
रविवार की रात बाघ के हमले से वृद्ध की मौत हुई थी जिसका शव सोमवार को सुबह जंगल मे मिला तो वहीं शाम को युवक पर बाघ ने हमला कर घायल कर दिया।
उमरिया – जिले का बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व इन दिनों बाघों के कारण अत्यधिक सुर्खियों में है। कहीं बाघों की मौत तो कहीं ग्रामीणों की मौत। कहीं बाघ गांव में घुस रहे हैं कहीं घरों में घुस रहे हैं तो कहीं आबादी क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं।
रविवार की देर शाम मवेशी चरा कर वापस लौट रहे वृद्ध पर हमला कर बाघ ने मौत की नींद सुला दिया, सोमवार को सुबह शव जंगलों में मिला। वहीं सोमवार को शाम को ग्राम कसेरू में बाघ ने मित्तू सिंह पिता बुद्धा सिंह उम्र 23 वर्ष को घायल कर दिया है, हमले के बाद घायल युवक को टाइगर रिजर्व की टीम नज़दीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर ले जा कर भर्ती करवाई, घायल के कमर और हाथ को बाघ ने चोट किया है।

जनवरी से लेकर अब तक 7 मौत 10 घायल
जनवरी 2023 से लेकर अब तक बाघ के हमले से 7 लोगों की मौत हो चुकी है।
21 जनवरी को बाघ ग्राम पटपरिहा निवासी 14 वर्षीय किशोर को अपने मुंह मे दबा कर ले गया था जिसमे उसकी मौत हो गई थी।
22 मार्च को ग्राम झाल निवासी 57 वर्षीय नत्थू लाल पाल को महुआ बीनते समय मार दिया जिसमें उसकी मौत हो गई थी।
2 अप्रैल को मचखेता में ग्राम बिजौरी निवासी 22 वर्षीय अनुज बैगा शौच के लिए गया था तभी बाघ ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया था।
30 अप्रैल को ग्राम ताला नरवार निवासी 36 वर्षीय लल्लू सिंह उर्फ मान सिंह विवाह समारोह में शामिल होने जा रहा था तो उसको मझौली में बाघ ने मौत के घाट उतार दिया था।
22 जुलाई को मचखेता निवासी 19 वर्षीय अजय बैगा को मवेशी चराने के दौरान बाघ ने अटैक कर मौत के घाट उतार दिया था।
20 सितंबर को ग्राम बमेरा निवासी 60 वर्षीय कम्मा यादव को घर मे घुस कर हमला किया जिसमें कम्मा यादव की मौत हो गई थी।
1 अक्टूबर को ग्राम गाटा निवासी 64 वर्षीय राम मिलन चौधरी को मवेशी चरा कर लौटते समय देर शाम को बाघ ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
जनवरी 2023 से लेकर अब तक 10 लोग बाघ के हमले से घायल हो चुके है।
21 जनवरी को मांसाहारी जीवों का साइन सर्वे कर वापस लौट रहे डिप्टी रेंजर जितेन्द्र सिंह परिहार को बाघ ने घायल कर दिया था।
23 मार्च को मानपुर निवासी 28 वर्षीया चानी बाई बैगा को ज्वालामुखी में महुआ बीनने के दौरान बाघ ने घायल कर दिया था।
15 जून को ग्राम बदरेहल निवासी 32 वर्षीया द्रोपती गिरी शौच के लिए गई थी तभी बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था।
13 जुलाई को ग्राम रंछा निवासी 40 वर्षीय भगवान दीन अगरिया मवेशी चराने गया था और महुआ की गोही बीन रहा था तभी बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था, भैसों ने उसकी जान बचाई थी।
21 जुलाई को ग्राम बड़खेरा निवासी 62 वर्षीय राम शरण बैगा मवेशी चरा कर वापस लौट रहा था तभी बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था तब उसकी पत्नी दौड़ कर जान बचाई थी।
22 जुलाई को जगुआ बीट में मवेशी चराने के दौरान ग्राम जगुआ निवासी 20 वर्षीय कमलेश भूमिया को बाघ ने घायल कर दिया था।
25 जुलाई को ग्राम देवरी निवासी 62 वर्षीया बिसरती बाई बैगा महुआ की गोही तोड़ने गई थी उसी दौरान बाघ ने घायल कर दिया था।
18 सितम्बर को बकेली बीट में 70 वर्षीय बद्री यादव को मवेशी चराने के दौरान बाघ ने घायल कर दिया था।
18 सितम्बर को ही ग्राम पटेहरा निवासी 18 वर्षीय श्याम किशोर पाल को मवेशी चरा कर वापस लौटते समय बाघ ने हमला कर घायल कर दिया था।
2 अक्टूबर को ग्राम कसेरू निवासी 23 वर्षीय मित्तू सिंह को बाघ भागने के दौरान बाघ ने घायल कर दिया है।
इस तरह बाघ ने 9 माह में 17 लोगों को बाघ ने अपना निशाना बनाया जिसमे 7 की मौत हो गई और 10 घायल हो गए।
कितना है बांधवगढ़ का क्षेत्रफल और कितने हैं बाघ
