
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने पर कांग्रेस हुई हमलवार, बताया लोकतंत्र की हत्या, महिला सशक्तिकरण के दावे थोथे
*कांग्रेस का हमला*

Umaria – जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा सदस्य के लिए भरे गए नामांकन पत्र को निरस्त करने के मामले पर भाजपा पर हमलवार होते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की भावना के खिलाफ बताते हुए राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया।
*संगठन प्रभारी ने कहा*

प्रेस वार्ता में जिला संगठन प्रभारी सम्मति सैनी ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन जैसी साफ – सुथरी छवि की नेता का नामांकन निरस्त किया जाना केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा आघात है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए चुनावी प्रक्रिया का दुरुपयोग किया जा रहा है, वहीं उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के महिला सशक्तिकरण के दावे थोथे साबित हो रहे हैं, मध्यप्रदेश से कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार को राज्यसभा में भेजने का फैसला लिया और उनको अपना उम्मीदवार बनाया वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या करते हुए एवं महिला सशक्तिकरण के सारे दावों को झुठलाते हुए तीनों पुरुष उम्मीदवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर लिया, यदि भाजपा इसी तरह महिलाओं के सम्मान की बात करती है तो किसी महिला को अपना उम्मीदवार क्यों घोषित नहीं किया l वहीं सैनी ने कहा कि देश की सर्वोच्च न्यायालय ने भी कह दिया कि पहली बार ऐसा मामला न्यायालय के सामने आया है, वहीं कहे कि चुनावी प्रक्रिया में एकदम अंतिम समय में नामांकन निरस्त किया गया ताकि हम कहीं भी प्रोटेस्ट न कर सके, यह सीधे – सीधे लोकतंत्र की हत्या है, इसीलिए कांग्रेस जनता की अदालत में आई है और यह विरोध लगातार चलता रहेगा l
*कांग्रेस नेताओं ने कहा*

बांधवगढ़ प्रभारी राकेश जैन ने कहा कि जिस आधार पर नामांकन निरस्त किया गया है,उससे चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं। पूर्व विधायक अजय सिंह ने कहा कि “लोकतंत्र की ताकत निष्पक्ष चुनाव में है, यदि विपक्षी उम्मीदवारों को तकनीकी आधारों पर चुनावी मैदान से बाहर किया जाएगा तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए शुभ संकेत नहीं है। मीनाक्षी नटराजन जी के साथ हुआ यह अन्याय पूरे देश के सामने है।चुनावी प्रक्रिया सभी प्रत्याशियों को समान अवसर देने के लिए होती है,न कि राजनीतिक दबाव में फैसले लेने के लिए।जिला संगठन मंत्री पुष्पराज सिंह ने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जा रही है और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि विपक्षी उम्मीदवारों को विवादित और तकनीकी आधारों पर चुनावी मैदान से बाहर किया जाता रहा तो लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होगी। पार्टी ने स्पष्ट किया कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उसका संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
*मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस का बड़ा हमला*







