Home लापरवाही हॉस्टल से चार छात्र लापता पुलिस ने 24 घण्टे में किया दस्तयाब

हॉस्टल से चार छात्र लापता पुलिस ने 24 घण्टे में किया दस्तयाब

267
0

भोजन में छिपकली गिरने से 24 बच्चे बीमार होने के बाद की घटना के 2 माह बाद 4 बच्चे हॉस्टल से लापता, पुलिस की सक्रियता से 24 घण्टे में दस्तयाब

जानिये क्या है मामला

Umaria – जिला मुख्यालय स्थित लालपुर के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस बालक छात्रावास चार बच्चे लापता हो गये, जिसकी गुमशुदगी की शिकायत वार्डन गिरवेश मिश्रा ने उमरिया कोतवाली थाने में कल रात 8 बजे दर्ज करवाया।

क्या कहा एसडीओपी ने

एसडीओपी डॉक्टर नागेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि कल गुरुवार की रात कोतवाली थाने में लालपुर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालक हॉस्टल के वार्डन गिरवेश मिश्रा ने सूचना दिया कि हमारे हॉस्टल के 4 बच्चे सुबह 10 बजे नित्य की भांति स्कूल जाने को निकले और देर शाम तक वापस नही आये तो मेरे द्वारा हर जगह तलाश किया गया लेकिन कहीं पता नही चलने पर रिपोर्ट दर्ज करवाने आया हूँ। वार्डन की सूचना पर कोतवाली थाने में गुमशुदगी क्रमांक 129/24, 130/24, 131/24 और 132/24 पर क्रमशः सूर्या सिंह पिता स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह उम्र 13 वर्ष निवासी फजिलगंज उमरिया, करण प्रजापति पिता स्वर्गीय अशोक प्रजापति उम्र 13 वर्ष निवासी ग्राम टिकुरी टोला बल्हौण्ड मानपुर, भूपत सिंह पिता मान सिंह परस्ते उम्र 12 वर्ष निवासी ग्राम बड़झड़ थाना शहपुरा जिला डिंडोरी एवं आदित्य बैगा पिता बबलू बैगा उम्र 13 वर्ष निवासी ग्राम चेंचपुर थाना मानपुर की गुमशुदगी दर्ज की जाकर पता तलाश शुरू की गई। आज सुबह सूचना मिली कि एक छात्र ट्रेन से उतर कर शहडोल में भटक रहा है जिस पर तत्काल उससे बात करवाया गया तो पता चला कि बाकी 3 छात्र ट्रेन से जा रहे हैं तो उसकी सूचना पर तत्काल कोतवाली प्रभारी थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा ने नेतृत्व में ट्रेन आने पर ट्रेन के डिब्बो में तलाश करवाया गया तो 3 छात्र मिल गए वहीं चौथे छात्र को लेने टीम शहडोल गई हुई है वह भी मिल गया है, टीम उसको लेकर वापस आ रही है।
वहीं छात्रों ने बताया कि हम लोग घूमने जबलपुर गए थे वहां से लौट कर शहडोल फिर वापस आ गए थे और अब आगे जा रहे थे।

कैसी लापरवाही

गौरतलब है कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालक छात्रावास में 9 सितम्बर को 24 बच्चे दूषित भोजन को खाने से बीमार हो गए थे जिसमें डीपीसी संजय सिंह ने तत्कालीन वार्डन नीलमणि उपाध्याय को वार्डन के प्रभार से हटा कर मूल पद पर भेज दिया था। जबकि इन चारों बच्चों के लापता होने में वार्डन की घोर लापरवाही होना प्रतीत होती है, क्योंकि वार्डन का दायित्व बनता है कि सभी छात्रों को स्कूल जाते समय एक व्यक्ति स्कूल तक पहुंचा कर आये वहीं स्कूल से वापस आने पर सभी की उपस्थिति चेक करें और उनको शाम का नाश्ता दें लेकिन वार्डन द्वारा यह प्रक्रिया नही अपनाये जाने के कारण बच्चों के गायब होने की जानकारी नही मिल सकी और जब रात में भोजन के समय मे बच्चे नही दिखे तब आनन फानन में औपचारिकता पूरी करते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। ऐसे में अब देखना होगा कि विभाग किसकी लापरवाही तय करता है और किस प्रकार दंडित करता है। वहीं इतना तो तय है कि इन दिनों उमरिया जिला भगवान भरोसे ही चल रहा है।

हॉस्टल से चार छात्र लापता पुलिस ने 24 घण्टे में किया दस्तयाब*

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here