
परचम कुशाई के बाद ईद मिलादुन्नबी पर धूमधाम से नगर में निकला जुलूस
गौसिया मस्जिद पहुंचकर कलेक्टर, एसपी ने दी बधाई
ईद मिलादुन्नबी के खास मौके पर कलेक्टर उमरिया बुद्धेश कुमार वैद्य, पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू और अपर कलेक्टर शिव गोविन्द मरकाम ने जिला मुख्यालय स्थित गौसिया मस्जिद पहुंचकर वहां मौजूद हाजी शेख सरवर खान, मेंहदी हसन, मोहम्मद अल्ताफ, मोहम्मद मुमताज अली, जामा मस्जिद के सदर शहीद मंसूरी सहित सभी को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हम सभी को इस खास दिन पैगंबर साहब के बताए गए शांति, भाईचारे और सच्चाई के रास्ते को याद कर आत्मसात करने की ज़रूरत है। गुरुवार की सुबह ईद मिलादुन्नबी के खास पर्व पर मुस्लिम समुदाय ने दोनो मस्जिदों में मिल जुलकर परचम कुशाई कार्यक्रम में हिस्सा लिया और नाते पढ़ी गई, बाद में शहर के मुख्य मार्ग में जुलूस निकाला गया।

इस दौरान मुस्लिम समुदाय सद्भाव और प्रेम के साथ इमामबाड़ा से अस्पताल चौक, रणविजय चौक, रमपुरी होते हुए वापस मोहनपुरी, रणविजय चौक, शांति मार्ग और फिर खलेसर पहुंचे, इस दौरान जगह जगह लोगो ने लंगर और पानी की व्यवस्था की थी। सामाजिक सद्भाव के प्रतीक ईद मिलादुन्नबी पर बच्चों में भी खासा उत्साह दिखा, नए नए परिधानों में बच्चे भी जुलूस में शामिल रहे। इस खास पर्व पर मुस्लिम समाज के बहुत से लोग घर पर पूजा और प्रार्थना में व्यस्त रहे, तो वहीं बहुत से लोग कब्रिस्तान पहुंचकर अपने पूर्वजों के लिए प्रार्थना किये।
गौरतलब है कि मुस्लिम समुदाय इस दिन को पैगम्बर साहब के जन्म दिन के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाता है। मुस्लिम धर्मावलंबियों की मान्यता है कि पैगंबर मुहम्मद साहब का जन्म मुस्लिम कैलेंडर के हिसाब से आज ही की तारीख़ में सऊदी अरब के मक्का शहर में 571 ईस्वी को हुआ था।

ईद मिलादुन्नबी पर कमेटी के लोगो ने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरण किया और पैगम्बर मुहम्मद सोशल वेलफेयर सोसाइटी की अगुवाई में न्यू चिल्ड्रन पार्क के सामने रक्तदान शिविर का अयोजन किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर बुद्धेश कुमार वैद्य, एसपी निवेदिता नायडू, अपर कलेक्टर शिव गोविन्द मरकाम, पूर्व विधायक अजय सिंह, मेहंदी हसन, मुमताज अली, नसीर अंसारी, डॉ मुकुल तिवारी सहित गणमान्य नागरिक और मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे।







