
खड़े ट्रक से टकराई बाइक 1 की मौके पर मौत दूसरे ने जिला अस्पताल में तोड़ा दम देर रात की घटना, दोनो व्यापारी वापस आ रहे थे घर
क्या हुई घटना

Umaria – जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत नेशनल हाईवे क्रमांक 43 उमरिया शहडोल मार्ग में पिपरिया पेट्रोल पंप के पास देर रात पाली नगर से अपनी दुकान बंद कर दो व्यापारी बाइक से वापस अपने घर उमरिया आ रहे थे तभी सामने से आ रहे वाहन की तेज लाइट आंख में पड़ने के कारण दोनो बाइक सवार खड़े ट्रक से टकरा गये, टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटना स्थल पर ही एक बाइक सवार की मौत हो गई, वही दूसरे बाइक सवार ने जिला चिकित्सालय में दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी ने बताया

कोतवाली थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा ने बताया कि देर रात लगभग 12 बजे हमको सूचना मिली कि पिपरिया पेट्रोल पंप के पास एक्सीडेंट हो गया है तो तत्काल मौके पर पहुंचे दोनो गम्भीर घायलों को जिला अस्पताल भेजे जहां डियूटी डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर दिया और दूसरे को भी ब्रेन डेड बताया और कुछ देर में दूसरे की भी मौत हो गई। दोनो बाइक सवार पाली नगर में अपना व्यवसाय करते हैं और दोनो पाली से वापस एक ही बाइक से उमरिया अपने घर आ रहे थे तभी ट्रक क्रमांक आर जे 46 जी ए 4468 से टकरा गए और दोनो की मौत हो गई। दोनो व्यापारियों की शिनाख्त कमलेश राजपूत पिता राजा राम राजपूत उम्र 42 वर्ष निवासी सिंधी कालोनी उमरिया एवं विजय ठाकुरवानी पिता स्वर्गीय मनोहर ठाकुरवानी उम्र 50 वर्ष निवासी कैम्प उमरिया के रूप में हुई है।
कमलेश राजपूत की पाली में आर के स्टूडियो एवं विजय ठाकुरवानी की बिज्जू भाई साइकिल दुकान के नाम से प्रतिष्ठान है।
आक्रोशित परिजनों का आरोप

वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि दोनो की मौत देख कर परिजन आक्रोशित हो गए और डियूटी डॉक्टर पर मौजूद न होने एवं समय पर उपचार न मिलने का आरोप लगा रहे थे तब जिला अस्पताल से हमारे पास फोन आया तो वहां पहुंच कर समझाइश देकर मामला शांत करवाया गया और अभी दोनो के शवों का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है, वहीं मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आये दिन क्यों होते हैं एक्सीडेंट

गौरतलब है कि आये दिन सुनने को मिलता है कि हाइवे में खड़े ट्रक से कार, बाइक या अन्य वाहन टकरा गए और सवारों की मौत हो गई या गम्भीर रूप से घायल हो गए, इन सबके पीछे बड़ा कारण यह है कि सड़कों के किनारे हाइवे में आधे सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े होना, नये वाहनों में अत्यधिक तेज एलईडी बल्ब लगे होना जिसकी रोशनी सामने से आने वाले छोटे वाहन चालकों को अंधा सा बना देती है, जिसके कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। इसको रोकने के लिए परिवहन मंत्रालय को तेज और सफेद रोशनी वाले बल्बों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए एवं हाइवे पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई करना चाहिए ताकि कोई भी परिवार उजड़ने से बच सके।
भीषण सड़क हादसे में 2 व्यापारियों की मौत







