
देश के प्रधानमंत्री की श्री अन्न मिलेट्स योजना पर बांधवगढ़ में हुई हाथियों की मौत का ग्रहण, किसान तबाही की ओर, कोदो खरीदने वाला कोई नहीं
किसानों की मांग

Umaria – बांधवगढ़ में जंगली हाथियों की मौत ने अब किसानों की परेशानी को बढ़ा दिया है, किसान अपनी फसल को लेकर चिंतित हैं और बाजार के व्यापारियों की चौखट खटखटा रहै है, हाथियों की मौत को जैसे ही फंगस लगी कोदों खाने से होना बताया गया और यह रिपोर्ट जैसी ही वायरल हुई तो किसानों की फसल बाजार में बिकना बन्द हो गई, अगर कहीं ले भी रहे हैं तो वह औने-पौने दाम मे बिक रही है, यहां फसल नहीं बिक रही और वहां वन विभाग कोदों की फसल को जलाने की बात किसानों से कर रहा हैं, ऐसे में डर के मारे बेबस किसान कोदों की फसल कटाने में जुटा है मगर वह बिकेगी कहां यह किसी को पता नहीं है, जिसके कारण किसान भारी भरकम कोदों की फसल रखें हुए हैं और सरकार से कह रहे हैं कि हमारी फसल तो बिकवाओ।
किसान क्यों हैं परेशान

जिले में हजारों क्विंटल कोदों की फसल जस की तस है, किसानों का कहना है कि जंगली हाथियों की मौत के बाद अब हमारी कोदों की फसल कोई नहीं ले रहा है, जबकि पीएम की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल श्री अन्न मिलेट्स में कोदों की फसल को भी शामिल किया गया था, लेकिन आज की स्थिति यह है कि कोदों की फसल बाजार में भी नहीं बिक रही है, किसानों के पास हजारों क्विंटल कोदों की फसल रखी है, जिसे खरीदा ही नहीं जा रहा है और गाहे-बगाहे बिक्री हो भी रही है तो माटी मोल बिक रहा है, ऐसे में किसान बेहद चिंतित हैं और सरकार की ओर टकटकी लगाए बैठा है कि कब सरकार हमारी फसल को खरीदेगी।
क्या कहते हैं किसान

ग्राम देवगंवा निवासी किसान इंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि मेरा 20 क्विंटल कोदो हो गया है इसको कोई लेने वाला नहीं है कहते हैं कि बांधवगढ़ के सलखनिया में कोदो खाने से हाथियों की मौत हो गई है इसके कारण कोई भी लेने वाला नहीं है और सरकार बोलती है कि मोटे अनाज की खेती करो तो हम लोग खेती कर रहे हैं पिछले साल कम खेती किए थे लेकिन इस साल ज्यादा खेती किए हैं हमारे पास 20 क्विंटल कोदो हो गया है इस साल कोई लेने वाला ही नहीं है व्यापारी कहता है कि कोदो खाने से सलखनिया में हाथियों की मौत हो गई है तो हम नहीं ले पाएंगे और जो लेने को तैयार है वह कहते हैं 20 रुपये किलो लेंगे ऐसे में हम कहां जाएं और क्या करें ना तो उसमें खाद पड़ी है न ही कुछ पड़ा हुआ है और हाथी मर गए ऐसा अफवाह फैला कर हम किसानों को तबाह कर दिए।
युवा किसान का दर्द

वहीं ग्राम देवगंवा के दूसरे किसान राकेश सिंह का कहना है कि मेरे यहाँ तो पिछले साल कोदो कम बोया गया था लेकिन इस वर्ष काफी मात्रा में हुई है लेकिन कहते हैं कि सलखनिया में हाथी मर गए हैं तो हमको उससे क्या लेना देना पिछले वर्ष तो कोदो 50 रुपये किलो बिक इस वर्ष 18 – 19 रुपए किलो खरीद रहे हैं तो हमारे यहां तो हजारों क्विंटल कोदो की खेती है किसान तो ऐसे ही मर गए, हम लोग कहां जाएं किसान का कैसे उत्थान होगा, हम लोग तो बर्बाद हो जाएंगे शासन इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है, हाथी की मौत कैसे हुई हमको इससे क्या लेना देना शासन बोली कोदो की खेती करो तो हम लोग कोदो की खेती कर रहे हैं, शासन का कहना है कि मोटा अनाज उगाओ उसी में बेनिफिट है तो हम लोगों ने कोदो की खेती कर लिया, अब कोदो को कोई पूछने वाला नहीं है तो हम लोग तो ऐसे ही मर जाएंगे किसान तो तबाह हो जाएगा, अब बताइए हम लोग क्या करें।
क्या कहते हैं उप संचालक कृषि

इस मामले में उप संचालक कृषि संग्राम सिंह मराबी ने बताया कि कोदो की फसल का रकबा बढ़ता ही जा रहा है, हम किसानों को नये – नये तकनीक बता रहे हैं, कोदो की फसल को बोने के लिए किसानों के बीच में जा रहे हैं उनको नई-नई तकनीक बता रहे हैं। अब किसानों को यह समस्या आ रही है कि जब से हाथी मरे हैं, फसल बेचने की समस्या किसान कहां जाकर उस फसल को बेचे कोई खरीदने को तैयार ही नहीं है, हम इसके लिए शासन से भी चर्चा करेंगे पत्र व्यवहार भी करेंगे कि किसान की जो कोदो की फसल बोई गई थी और उससे जो उत्पादन हुआ है, उसको किसान कहां बेचे और क्या करें, उसके लिए हम शासन को पत्र लिखेंगे और शासन से बात करेंगे और कलेक्टर साहब के नॉलेज में भी यह बात है कि किसानों के द्वारा इस साल 9560 हेक्टेयर भूमि में कोदो की फसल बोई गई है।
ब्रांड एंबेसडर एवं कृषि विभाग की पहल के बाद अब क्या है स्थिति

गौरतलब है कि जहां उमरिया जिले में कृषि विभाग द्वारा फरवरी माह में अन्न श्री मिलेट्स मेला का आयोजन कर डिंडोरी जिले से ब्रांड एंबेसडर सुश्री लहरी बाई को बुला कर मोटे अनाज की खेती करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया गया और कृषि विभाग ने दिन रात मेहनत कर कोदो की बुवाई करवाने के लिए प्रोत्साहित किया और जिले में 9560 हेक्टेयर में कोदो की फसल भी लगवाया, लोग धान की फसल छोड़ कर कोदो बोये और फसल तैयार होने के बाद हाथियों की मौत पर वन विभाग ने उसका जिम्मेदार कोदो की फसल को बता दिया जिसके चलते अब किसान परेशान और हताश हो गये। ऐसे में प्रधानमंत्री की अन्न श्री योजना पर ग्रहण लग गया और यही हाल रहा तो किसान अगले वर्ष से मोटे अनाज से दूरी बना लेंगे और देश के प्रधानमंत्री की योजना फ्लॉप हो जाएगी, इसके लिए आवश्यकता है कि उच्च स्तरीय जांच करवा कर सच्चाई सामने लायी जाय ताकि किसान हताशा की स्थिति में न पहुंच सकें।

प्रधानमंत्री की श्री अन्न मिलेट्स योजना पर हाथियों की मौत का ग्रहण







