
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में नही थम रहा वन्य जीवों की मौत का सिलसिला, फिर संदिग्ध परिस्थितियों में मिला एक नर तेंदुए का सडा गला शव
क्या हुई घटना

Umaria – जिले का बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व इन दिनों वन्य जीवों की मौत का अखाड़ा बना हुआ है, फिर एक नर तेंदुए का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला और पार्क प्रबंधन वही घिसा पिटा अपना पुराना राग अलाप दिया कि बाघ के साथ आपसी संघर्ष में नर तेंदुए की मौत हो गई है लेकिन इस बार तेंदुए के शरीर के कुछ अंग गायब हो गए हैं।
क्या कहा उप संचालक ने

वहीं उप संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रकाश कुमार वर्मा ने बताया कि दिनांक 02.03.2025 को एक वन्यजीव तेंदुआ का क्षत विक्षत शव पाया गया है, जिसका स्थल वनभूमि कक्ष कमांक आर. एफ-449 बीट सेहरा अ वनपरिक्षेत्र पनपथा कोर के छुईहाई हार अन्तर्गत प्रकाश मे आई। जिस पर एनटीसीए नई दिल्ली एवं कार्यालय मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश, भोपाल से जारी दिशा-निर्देश अनुरूप त्वरित कार्यवाही करते हुये घटना स्थल को सुरक्षित किया गया व डॉग स्क्वाड की सहायता से घटना स्थल एवं उसके आस-पास छानबीन की कार्यवाही की गई। डॉग स्क्वाड की सहायता से छानबीन करने पर घटना स्थल के नजदीक धोबईन के पेड़ पर तेंदुये के चढ़ने के निशान तथा नर बाघ के पंजों के निशान पाये गये। संभवतः तेंदुये की मृत्यु का कारण बाघ द्वारा मारा जाना है। पोस्टमार्टम विशेषज्ञ वन्यजीव चिकित्सकों के नाम (1) डॉ० वैभव शुक्ला, पशु चिकित्सक वन विभाग कार्यालय भोपाल (2) डॉ० विपिनचन्द्र आदर्श, पशु चिकित्सक मानपुर के द्वारा किया गया है। वन्यजीव तेंदुआ के संबंध में अग्रिम जॉच कार्यवाही जारी है। निर्धारित प्रक्रिया अनुसार शवदाह /भस्मीकरण की कार्यवाही उप संचालक, तहसीलदार, एनटीसीए के प्रतिनिधि व अन्य की उपस्थिति में की गई। उपरोक्त समस्त कार्यवाही की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की गई है। प्रकरण मे वन अपराध प्रकरण 444/03 दिनांक 02.03.2025 दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही जारी है।
क्या हो रहा है इन दिनों बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में

गौरतलब है कि मृत तेंदुए का शव कई दिन पुराना सड़ा गला हुआ पाया गया तो वहीं कई अंग गायब मिले हैं जिसको शियार द्वारा खाना बताया जा रहा है। वहीं यदि देखा जाय तो जब से उप संचालक का पद प्रकाश कुमार वर्मा ने ग्रहण किया है तब से अब तक ढेरों वन्य जीवों की मौत हो चुकी है और लगभग सभी के शव सड़े गले हालत में ही मिले हैं और किसी भी वन्य जीव की मौत होती है तो इनका एक ही जबाब होता है कि आपसी संघर्ष में मौत हुई है, इतना ही नही अब तो मृत वन्य जीव की उम्र का भी इनको पता नही चलता है, बस एक औपचारिक प्रेस नोट जारी कर अपने कर्तव्यों की इतिश्री कर लेते हैं। जिससे प्रतीत होता है कि इनका ध्यान वन्य जीवों की सुरक्षा से ज्यादा बजट की तरफ है, इनको यहां से हटा कर इनके कार्यकाल की सूक्ष्मता से जांच करवाई जाय ताकि सारी सच्चाई सामने आ सके।
तेंदुए की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत शरीर के कुछ अंग गायब






