
उमरिया – जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन फिर बाघ ने किया वृद्ध पर हमला। टाइगर रिजर्व के पतौर रेंज अतंर्गत आने वाले ग्राम बमेरा में बाघ ने घर के बगल से बने सार में घुस कर भैंस के ऊपर हमला कर दिया।

भैंसों की आवाज सुन कर देखने के लिए मवेशी मालिक 60 वर्षीय कम्मा यादव सार में गया तो बाघ ने वृद्ध पर हमला कर दिया जिससे वृद्ध गम्भीर रूप से घायल हो गया।

घायल की पत्नी बुईया यादव बताई कि पड़वा की आवाज सुन कर देखने गए तो सार में बाघ घुसा हुआ था हमारे पति नही समझ पाए कि क्या घुसा हुआ है तभी बाघ पड़वा को छोड़ कर इनके ऊपर हमला कर दिया तब ये चिल्लाए तो लड़के लोग दौड़े फिर सभी मिल कर आवाज लगाये तो गांव के लोग दौड़े तब बाघ छलांग लगा कर बाहर भाग गया अभी वहीं गांव में ही है फिर वन विभाग को खबर दिए तब वो लेकर यहां आए हैं।

वहीं पतौर रेंजर अर्पित मेराल ने बताया कि हमको जैसे ही खबर मिली हम तत्काल अपनी गाड़ी से मौके पर पहुंचे वहां टाइगर मौजूद था और विभाग की गाड़ी को वहीं पर टाइगर को भगाने के लिए छोड़ कर घायल कम्मा यादव को लेकर आये यहां डॉक्टरों ने इनकी हालत गम्भीर बता कर जबलपुर रिफर कर दिया है। हम खुद साथ मे जा रहे हैं। इनका जो गांव है वह कोर एरिया में है और विस्थापन की सूची में है, इनका घर किनारे पर है और टाइगर घर के बगल में बने सार में घुस गया था हो सकता है मवेशियों के साथ आ गया होगा। अभी लोकेशन मिली है कि गांव से दूर हो गया है, हमने एहतियातन हाथी के लिए बोल दिया है कि कल सुबह सर्चिंग करेंगे। हम तात्कालिक सहायता राशि देते हैं और जो भी खर्च लगेगा इलाज में विभाग पूरा पैसा देगा।
गौरतलब है कि लगातार तीन दिन में तीन कोनों में टाइगर ने ग्रामीणों पर हमला किया है जिससे साफ जाहिर होता है कि बाघों की संख्या में वृद्धि तो हुई है लेकिन कहीं न कहीं वन्य प्राणियों और मानव का द्वंद लगातार जारी है। इसको रोकने के प्रयास होने आवश्यक हैं नही तो स्थिति विस्फोटक हो सकती है।






