
लाड़ली बहना पर मानपुर भाजपा विधायक की टिप्पणी को आड़े हाथों लिया कांग्रेस ने, जिला कांग्रेस ने किया घोर निन्दा
*लाड़ली बहना योजना बंद करवाना है क्या*

Umaria – जिले की मानपुर 90 विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन की पूर्व कैबिनेट मंत्री मीना सिंह का एक 10 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वह कार्यक्रम के दौरान भारत माता की जय के नारे लगवाती दिखाई दे रही हैं। इसी दौरान जब सामने बैठी कुछ महिलाओं की ओर से नारे नहीं लगाए जाते, तो वह यह कहते हुए सुनाई देती हैं, “महिलाएं क्यों नहीं बोलीं… लाड़ली बहना बंद करना है।” इसी कथित टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।
*ग्राम पंचायत कुदरी नंबर 2 का विडियो*

जानकारी के अनुसार, यह वीडियो ग्राम पंचायत कुदरी नंबर-02 में आयोजित “अटल सेवा सदन” के लोकार्पण कार्यक्रम का बताया जा रहा है। कार्यक्रम में मीना सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। आमंत्रण पत्र में भी उन्हें मानपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन की पूर्व कैबिनेट मंत्री के रूप में आमंत्रित किया गया था।
*सोशल मीडिया पर वायरल*

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे राष्ट्रभक्ति से जुड़ा सामान्य संबोधन मान रहे हैं, जबकि अन्य लोग “लाड़ली बहना” योजना का उल्लेख किए जाने को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह वीडियो लगातार साझा किया जा रहा है। हालांकि, वायरल हो रहा वीडियो केवल करीब 10 सेकंड का है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उक्त टिप्पणी किस संदर्भ में की गई थी और उससे पहले या बाद में क्या कहा गया था। पूरे कार्यक्रम का वीडियो सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं होने के कारण घटनाक्रम की संपूर्ण पृष्ठभूमि सामने नहीं आई है।
*विधायक की तरफ से नहीं आई कोई प्रतिक्रिया*

इस मामले में अब तक विधायक मीना सिंह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है। वहीं प्रशासन या संबंधित अधिकारियों की ओर से भी वायरल वीडियो को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है। वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इसके बावजूद यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और जिले में राजनीतिक चर्चाओं का केंद्र बनी हुई है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि इस वायरल वीडियो को लेकर संबंधित पक्ष की ओर से आगे क्या सफाई या प्रतिक्रिया सामने आती है।
*कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा*

वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष इंजीनियर विजय कोल ने तंज कसते हुए घोर निन्दा किया एवं कहा कि एक जनप्रतिनिधि वह भी सत्ता पक्ष की होने के बाद वह वीडियो में सीधे कहती दिखाई दे रही हैं कि लाडली बहना योजना बंद करवाना है क्या, सरकार की योजना को बंद करवाने की धमकी देना कहां तक उचित है, यदि किसी बहन की इच्छा जय बोलने की नहीं है तो इसका मतलब यह नहीं है कि सरकार के किसी जनहित की योजना को बंद करवाने की धमकी दी जाय, इससे साफ जाहिर होता है कि अब भाजपा का जनाधार खिसकता नजर आ रहा है और आने वाले समय में जनता इन धमकियों का जवाब देगी l
*मानपुर विधायक की लाड़ली बहना पर टिप्पणी का वीडियो वायरल कांग्रेस ने किया निंदा*





