
उमरिया – जिले की विधानसभा मानपुर 90 से कई पार्टी के प्रत्याशियों ने जहां नामांकन दाखिल किया वहीं निर्दलीय के साथ पार्टी से रूष्ट प्रत्याशी भी स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। वहीं जेल में निरुद्ध गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी के रूप में राधेश्याम ककोडिया के अधिवक्ता और प्रस्तावकों ने भी उनका नामांकन दाखिल किया।
आज नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन मानपुर विधानसभा क्षेत्र 90 से 13 नामांकन दाखिल किए गए जिसमें आम आदमी पार्टी जिले के एक ही विधानसभा क्षेत्र मानपुर 90 से प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारा है वह भी आज सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ गाजे बाजे के बीच उषा कोल और अमर कोल ने अपना नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस से तिलक राज सिंह और बिन्दे सिंह ने नामांकन दाखिल किया।
विंध्य जनता पार्टी से राज कुमार बैगा।
पीपुल्स पार्टी आफ इंडिया डेमोक्रेटिव से राजेन्द्र कुमार बैगा।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से राधेश्याम ककोडिया, देव लाल और रेखा कोल ने अपना नामांकन दाखिल किया।
भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से शम्भू सिंह।
वहीं स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में रोशनी सिंह, सीमा सिंह और छत्रपति बैगा ने अपना नामांकन दाखिल किया।
31 अक्टूबर को नाम निर्देशन पत्रों की जांच की जाएगी वहीं 2 नवम्बर तक नाम वापसी और उसके तत्काल बाद चुनाव चिन्ह आबंटित किया जाएगा।
आइये जानते हैं नामांकन दाखिल करने के बाद किसने क्या कहा।

सबसे पहले चलें मानपुर विधानसभा क्षेत्र 90 से जेल से नामांकन दाखिल करने वाले गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी राधेश्याम ककोडिया के सहयोगी बहुजन समाज पार्टी के नेता सुशील जायसवाल ने बताया कि

राधेश्याम ककोडिया उमरिया जिले में जन जातीय कार्य विभाग में जो बस्ती विकास योजना अंतर्गत बाह्य विद्युतीकरण करण मद में हुए 100 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार को लेकर आंदोलन कर रहे थे, यह कह रहे थे कि जो जनता का पैसा है, उस पैसे को मंत्री और बिचौलियों ने खा लिया है, भ्रष्टाचार उजागर होना चाहिए, भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए, जो गबन किया गया है उसको उजागर होना चाहिए, जो दोषी हो उसके ऊपर कार्यवाही होनी चाहिए। उनकी इस मांग से शासन प्रशासन में बैठे जो दोषी लोग थे वह भयभीत हो गए, सशंकित हो गए और जो काकुड़िया की वैधानिक रूप से सभा कर रहे थे जन आंदोलन कर रहे थे उससे भयभीत होकर सोची समझी रणनीति के तहत उनके साथ मारपीट की गई, उनको विभिन्न धाराएं लगाकर जेल भेज दिया गया, लेकिन उनको जेल भेजने से यह भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहा आंदोलन नहीं रुकेगा, विधानसभा क्षेत्र 90 मानपुर से उनका नामांकन दाखिल किया गया है और मानपुर क्षेत्र की जनता तैयार है कि राधेश्याम काकुड़िया जी का फार्म सेलेक्ट हो, चुनाव चिन्ह आबंटित हो यो उनको जितवा कर विधानसभा में भेजेंगे और वहां से पूरी जांच कराई जाएगी और कार्रवाई की जाएगी।

आम आदमी पार्टी से नामांकन दाखिल करने आई उषा कोल ने बताया कि हम यह चुनाव नही लड़ रहे हैं, यह चुनाव मानपुर विधानसभा की जनता लड़ रही है, हमारा मुख्य मुद्दा बिजली, पानी,सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा है। मैं जब नगर पालिका पाली की अध्यक्ष रही तब भी विकास कर रही थी जबकि विधायक मीना सिंह हमारे रास्ते मे रोड़ा अटकाती रहती रहीं, वो हमेशा विकास में बाधक बनी हैं, मंत्री होते हुए उन्होंने भारी घोटाला किया है, इसका जबाब मैं नही मानपुर विधानसभा की जनता देगी।

भारतीय जन शक्ति चेतना पार्टी से नामांकन दाखिल करने आये शम्भू सिंह ने कहा कि भाजपा के राज्य में गली – गली शराब बिक रही है युवा वर्ग नशे में बरबाद हो रहा है, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सभी कुछ चौपट हो गया है, चारो तरफ भ्रष्टाचार है हम उसके खिलाफ लड़ रहे हैं।

विंध्य जनता पार्टी से नामांकन दाखिल करने आये राज कुमार बैगा ने बताया कि विकास के नाम पर सरकार और उसकी मंत्री ने जम कर लूट मचाया है, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी सब की कमी है मैं उसी की लड़ाई लड़ने मैदान में आया हूँ, जनता का सहयोग चाहता हूँ।

वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने आई रोशनी सिंह ने बताया कि मेरे विधानसभा में बहुत से मुद्दे हैं जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, भ्रस्टाचार, बिजली, पानी, सड़क सभी कुछ है। क्षेत्र की जनता बहुत दुखी है। वहीं जब पूंछा गया कि आप कांग्रेस के लिए समर्पित रही और आज निर्दलीय फार्म भरी है तब रोशनी सिंह का कहना रहा कि कांग्रेस में कुछ गन्दी मानसिकता के लोग भरे हुए हैं, राहुल गांधी जी और कमलनाथ जी ने कहा कि सर्वे ही सर्वेसर्वा है उस हिसाब से कांग्रेस में गन्दी मानसिकता के लोग के कारण मेरे को टिकट नही मिली, मैं चाहती हूं कि ऐसे गन्दी मानसिकता के लोग पार्टी में न रहे तो बेहतर होगा, अभी मैं कुछ नही बोल सकती हूँ जो मेरे व्यक्तिगत लोग संगठन में हैं मैं उन लोगों से चर्चा करने के बाद ही कुछ कहूंगी।





