Home विधानसभा चुनाव जानिये मानपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास एक नजर में

जानिये मानपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास एक नजर में

1039
0

उमरिया – जिले की दोनो विधानसभा में एक है मानपुर विधानसभा क्षेत्र 90 जिसमें दो जनपद पंचायत आती है, पहली है मानपुर और दूसरी है पाली। जहां लगातार 2003 से भाजपा का कब्जा है। 2008 में परिसीमन होने के बाद वर्तमान में प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री मीना सिंह लगातार विधायक हैं और इस बार भी विधानसभा क्षेत्र मानपुर 90 से ही भाजपा की प्रत्याशी होने के साथ अपना नामांकन दाखिल कर चुकी हैं।


इतना ही नही मानपुर विधानसभा क्षेत्र के सम्पूर्ण विकास की बात भी कर रही हैं, उनका कहना है कि अब जनता जो काम कहेगी वह किया जाएगा। विकास के कार्य तो बहुत हो चुके हैं, स्कूल, कालेज, आईटीआई सब खुल चुका है, स्कूलों के भवन बन चुके हैं, पुल पुलिया, बांध बन चुके हैं।


अब आइए आपको सारे विकास की हकीकत बताते हैं,
मानपुर विधानसभा मुख्यालय में बस स्टैण्ड नही है, एक भी शौचालय, मूत्रायल नही है, वहां यदि किसी महिला या पुरुष को यूरिन पास करने के लिए जाना हो बेचारे यहां – वहां भटकते हैं, कई बार तो महिलाओं पर वहां खड़े लोग फब्तियां कसते नजर आते हैं। विधानसभा मुख्यालय होने के बाद वहां सर्किट हाउस, सामुदायिक भवन नही है।

अब थोड़ा आगे चलें तो पनपथा से इंदवार रोड 20 वर्षों में नही बन पाई, आज भी लोग गिट्टी में फिसलते हुए जाते हैं, बहुतों की तो दुर्घटना में मौत हो चुकी है, बहुत लोग घायल हो रहे हैं।
वहीं मानपुर से पाली रोड में ग्राम नेउसी से बगदरी तक लगभग 3 – 4 किलोमीटर सड़क आज तक नही बनी।

ग्राम चितरांव के आदिवासी मोहल्ले में 37 वर्षों से बिजली नही है, वहां के लोग आवेदन देकर थक गए लेकिन बिजली की रोशनी नही देख सके।


अब ग्राम जोबी की बात करें तो बगल से बाणसागर डैम लगा हुआ है वहीं के विस्थापित लोग रहते हैं लेकिन पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं।


अब डैम की बात करें तो भडारी, भदार और वनदेही (वनबेई) सिंचाई परियोजना आज तक अधूरी पड़ी है, इनका भूमि अधिग्रहण ही अधूरा हुआ है, क्षेत्र की जनता परेशान है।

अब चिकित्सा की बात करें तो सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मानपुर, इंदवार, अमरपुर और भी जो हैं, चिकित्सक नही हैं, यदि किसी की दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है तो पोस्टमार्टम के लिए 40 से 50 किलोमीटर दूर शव को लेकर आना पड़ता है। यदि कोई गम्भीर हो जाता है तो शहडोल, उमरिया, बरही, कटनी भेजा जाता है।

बिजली की बात करें तो तीन – तीन साल से ट्रांसफार्मर जले हुए हैं, बच्चे पढ़ाई नही कर पाते हैं, किसान फसल को पानी नही दे पाते हैं, लोगों के मोबाइल चार्ज नही हो पाते हैं। क्षेत्र की जनता बिजली मामले को लेकर मंत्री जी का घर भी घेर चुकी है।

अब स्कूल भवन की बात करें तो बेशक भवन बने हैं लेकिन कैसे बने हैं उसका नमूना देखना हो तो आप पडवार चले जाइये जहां जनवरी में मंत्री जी ने स्कूल भवन का लोकार्पण किया और जुलाई में बच्चे छाता लगा कर कक्षा में बैठे थे, वहां के प्रधानाध्यापक ने जिला शिक्षाधिकारी को लिखित में शिकायत भी दिया है, इतना ही नही शिक्षकों का तो पता ही नही है, बच्चों को पढ़ाये कौन, बेचारे भवन में बैठ तो जाते हैं लेकिन अध्यापक का इंतजार करते रहते हैं कि शायद मामा या दीदी कोई तो भेज दें।
कालेज की बात करें तो मानपुर में कालेज खोल दिया गया है लेकिन प्रोफेसर नही आये।अब आईटीआई की तरफ देखें तो करोड़ों का भवन बन गया सत्र शुरू हुआ और बन्द करके सभी छात्रों को उमरिया भेज दिया गया।

टाइगर रिजर्व की तरफ देखें तो वहां भी ऐसा विकास हुआ है कि आये दिन कोई न कोई ग्रामीण जंगली जानवरों का शिकार हो रहा है। किसी न किसी क्षेत्र में विवाद होता ही रहता है।


अब पुल पुलियों की बात करें तो, चरणगंगा पुल आठ साल पहले इसका निर्माण चालू हुआ था, एमपीआरडीसी निर्माण एजेंसी है। वर्तमान में यहां पुल की ढलाई तो हो गई लेकिन सड़क न बनने से लोग परेशान हैं। भड़ारी नदी पुल मानपुर को ब्यौहारी और शहडोल से जोड़ता है। इसका काम तो हो गया लेकिन एप्रोच रोड अधूरी है, लोग परेशान हैं।
जोहिला का पोड़ी रपटा
वर्तमान में पोड़ी रपटा पर मात्र पिलर खड़े हैं। सालों से काम ठप पड़ा है। हर साल बारिश के चार माह आवाजाही ठप हो जाती है। रपटा पार करने के दौरान कई लोग बहकर जान गवां चुके हैं। यह पाली के दुर्गम क्षेत्र को नगर से जोड़ता है। मानपुर व बांधवगढ़ विधानसभा को आपस में जोड़ता है।
यह तो रहा मानपुर जनपद पंचायत का विकास। अगले अंक में पाली जनपद पंचायत के विकास के साथ मिलेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here