Home क्राइम एक तरफ सी एम का कार्यक्रम दूसरी तरफ 3 गरीब मजदूरों की...

एक तरफ सी एम का कार्यक्रम दूसरी तरफ 3 गरीब मजदूरों की मौत का सच

277
0

एक तरफ प्रदेश के मुखिया का कार्यक्रम पाली मे चल रहा था और दूसरी तरफ तीन घटनाओं मे तीन गरीब मजदूरों की मौत हो गई, जिम्मेदार पल्ला झाड किनारे,

3 गरीब मजदूरों की भयानक मौत

Umaria – जिले के पाली मे 4 जून को प्रदेश के मुख्यमंत्री पेसा एक्ट से जुड़े लोगों को अपना उद्बोधन दे रहे थे और दूसरी तरफ तीन गरीब मजदूरों की भयानक मौत हो गई। बड़ी बात तो यह है कि तीनों मजदूरों के ठेकेदार पूरे मामले से कन्नी काट लिये।

पहली घटना नौरोजाबाद में

आपको पहली घटना बताते हैँ जो नौरोजाबाद मे निर्माणाधीन अस्पताल मे हुई जिसमें लिफ्ट लगाते समय वार्ड नंबर पांच दईगँवा निवासी 35 वर्षीय अजय कोल पिता कल्लू कोल ऊपर से गिरा और उसकी मौत हो गई, बड़ी बात तो यह रही कि ठेकेदार अभय सिंह गायब हो गया, न मजदूर के परिवार को कोई आर्थिक सहायता दिया और न ही किसी तरह के सुरक्षा उपकरण दिए गये थे। मृतक के पिता कल्लू कोल ने बताया कि कल ही बेटी का तिलक जाने वाला था और 10 जून को शादी है, पूरी जबाबदारी अजय की ही थी अब हमारी बेटी की शादी कैसे होंगी।

दूसरी घटना मंगठार में

वहीं दूसरी घटना संजय गाँधी थर्मल पावर प्लांट मंगठार मे हुई जिसमे नौरोजाबाद वार्ड नंबर 7 निवासी मजदूर सीताराम साकेत पिता नारायण प्रसाद साकेत उम्र लगभग 35 वर्ष ठेकेदार शिव किरण इंजीनियरिंग वर्क्स प्रोपराइटर मनीष मिश्रा के यहाँ कार्य कर रहा था, ठेकेदार को बैगन ट्रिपलर के ऊपर की सीट के रिपेयरिंग का कार्य मिला था और ठेकेदार द्वारा सीताराम से बिना किसी सेफ्टी उपकरण के कार्य करवाया जा रहा था, उसी दौरान सीट टूटने से सीताराम नीचे गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया जिसको आनन फानन मे ठेकेदार द्वारा निजी अस्पताल मे दिखाने के नाम पर शहडोल ले जाया गया और वहां सरकारी अस्पताल मे डाल दिया गया जहाँ इलाज न मिलने से उसकी मौत हो गई, थर्मल पावर के अधिकारियो और ठेकेदार की लापरवाही के चलते एक मजदूर की मौत हो गई और उसका परिवार बिखर गया।

तीसरी घटना अमानवीयता की तस्वीर

अब तीसरी मौत बधवा टोला और चंगेरा के बीच हुई जिसकी भनक तक किसी को नहीं लगी, इस घटना मे पी एच ई के द्वारा पाईप लाइन बिछवाने का कार्य करवाया जा रहा है, जिसकी समस्त जिम्मेदारी इंजिनियर आर के गुप्ता की है और इसका ठेकेदार कटनी निवासी अजय द्विवेदी हैँ जो ओमकार्य काँस्ट्रक्शन कम्पनी के नाम से काम करते हैँ, दिनांक 4 मई को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जल प्रदाय योजना का पाईप लाइन बिछाने के लिये फयूरी मशीन अर्थात मिक्सचर मशीन को लेकर हेल्पर को भेज दिया गया। हेल्पर राजा कुमार चौधरी पिता राम मिलन चौधरी उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम विलायत कला थाना बड़वारा जिला कटनी ज़ब मशीन लेकर गया तो पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण ऊँची नीची जमीन मे मशीन पलट गई और राजा की मौत हो गई, आनन – फानन मे 108 एम्बुलेंस को सूचना दी गई लेकिन सभी एम्बुलेंस सी एम डियूटी मे लगी रही फिर भी लगभग दो बजे एक 108 एम्बुलेंस घटना स्थल पर पहुंची और उसको जीवित बता कर ठेकेदार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले गया जहाँ डाक्टरों ने मृत घोषित कर पुलिस को तहरीर भेज दिया। हालांकि घटना स्थल का थाना नौरोजाबाद लगता है लेकिन ठेकेदार और इंजिनियर ने नौरोजाबाद पुलिस को सूचना देना उचित नहीं समझा और न ही मृतक के परिजनों को सूचना दिया।

