
उमरिया – जिले के मानपुर 90 विधानसभा क्षेत्र से गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी ने राधेश्याम ककोडिया को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी द्वारा 26 सितम्बर को प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री मीना सिंह द्वारा किये गए 100 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार का विरोध करते समय पुलिस से झड़प हुई थी जिसमे पुलिसकर्मियों समेत बहुत से लोग घायल हुए थे उसी मामले में राधेश्याम ककोडिया को जिला जेल उमरिया में निरुद्ध किया गया है और अब जेल से राधेश्याम ककोडिया जेल से लड़ेंगे चुनाव।

राधेश्याम ककोडिया पढ़े लिखे युवा होने के साथ गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता भी हैं, लेकिन थोड़ा विवाद होने के कारण पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा और दूसरे तरफ से पथराव किया गया जिसमें कई पुलिसकर्मियों के हाथ, पैर टूटे, सिर फूटे उसी भीड़ में किसी असामाजिक तत्व ने एडिशनल एसपी के सुरक्षा गार्ड का पिस्टल भी लूट लिया, हालांकि बाद में वह नाले के पास से बरामद भी हो गया। वहीं बहुत से कार्यकर्ता अभी जेल में ही निरुद्ध हैं।

वहीं गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमान सिंह पोर्ते ने बताया कि हमारे प्रदेश प्रवक्ता और हमारी पार्टी द्वारा मानपुर विधानसभा क्षेत्र 90 से भाजपा विधायक एवं प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री द्वारा बस्ती विकास योजना अन्तर्गत बाह्य विद्युतीकरण योजना में हमारे आदिवासी भाइयों के हिस्से का 100 करोड़ रुपये डकार लिया गया, जिसका विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था उसी दौरान किसी दूसरी पार्टी द्वारा भेजे गए लोगों द्वारा पुलिस से अभद्रता की गई और उसी पर विवाद हुआ जिसके चलते हमारे लोगों के ऊपर एफआईआर दर्ज कर उनको जेल भेज दिया गया। हमारी पार्टी ने निर्णय लिया है कि मंत्री के खिलाफ हम अपने प्रदेश प्रवक्ता राधेश्याम ककोडिया को मानपुर विधानसभा क्षेत्र 90 से टिकट देकर चुनाव लड़ा रहे हैं और हमारी पार्टी उनकी जमानत के लिए भी प्रयासरत है, वहीं जब तक जमानत नही होती है तो वो जेल से ही चुनाव लड़ेंगे और हम भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखे रहेंगे।
गौरतलब है कि पुराने शहडोल और उमरिया जिले के इतिहास में पहली बार किसी पार्टी का प्रत्याशी जेल से चुनाव लड़ेगा।
हालांकि गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी राधेश्याम ककोडिया के चुनाव लड़ने से भाजपा और कांग्रेस दोनो सकते में आ गई है। परिणाम तो आने वाले समय पर ही निर्भर है।







