
उमरिया – जिले के दौरे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 24 मई को पहुचेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भीड़ जुटाने का कार्य इस बार महिला बाल विकास विभाग की तरफ से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायत के सचिवों एवं रोजगार सहायकों और राजस्व विभाग की तरफ से पटवारियों को सौंपा गया है। सभी की डियूटी बसों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल पर भीड़ जुटाने की लगाई गई है।

वहीं खास बात यह है कि इस समय तेंदू पत्ता तोड़ने का कार्य चरम पर है और तेंदू पत्ता ग्रामीणों के आजीविका का एक साधन है, ऐसे में हम लोग ग्रामीण महिलाओं को कैसे एकत्र कर पाएंगे। गांव की महिलाएं तो सीधे कहती हैं कि मामा हर बार ऐसे ही बड़ी बड़ी बात करके चले जाते हैं, बाद में कुछ नही मिलता है।

अब दूसरी तरफ जिला कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष द्वय राम गोपाल दहिया और

अमरू कोल ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जोर शोर से अपने आप को और भाजपा सरकार को ईमानदार साबित करने के प्रयास में लगे हैं। जिसके चलते अपनी कमी छिपाने के लिए अधिकारियों/कर्मचारियों को निलंबित और सेवा समाप्त करने की घोषणा करते नजर आते हैं लेकिन अपने मंत्रियों और नेताओं के बारे में कुछ भी बोलने से कतराते हैं। मुख्यमंत्री जी पहले अपने मंत्रियों और नेताओं पर नकेल कसिये उसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को भ्रष्टाचार करने से रोकिए, यदि आपके मंत्री ईमानदार होंगे तो पूरा प्रदेश सुधर जाएगा। यदि बात करें उमरिया जिले की तो यहां के मानपुर विधानसभा से विधायक और आपके मंत्रिमंडल में अजाक मंत्री के विभाग में ही मात्र उमरिया जिले में कई करोड़ के घोटाले हुए जो जांच में सिद्ध पाए गए, उन्ही घोटालेबाज अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्कालीन कलेक्टर द्वारा निलंबित करने के बाद मंत्री जी के सहयोग से पुनः उसी पद पर स्थापित कर दिया गया ताकि वो और बड़े घोटाले कर सकें।
मुख्यमंत्री जी यदि ईमानदारी का चोला ही पहनना है तो तो पहले अपने मंत्री के विभाग में हुए घोटालों की जांच करवा कर कार्रवाई कीजिये तब तो आम जनता को भरोसा हो।