राजा की मौत को छिपा कर रखे

ठेकेदार ने शाम को लगभग 6 बजे मृतक के परिजनों को सूचना न देकर ग्राम विलायत कला निवासी फयूरी मशीन के मालिक विनोद रजक को सूचना दिया और विनोद ने मृतक के परिजनों को सूचना दिया तब वहां से उसके परिजन आये और दूसरे दिन अर्थात 5 मई को शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंपा गया।

मृतक के भाई ने बताया

मृतक राजा के बड़े भाई राज कुमार चौधरी ने बताया कि ठेकेदार, इंजिनियर और विनोद रजक मिल कर सब लीपापोती कर दिए यदि मेरे भाई को समय पर इलाज मिल जाता तो वह बच जाता, ये लोग मिल कर हमारे भाई को मार दिए, उससे फयूरी मशीन चलाते नहीं बनता था वो तो हेल्पर रहा लेकिन ये लोग जबरन उससे मशीन चलावाये जिसके कारण उसकी मौत हो गई और घटना स्थल से सब कुछ हटा दिए थे, हमारे भाई की शादी भी तय हो गई थी, इंगेजमेंट होने वाला था, इन लोगों ने पुलिस को भी सूचना नहीं दिया, हम अपने भाई का शव खुद वाहन करके घर लाये हैँ, बाद मे विनोद रजक आया और 6800/- घर मे रख कर भाग गया। ठेकेदार, इंजिनियर और विनोद रजक के ऊपर हत्या का प्रकरण दर्ज होना चाहिये।

जिम्मेदारों ने नही उठाया फोन

इन तीनो मामलों मे ज़ब संजय गाँधी थर्मल पावर के सी ई से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होने फोन रिसीव नहीं किया वहीं निर्माणाधीन अस्पताल के ठेकेदार अभय सिंह से भी बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने भी फोन नहीं उठाया और ज़ब कटनी के ठेकेदार अजय द्विवेदी से बात किया गया तो उन्होने कहा कि मेरी कोई जबाबदारी नहीं है, मशीन मालिक विनोद रजक जाने, वहीं ज़ब पी एच ई के इंजिनियर आर के गुप्ता से बात करने का प्रयास किया गया तो वो भी फोन रिसीव नहीं किये।

प्रशासन और शासन की उपेक्षा के शिकार

गौरतलब है कि आदिवासी और हरिजन का मसीहा कहलाने वाली सरकार मे सरकार के नुमाइंदे खुले आम इन गरीबों का शोषण करते हैँ और इनको काम मे लगाने के बाद न तो किसी तरह का सुरक्षा उपकरण देते हैँ और काम के दौरान मृत्यु होने पर पल्ला झाड़ कर किनारे हो जाते हैँ, वहीं गरीब परिवार तबाह हो जाता है, उनके बच्चे अनाथ हो जाते हैँ और इनकी सुनने वाला कोई नहीं है, ऐसी थोथी घोषणा का क्या फायदा, आवश्यकता है इन परिवारों को उचित क्षतिपूर्ती देने और जिम्मेदार अधिकारियों, ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करने की, ताकि दुबारा किसी गरीब हरिजन, आदिवासी मजदूर की जान के साथ खिलवाड़ न कर सकें।

एक तरफ सी एम का कार्यक्रम दूसरी तरफ 3 गरीब मजदूरों की मौत का सच

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here