चुनाव तो हमेशा से होते आ रहा है, 1952 से चुनाव हो रहा है। इतना विकास हो चुका है कि अब तो याद भी नही है, बस जनता की जो छोटी – छोटी मांग करेगी उसको पूरा करेंगे।
वहीं कांग्रेस पार्टी द्वारा घोषित जिले की दोनो विधानसभा बांधवगढ़ 89 और मानपुर 90 के प्रत्याशी अपने जिलाध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ पहुंच कर अपना नामांकन दाखिल किए और अपनी जीत का दावा किये।

बांधवगढ़ 89 विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री सिंह ने बताया कि भाजपा सरकार 18 वर्षों से है और आदिवासियों के हित की बात करती है लेकिन पूरे क्षेत्र में पानी, बिजली, सड़क सभी की कमी है। गांवों के ट्रांसफार्मर जले हुए हैं, इतनी दुर्दशा है कि लोगों को पीने तक का पानी नसीब नही हो रहा है। 18 वर्षों में भाजपा ने कोई विकास नही किया है। हमारे माननीय कमलनाथ जी का वचन पत्र है। महिलाओं को 15 सौ रुपये देने का वचन दिया है और वचनपत्र में जितनी बाते हैं सबको हम जनता तक पहुंचाएंगे और सभी पूरे होंगे।

वहीं मानपुर 90 विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी तिलक राज सिंह ने बताया कि हम जनता जनार्दन के आशीर्वाद से 25 हजार मतों से जीतेंगे और जब पूंछा गया कि 15 माह में कांग्रेस की सरकार क्यों गिर गई तब कहे कि बड़े नेताओं की बात है, उसमें हमको न डालिये।
गौरतलब है कि आज राम नवमी होने के कारण भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपना नामांकन तो दाखिल किया लेकिन जहां कांग्रेसी प्रत्याशियों ने अपने संगठन के वरिष्ठ नेताओं और जिलाध्यक्ष के साथ नामांकन दाखिल कर एकता का परिचय दिया वहीं भाजपा प्रत्याशी के द्वारा नामांकन दाखिल करने में अंदरूनी कलह साफ नजर आई कि जिलाध्यक्ष का कहीं पता नही रहा बल्कि वो बाजार में घूमते नजर आए। ऐसे में लग रहा है कि इस बार जिले में परिवर्तन की लहर है।







