
बाघ के दाँत और जबड़े के बाद अब खाल और कुछ और अंग बोरवेल से हुये बरामद दो और आरोपी गिरफ्तार, कोर जोन मे हुआ था करंट लगा कर शिकार
क्या है मामला

Umaria – बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व में रह – रह कर मिल रहे हैं बाघों के अंग, पार्क प्रबंधन को पता ही नहीं कि कोर जोन में बाघों का अवैध शिकार हो रहा है। यह तो मुखबिर से सूचना मिलने पर इनको पता चला कि हरदुल बैगा के घर मे नाखून और दाँत सहित दो निचले जबड़े रखे हैं, तब पार्क की टीम एक्टिव हुई और छापा मार कार्रवाई की उसके बाद खुलासा होना शुरू हुआ, हालांकि पार्क प्रबंधन ने थोड़ी सी जानकारी देकर अपनी पीठ थपथपा लिया, और अपने आप को अवैध शिकार मामले में एक्टिव बता दिया।
जबकि हकीकत यह है कि ग्राम रोहनिया से लगे कोर जोन मे कुछ वन्य जीव एवं लकड़ी तस्कर इन सबके पीछे हैं और जितने भी लोग पकड़े गये हैं वो सभी उनके मोहरे हैं, यदि पार्क प्रबंधन सघनता और सूझबूझ से उनकी भी तलाश करे तो बहुत बड़ा वन्य जीव तस्कर गिरोह पकड़ा जायेगा।
उप संचालक ने बताया

वहीं उप संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व ने बताया कि ग्राम रोहनिया से सटे बेहरहा क्षेत्र में स्थित एक बोरवेल में तलाशी के दौरान वन्यजीव अवशेष, बरामद किए गए है जिसमें त्वचा सहित अन्य शारीरिक अंग शामिल है ।
वन्यजीव अंगों को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धारा 50 के अंतर्गत विधिवत जप्त कर सरकारी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी बरामद अवशेषों के नमूने एकत्रित कर फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजे गए हैं, ताकि उनकी प्रमाणिकता एवं संबंध की पुष्टि की जा सके। इस प्रकरण की गहन जाँच जारी है। अब तक इस मामले से जुड़े दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में आज प्रस्तुत किया जा रहा हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रभु बैगा पिता भागदीन बैगा उम्र 34 वर्ष, चेतराम अगरिया पिता सुखराम अगरिया, उम्र 27 वर्ष है दोनों निवासी ग्राम रोहनिया है। प्रकरण में सम्मिलित सभी आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धाराओं 9, 27, 39, 44, 50, 51 एवं 52 के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बाघ शिकार मामले मे दो और आरोपी गिरफ्तार कुछ अंग भी बरामद







