
उमरिया – “डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम” के अंतर्गत सराहनीय कार्य के लिए प्रदेश के 15 जिला कलेक्टरों को 18 जुलाई को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे से विज्ञान भवन नई दिल्ली में आयोजित होगा।
डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम में 99 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि के लिए देश के कुल 75 जिलों के कलेक्टर को यह सम्मान दिया जाएगा। इसमें मध्य प्रदेश के 15 जिलों के कलेक्टर्स को “भूमि सम्मान प्लेटिनम प्रमाणपत्र” से सम्मानित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के भोपाल, उमरिया, अनूपपुर, हरदा, खरगोन, अलीराजपुर, गुना, आगर मालवा, नीमच, टीकमगढ़, उज्जैन, इंदौर, विदिशा, सिंगरौली और सीधी जिले के कलेक्टर्स सम्मानित होंगे।

वहीं उमरिया कलेक्टर डॉक्टर कृष्ण देव त्रिपाठी ने बताया कि कुछ व्यस्तता के चलते हम अपनी तरफ से प्रभारी अधीक्षक भू अभिलेख एवं तहसीलदार बांधवगढ़ सतीश सोनी को भेज रहे हैं जो महामहिम राष्ट्रपति जी से प्रमाण पत्र लेकर आएंगे।
वहीं प्रदेश होने वाले चुनाव और विभागीय कार्यों के चलते प्रदेश से 6 – 7 कलेक्टर्स ही जा पाएंगे बाकी जिलों से अपने प्रतिनिधि भेज रहे हैं।







