
उमरिया – जिला मुख्यालय स्थित नगर के बीचोबीच रणविजय चौक के बगल में जिला न्यायालय के सामने नगरपालिका की दुकान क्रमांक 3 में देशी और अंग्रेजी (कम्पोजिट) शराब दुकान खोले जाने को लेकर दुकान खुलने के पहले से ही लोंगो के द्वारा विरोध किया जा रहा था। वहीं नगरपालिका के द्वारा नीलामी में ली गई दुकान मालिक को नोटिस जारी कर दुकान निरस्त करने की बात कही गईं है।
गौरतलब है कि शराब का नया ठेका होने के बाद फजिलगंज में चौपाटी के सामने स्थित दुकान को वहां से हटाकर नगरपालिका द्वारा रणविजय चौक में निर्मित दुकान नम्बर 3 में शराब दुकान को शिफ्ट कर दिया गया है। जिसका विरोध सैकड़ों लोंगो के द्वारा दुकान खुलने से पहले से लगातार किया जा रहा है।
लोंगो का कहना है कि सबसे बड़ी बात यह की न्यायालय के सामने यह शराब दुकान खोली जा रही है, जो गलत है। इसके अलावा यह मार्ग कालरी हायर सेकेंडरी स्कूल जाता है जहां से पढ़ने वाले छात्र छात्राओं का आवागमन होता है। वहीं बिल्कुल सामने और अगल बगल सब्जी की दुकानें लगती हैं जहां ज्यादातर महिलाएं दुकान चलाती है और सब्जी खरीदने वालों में महिला, पुरुष, बच्चे, बच्चियां सभी आते हैं इतना ही सामने स्टेट बैंक की सिटी ब्रांच और पेट्रोल पम्प भी है, उसके साथ बगल में चौपाटी भी स्थित है जहां शहर की महिलाएं पुरुष और बच्चे पहुंचते है। लेकिन इतना सब होने और आम जनता के विरोध के बाद भी ऐसे जगह में शराब की दुकान खोल दी गई है।
आम जनता के द्वारा शराब दुकान खोले जाने के विरोध को देखते हुए नगरपालिका परिषद की सीएमओ ज्योति सिंह ने नपा द्वारा निर्मित दुकान को नीलामी में लेने वाले दुकान मालिक को नोटिस जारी किया है। नोटिस में दुकान मालिक को लिखा गया है कि आपके द्वारा नगरपालिका की दुकान नंबर 3 की दुकान में अवैध रूप से मंदिरा की दुकान का संचालन कराना चाहते है। जो दुकान किरायेदारी अनुबंध शर्तो के विरुद्ध है। आपके द्वारा अनुबंध शर्तो के विरुद्ध काम किया जाता है तो आपकी दुकान निरस्त कर प्रतिभूति राशि जप्त कर ली जाएगी।
सीएमओ के इस कदम से लोगों ने सुकून की सांस ली है। जबकि बुद्धिजीवियों द्वारा जिला आबकारी अधिकारी और जिले के कलेक्टर सहित सभी संबंधित अधिकारियों को पूर्व में ज्ञापन भी दिया जा चुका है।







