Home समस्या ग्रामीणों ने ठाना है बिजली नहीं तो वोट नहीं

ग्रामीणों ने ठाना है बिजली नहीं तो वोट नहीं

861
0

मानपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चितराव के ग्रामीणों ने आज तक नहीं देखी बिजली की रोशनी, बिजली के लिए तरस रहे ग्रामीणों ने कहा बिजली नही तो वोट नही

उमरिया – जिले के मानपुर विधानसभा क्षेत्र का एक गाँव ऐसा भी है जहां आजादी के बाद से अब तक गाँव के लोगों ने बिजली की रोशनी नहीं देखी। इस गाँव में न तो सीसी रोड है न ही इस गाँव के लोगों को आज तक बुनियादी सुविधाएं मुहैया हो पायी हैं।

मानपुर विधानसभा मुख्यालय से 35 किमी की दूरी पर मानपुर जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाला ग्राम पंचायत चितराव आज भी बुनियादी सुविधाओं से मरहूम है। बिजली विभाग की टीम ने जब इस गाँव का दौरा किया और कुछ ग्रामीणों से जब गाँव की समस्याओं पर बात शुरू की तो धीरे-धीरे और लोग एकत्र हो गए। चर्चा के दौरान पता चला कि ग्राम पंचायत चितरांव के आदिवासी मोहल्ला में बिजली ही नहीं लगी है


ग्रामीणों ने कहा कि हम लोग सरकारी दस्तावेजों में यहां के नागरिक हैं और मतदान भी करते हैं। नेता यहां सिर्फ पांच वर्ष में एक बार चुनाव के समय आते हैं। उसके अलावा कोई अधिकारी कभी गाँव नहीं आया। कहने को तो ये गाँव मानपुर विधानसभा का हिस्सा है मानपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीसरी बार की विधायक और मध्यप्रदेश सरकार में दूसरी बार मंत्री बनी मीना सिंह इस बार तो जनजातीय विभाग की कैबिनेट मंत्री भी हैं।

वही कुछ ग्रामीणों द्वारा आगे बताया हैं, “हमारे पास जमीन तो है नहीं घर के नाम पर सिर्फ यही मड़ैया है, हम किसी तरह मजदूरी करके घर का खर्च चला रहे हैं। जिस दिन काम न मिले उसे दिन बच्चे भूखे सोते हैं”

गाँव के ही मुकेश, विश्वनाथ, चतुराई एवं अन्य ग्रामीण कहते हैं, हमारा गांव विकास से कोसों दूर है, गांव में बिजली सड़क व अन्य शासन द्वारा मिलने वाली कोई सुविधा ही नही है। गांव में बिजली न होने से अब कई लोगों के शादी विवाह में भी संकट उत्पन्न होने लगा। एक तरफ बाणसागर डैम लगा है तो दूसरी तरफ बांधवगढ़ नेशनल पार्क। जिससे आए दिन जंगली जानवरों का खतरा बना हुआ है। शासन के मुंह देखी रवैये से आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि हम लोग कई बार तहसीलदार, एसडीएम, जनपद पंचायत, जिला पंचायत, कलेक्टर, मंत्री विधायक और शासन – प्रशासन से अपनी समस्याओं की गुहार लगा चुके हैं लेकिन हमारी सुनने वाला कोई नहीं है, हम करें तो करें क्या, इसलिए अब हमारे पास मौका आया है तो अब जब तक हमारे यहां बिजली और सड़क की सुविधा नही होगी तब तक हम किसी को वोट नही देंगे, नही तो हम लोगों का नाम इस देश और प्रदेश की मतदाता सूची से काट दिया जाय।

वहीं हम आपको बता दें जिले में जनजातीय कार्य विभाग की मंत्री द्वारा 10 करोड़ रुपये के आसपास की रकम मानपुर जनपद पंचायत और पाली जनपद पंचायत क्षेत्र के अपने चहेते सरपंचों को बस्ती विकास योजना के तहत विद्युतीकरण कार्य कराए जाने के लिए स्वीकृत कर अपने चहेते ठेकेदार से 20 से 30 प्रतिशत कार्य करवा कर राशि आहरण करवा लिया गया, वह भी उस जगह कार्य करवाया गया है जहां जरूरत नही थी। जिसने आज तक बिजली देखा ही नही वो आज भी बिजली के लिए तरस रहे हैं। दूसरी तरफ प्रदेश के मुख्यमंत्री विकास की बड़ी बड़ी बातें करते नही थकते हैं। मुख्यमंत्री जी कभी अपने चहेते मंत्रियों के क्षेत्र में भी नजर घुमा लिया कीजिये नही तो लोग आपकी बातों का मजाक बना देते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here