
न्यूनतम 30 हजार मानदेय, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख, शासकीय सेवक का दर्जा और पदोन्नति सहित कई मांगें को लेकर सौंपा ज्ञापन
*आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ ने दिया ज्ञापन*

उमरिया – मध्यप्रदेश आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ, जिला इकाई उमरिया ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 11 सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया है। संघ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने सहित मानदेय, सामाजिक सुरक्षा, पदोन्नति और सेवानिवृत्ति से जुड़ी मांगें उठाई हैं।
*संघ की प्रदेश महामंत्री ने बताया*

सुनीता त्रिपाठी मध्यप्रदेश आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ की महामंत्री ने बताया कि हमारे मांगपत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को न्यूनतम 30 हजार रुपए प्रतिमाह तथा सहायिका को 20 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन/मानदेय दिए जाने की मांग प्रमुखता से की गई है। इसके साथ ही महंगाई भत्ता (डीए), पेंशन एवं चिकित्सा सुविधा सहित सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की मांग की गई है। सेवानिवृत्ति पर कार्यकर्ता एवं सहायिका को 10 लाख रुपए की एक मुश्त राशि दिए जाने तथा ईएसआईसी, ईपीएफ एवं ग्रेच्युटी जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं लागू करने की मांग की है। साथ ही 2 से 6 वर्ष की आयु के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में बैठने की अनुमति दिए जाने की मांग भी रखी गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आंगनबाड़ी के अलावा अन्य विभागों का कार्य नहीं कराए जाने तथा सेवानिवृत्ति की आयु 62 वर्ष से बढ़ाकर 65 वर्ष किए जाने की मांग की गई है। कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को मातृत्व अवकाश सहित अन्य आवश्यक अवकाश का लाभ देने की मांग भी शामिल है।
*संघ की मांग*

संघ ने कार्यकर्ताओं को बिना परीक्षा वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति दिए जाने तथा प्री-प्राइमरी, नर्सरी शिक्षिका का दर्जा दिए जाने की मांग की है। इसके अलावा आंगनबाड़ी कर्मचारियों से आईसीडीएस के अतिरिक्त गैर-विभागीय कार्य नहीं लिए जाने की मांग भी की गई है।
*शोषण रोकने की मांग*

मांगपत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पर्याप्त भवन, पोषण सामग्री, उपकरण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं पर अनावश्यक दबाव बनाकर शोषण नहीं किए जाने की मांग की गई है। वहीं संघ ने शासन से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग की है।
*एस डी एम ने बताया*

वहीं ज्ञापन लेने आए एस डी एम बांधवगढ़ अंबिकेश सिंह ने बताया कि आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ, भारतीय मजदूर संघ एवं अन्य संघों ने 7 ज्ञापन सौंपे हैं जो माननीय मुख्यमंत्री महोदय, प्रधानमंत्री महोदय एवं मुख्य सचिव महोदय को संबोधित हैं, सभी ज्ञापन प्राप्त किए गए हैं एवं सभी उचित माध्यम से आगे भेज दिए जाएंगे l
*आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया ज्ञापन*







