
दो दिन में एक ही परिवार के दो लोगों को बाघ द्वारा शिकार बनाए जाने की घटना को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने दिया धरना, 6 सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन
*ब्लॉक कांग्रेस ने दिया धरना*

उमरिया – जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र से लगे झलवार गांव में बाघ के दोहरे हमले के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कांग्रेस नेत्री एवं समाजसेवी श्रीमती अनिता सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की, वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने राज्यपाल के नाम विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा और हमलावर बाघ को गांव से दूर करने की मांग उठाई।
*क्षेत्र में भय का माहौल*

मानपुर क्षेत्र के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लगे ग्राम झलवार में बाघ के लगातार दो हमलों ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पहले जंगल में महुआ गोही बीनने गई फूलबाई सिंह की बाघ के हमले में मौत हो गई, वहीं अगले ही दिन उनके भतीजे कल्याण सिंह पर भी बाघ ने हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। 24 घंटे के भीतर हुई इन दो घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है l
*राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन*

घटना के बाद कांग्रेस नेत्री एवं समाजसेवी श्रीमती अनिता सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मानपुर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पनपथा रेंज कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम बांधवगढ़ नेशनल पार्क के डिप्टी डायरेक्टर योहन कटारा को विभिन्न मांगो का ज्ञापन सौंपा।
*मुख्य मांग*

ज्ञापन में पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा, प्रभावित गांवों में ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, रहवासी क्षेत्रों में सोलर लाइट एवं फेंसिंग लगाने, प्रभावित क्षेत्र में प्रभावी निगरानी व्यवस्था करने तथा हमलावर बाघ को गांव से दूर सुरक्षित स्थान पर ले जाने की मांग की गई। साथ ही प्रभावित परिवारों को पर्याप्त आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है l वहीं कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामीणों का जनजीवन और अधिक प्रभावित होगा। वहीं वन विभाग और पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल की ओर अकेले न जाने की अपील की है।
*बाघ के दोहरे हमले पर कांग्रेस का प्रदर्शन 6 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन*





