
आपने तस्करों के बहुत से कारनामे सुने होंगे, कोई शरीर मे छिपा कर कुछ ले जाता है तो कोई जूते की एड़ी में तो कोई किसी अन्य तरीके से अवैध पदार्थो की तस्करी करता है लेकिन आज आपको नए तरीके से हो रही तस्करी के बारे में बताते हैं।

यहां बाल्टी में पैसा डालो और 20 सेकेण्ड बाद उसी बाल्टी में गांजा हाजिर।
जी हां चौंकिए मत, आपने सही सुना है यह कोई कहानी या कहावत नहीं है बल्कि हकीकत है जो उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र में और थाने के सामने खुले आम हो रहा है और किसी की मजाल क्या जो कोई रोक ले। हालांकि तस्करी भी बड़ी मेहनत के साथ की जाती है। अब दो मंजिला माकान से बार – बार बाल्टी ऊपर खींचना और नीचे भेजना, मेहनत का ही काम है।
मिली जानकारी के अनुसार अवैध मादक पदार्थ गांजे की तस्करी खुले आम की जा रही है लेकिन सबसे हैरानी की बात तो यह है कि यह तस्करी पुलिस के नाक के नीचे ही हो रही है और पुलिस को इस बात की खबर भी है। फिर भी पता नहीं क्यों पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही।

दरअसल आज शुक्रवार के दिन सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जहां वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि ऊपर छत से एक बाल्टी नीचे आती है और उसमें जैसे ही पैसा रखा जाता है वह बाल्टी वापस ऊपर चली जाती है, उसके चंद सेकंड बाद फिर से वह बाल्टी नीचे आती है और उसमें आपको गाजे की पुड़िया मिल जाएगी।
सुबह 5 बजे से 8 तक चलता है यह खेल
दरअसल यह पूरा मामला उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली थाने के पास का है जहां मुन्नी नाम की यह औरत अपने घर से खुले आम अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करती है। हैरानी की बात तो यह है कि यह पूरा कार्य 5 बजे सुबह से लेकर 8 बजे सुबह तक रहता है। जहां आप इस दौरान धड़ल्ले से खुले आम उसके घर के नीचे से यह मादक पदार्थ गांजा खरीद सकते हैं। क्योंकि उसको पुलिस का भय ही नहीं रह गया है पुलिस उसका कुछ भी नहीं कर पा रही है और ना ही अन्य विभाग के लोग इस पर कार्रवाई कर पा रहे हैं।
खुद तस्कर ने लगाए हैं घर में सीसीटीवी कैमरे
हैरानी की बात तो यह है कि तस्कर महिला अपने घर पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाई है और खुद निगरानी करते हुऐ वह खुले आम यह व्यापार कर रही है।

एसपी ने लिया वायरल वीडियो पर संज्ञान
उमरिया एसपी निवेदिता नायडू को इस बात की खबर लगते ही एसपी ने जांच व कार्रवाई की बात कही है।







