
वर्ष 2013 में जीवित चाची को मृत बता कर सरपंच भतीजे ने सचिव और पटवारी के साथ मिल कर 40 एकड़ जमीन अपने नाम करवा लिया था दो दिन पूर्व तीनो गए जेल
क्या है पूरा मामला

Umaria – जिले में नित नए कारनामे सामने आते हैं, जिसमे जीवित को मृत घोषित कर उनके नाम पर कहीं पैसे तो कहीं जमीन हड़पने का खेल चल रहा है, ऐसा ही वर्ष 2013 में तत्कालीन सरपंच ग्राम पंचायत धमनी ने अपने रसूख के बल पर सचिव ग्राम पंचायत धमनी एवं पटवारी ग्राम धमनी के साथ मिलीभगत कर अपनी विधवा चाची सुक्खो बाई की 40 एकड़ जमीन अपने नाम करवा लिया था, 9 वर्षों बाद जब चाची को पता चला तो न्यायालय की शरण मे गई जहां से वर्षों मुकदमा लड़ने के बाद सुक्खो बाई न्यायालय के आदेश से जीवित तो हो गई और उसकी जमीन में उसका नाम तो दर्ज हो गया लेकिन तत्कालीन सरपंच रिश्ते की चाची की जमीन पर अपना कब्जा बरकरार रखा जिसकी रिपोर्ट नौरोजाबाद थाने में दिनांक 30 अप्रैल 2022 को हुई जिसमें अपराध क्रमांक 167/2022 के तहत IPC की धारा 420, 467, 468 और 120B के तहत मामला दर्ज किया गया जिसमें 3 आरोपी नामित किये गए, उसमें तत्कालीन सरपंच ग्राम पंचायत धमनी कुंवर सिंह, तत्कालीन सचिव ग्राम पंचायत धमनी ननकू सिंह एवं तत्कालीन पटवारी ग्राम धमनी धरमशाह सिंह शामिल रहे।
क्या कहा एडिशनल एसपी ने

इस मामले में एडिशनल एसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया ने बताया कि थाना नौरोजाबाद थानांतर्गत ग्राम धमनी का पुराना मामला है जिसमें वृद्ध महिला सुक्खो बाई के पति रिटई सिंह गोड़ का वर्ष 2001 के आसपास निधन हो गया था और सुक्खो बाई की एकमात्र बेटी थी जिसकी शादी होने के बाद सुक्खो बाई को पालन पोषण करने का झांसा देकर रिश्ते में भतीजा लगने वाला तत्कालीन सरपंच कुँवर सिंह पिता मन्ना सिंह ने अपने पास रख लिया और सुक्खो बाई के 40 एकड़ जमीन को कुँवर सिंह ने अपने पद का दुरूपयोग कर वर्ष 2013 में पंचायत सचिव ननकू सिंह और पटवारी धर्मशाह सिंह से साठगांठ करके ग्राम सभा मे फर्जी प्रस्ताव पास कर सुक्खो बाई को मृत घोषित कर पूरी जमीन अपने नाम करवा लिया गया। उक्त मामले की शिकायत जब 9 वर्ष बाद पुलिस तक पहुँचीं तो पुलिस ने तत्कालीन सरपंच कुँवर सिंह, सचिव ननकू सिंह और तत्कालीन हल्का पटवारी धमनी धरमशाह सिंह पर अपराध क्रमांक 167/2022 के तहत IPC की धारा 420, 467, 468 और 120B के तहत मामला दर्ज कर 30 अप्रैल 2022 को दर्ज लिया गया था और 2 दिन पूर्व पुलिस अभिरक्षा में लेकर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया जहां से जेल भेज दिया गया है और जल्द ही चालान भी पेश कर दिया जाएगा।
आरोपियों को पकड़ने में पुलिस को लगे 2 साल

गौरतलब है कि बीते 2 सालों से चारो आरोपी धनबल और बाहुबल के दम पर गांव में ही रहते थे और पुलिस इनको गिरफ्तार नही करती रही लेकिन अब जब उच्च अधिकारियों के संज्ञान में मामला आया तो धनबल और बाहुबल का रसूख दिखाने वाले तीनो आरोपियो को न्यायालय में पेश किया है और वर्तमान में तीनों आरोपी जिला जेल उमरिया में न्यायिक अभिरक्षा में है। अभी आवश्यकता है ऐसे ही अन्य आरोपियों की तलाश कर उनको भी जेल तक पहुंचाने की ताकि अपराधियों में कानून के प्रति भय पैदा हो सके।
मृत चाची को जीवित होने में लगे 11 वर्ष तब कहीं सभी आरोपी गए जेल







