
पैसों की मांग करने वाले मानपुर थाने में पदस्थ आरक्षक को जिले की एसपी ने किया लाइन अटैच प्राथमिक जांच के दिये निर्देश
उमरिया – जिले के मानपुर थाने में पदस्थ आरक्षक नीरज नामदेव को अनैतिक रकम की मांग के संदेह पर पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने मानपुर थाने से पृथक कर पुलिस लाइन अटैच किया है। पुलिस अधीक्षक ने अतिसंवेदनशील इस मामले में उप निरीक्षक सारिका शर्मा (ओएम शाखा) को प्राथमिक रूप से पूरे मामले के जांच के निर्देश देते हुए 5 दिन के अंदर जांच प्रतिवेदन सौंपने के आदेश दिए है।

गौरतलब है कि सोशल मीडिया में मारपीट के एक मामले में अनैतिक रकम के मांग का ऑडियो रिकार्डिंग वायरल हुआ था।

जिसकी जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता अजेश कुमार चौधरी ने पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू को दी। जिसके बाद तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की गई है। गौरतलब है कि उक्त मामला कितना सही है और कितना गलत है, यह तो प्राथमिक जांच में स्पष्ट हो सकेगा, पर ऐसे मामले सामने आने से बेस्ट पुलिसिंग की दिशा में अग्रसर जिले की साख पर ज़रूर बट्टा लगता है।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने इस पूरे मामले को लेकर कहा है कि जिले में बेस्ट पुलिसिंग की दिशा में बेहतर प्रयास किये जा रहे है, अतिसंवेदनशील इस मामले में महिला उपनिरीक्षक को जांच दी गई है, जांच उपरांत आरक्षक के दोषी पाए जाने पर विधिसंगत कार्रवाई की जायेगी।







