
जिले के कुछ चिन्हित मतदान केंद्रों में 100% मतदान करवाने की तैयारी। जिन केंद्रों में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान 90% से ऊपर मतदान हुआ था वहां इस बार 100% मतदान करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उमरिया जिले के कुछ चिन्हित मतदान केंद्रों में 100% मतदान करवाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, सीईओ जिला पंचायत, स्वीप प्लान के नोडल अधिकारी एवं जिले के अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित कर गीत, नुक्कड़ नाटक, बच्चों के द्वारा किये जा रहे अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी कड़ी में बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ क्रमांक 105 लगवारी में पूरा जिला प्रशासन एवं गांव के मतदाता स्कूल प्रांगण में एकत्रित होकर एक स्वर से मतदान करने की हामी भरे। आपको बता दें पोलिंग बूथ क्रमांक 105 लगवारी में कुल मतदाता 347 हैं जिसमें 180 पुरुष और 167 महिला मतदाता हैं। वैसे यहां की जनसंख्या कुल 542 है। जिसमें 292 पुरुष 240 महिला हैं।

वहीं ग्राम लगवारी की रोशनी यादव का कहना है कि हम महिलाओं ने ठाना है 100% वोट करवाना है। हमारे गांव के कुछ लोग भोपाल, पूना, मंडला में हैं उनको हम बुलवा कर वोट करवाएंगे यदि वो दीवाली में नही आते हैं तो 15 तारीख तक हर हाल में बुलवा कर 17 नवम्बर को वोट करवा देंगे। हमारे घर से भी जेठ के लड़के बाहर हैं। हम महिलाएं हर हाल में 100% वोट करवाएंगे।

वहीं जिले के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बुद्धेश कुमार वैद्य ने बताया कि अभी जो विधानसभा चुनाव है उसमें मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की टीम के साथ सारे एनजीओ मिल कर काम कर रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में 10 ऐसे पोलिंग बूथ थे जहां 90% से अधिक वोटिंग हुई है हमने उनको लक्षित किया हुआ है, उन पोलिंग बूथ पर हम मतदाता जागरूकता का कार्यक्रम कर रहे हैं और इससे गांव वाले भी उत्साहित होकर स्वयं आगे आ रहे हैं और इससे हमको लगता है कि हम 100% मतदान करने में सफल हो जाएंगे। उसी तारतम्य में आज हम लोग लगवारी गांव में उपस्थित हुए हैं हमारे पूरे जिले की जो टीम है हम सभी लोग यहां हैं और लगभग पिछले तीन-चार घंटे से हमारा यह कार्यक्रम चल रहा है। वैसे तो पूरे जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ाना है। जहां कम मतदान हुआ है उसको भी बढ़ता है वहां पर विशेष ध्यान देना है और जहां अधिक मतदान हुआ है वहां 100% मतदान करवाने का लक्ष्य रखा गया है उसी पर काम किया जा रहा है। 90% से अधिक मतदान वाले 10 बूथ हमारे जिले में हैं उसी को लक्षित कर हम उसमें 100% मतदान करवाने के प्रयास में लगे हुए हैं। जहां कम मतदान हुआ है वहां हम मतदान प्रतिशत बढ़ाने में लगे हुए हैं वैसे भी उमरिया जिले का जो मतदान प्रतिशत है टोटल इन आल प्रदेश से सबसे अधिक उमरिया जिले का है 76 – 77% मतदान हुआ है हमारा लक्ष्य है कि हम 80% मतदान करवाएं।

गौरतलब है कि जिला प्रशासन और उसके सभी सहयोगी भरसक प्रयास में लगे हैं कि मतदान का प्रतिशत बढ़ाया जाए। अब यह तो आने वाला समय ही बताएगा कि जिला प्रशासन की टीम के अथक प्रयास का नतीजा कितना सफल होगा।