आपको बता दें कि दुनिया के मानचित्र पर अपना अलग स्थान रखने वाला बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व बाघों के घनत्व के मामले में खास है, इसका कोर जोन का क्षेत्रफल 700 वर्ग किलोमीटर है और बफर जोन का क्षेत्रफल 800 वर्ग किलोमीटर है। यदि दोनो का योग देखें तो 1500 वर्ग किलोमीटर होता है। इसी को यदि हेक्टेयर में जानें तो 1,50,000 हेक्टेयर में फैला हुआ है।
बाघों की संख्या और बाघ एवं मानव द्वंद के कारण
अभी हाल में हुई बाघ गणना के जो आंकड़े आये हैं, उसमें अकेले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 165 की संख्या सामने आई है।
वन्य जीव विशेषज्ञ रिटायर्ड एसडीओ एन एस कोरचे का कहना है कि 1 बाघ को कम से कम 10 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र अपनी टेरेटरी के लिए चाहिए, वह भी तब जब उसके लिए शिकार पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो, जैसे सम्हार, चीतल, हिरन, नीलगाय आदि। यदि ऐसा नही होता है तो एक बाघ का क्षेत्र 45 से 50 वर्ग किलोमीटर का होता है।
वहीं बांधवगढ़ टाइगर के प्रभारी क्षेत्र संचालक और वन्य जीव मित्र लखन लाल उइके का कहना है कि बाघ जब स्वस्थ्य रहता है तो जंगली जानवरों का शिकार आसानी से कर लेता है, लेकिन जब वह अस्वस्थ हो या घायल हो अथवा बूढ़ा हो रहा हो, जब उसकी शक्ति क्षीण होने लगती है उस समय उसको जंगली जानवरों का शिकार करने में काफी कठिनाई होती तब वह पालतू मवेशियों के शिकार के लिए दौड़ता है, क्योंकि पालतू मवेशियों का शिकार आसानी से हो जाता है।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में गणना के अनुसार तो 165 बाघ हैं, लेकिन सच यह है कि यहां और अधिक बाघ हैं। अब इनको रहने और विचरण करने के लिए भी उतनी जगह होनी चाहिए। यदि 165 बाघ ही मान लिया जाय तो प्रति बाघ 10 वर्ग किलोमीटर के हिसाब से कम से कम 1650 वर्ग किलोमीटर का एरिया बाघों को चाहिए और यहां मात्र 700 वर्ग किलोमीटर का ही कोर जोन है। 800 वर्ग किलोमीटर बफर जोन है जहां मानव निवास करते हैं। अब मानव के बीच बाघ जाएंगे तो स्वाभाविक है कि दोनो के रहन – सहन, स्वभाव में अंतर होने के कारण द्वंद तो होगा ही। एक और बड़ा कारण है कि वन्य जीवों में जो शक्तिशाली होगा वही उस क्षेत्र में काबिज होगा, जो पूर्ण वयस्क बाघ है खास कर नर बाघ, वो शक्ति के बल पर अपनी टेरेटरी बनाये हुए हैं और उस पर काबिज हैं। जो किशोर और युवा तैयार हो रहे हैं उनको भी अपना अलग क्षेत्र चाहिए, लेकिन जगह ही नही है, मात्र 700 वर्ग किलोमीटर में पहले से 70 बाघ काबिज हैं वो अपने एरिया में घुसने ही नही देते। अब 95 बाघों को अपने लिए सुरक्षित जगह चाहिए तो गांवों की ओर रुख करते हैं, जिसके चलते लगातार बाघ और मानव द्वंद हो रहा है।
यदि देखा जाय तो बाघ बहुत ही शांत स्वभाव और एकांतप्रिय होता है, गौर करें तो अधिकतर घटनाएं महुआ बीनने के दौरान ही होती हैं। कुछ वन्य जीव विशेषज्ञों का मानना है कि जब महिला या पुरुष झुक कर महुआ या कुछ भी बीनते हैं तो बाघ को धोखा हो जाता है कि ये कोई जानवर है, लेकिन मारने के बाद जैसे ही एहसास होता है कि ये इंसान है तो छोड़ कर भाग जाता है। वहीं मवेशी चराने के दौरान होने वाली घटनाओं के पीछे का बड़ा कारण है, जब बाघ भूखा होता है और किसी मवेशी पर हमला करता है तो उसका चरवाहा या मालिक अपने मवेशी को बचाने के लिए बाघ से भिड़ जाता है और दुर्घटना का शिकार हो जाता है।
बाघ और मानव द्वंद रोकने के उपाय
लगातार बढ़ रहे मानव और बाघ के बीच द्वंद को रोकने के लिए प्रदेश एवं केन्द्र सरकार को आगे आना होगा। सरकार को चाहिए कि बाघों के लिए संरक्षित क्षेत्र को बढ़ाये या फिर बाघों को उन जगह शिफ्ट करें जहां इनकी कमी है। साथ ही वन विभाग के कर्मचारियों/अधिकारियों को अपने स्वभाव में बदलाव लाना होगा, बहुत से ऐसे कर्मचारी हैं जो ग्रामीणों को धमकी देकर उनका खून चूसने में लगे रहते हैं तो वहीं कुछ अधिकारी/कर्मचारी ऐसे भी हैं जो ग्रामीणों के लिए दिन और रात एक करके मदद करते हैं। ग्रामों के विस्थापन की नीति में परिवर्तन कर उनकी सुविधा के आधार पर नीति बनाई जाय जिसमे ग्रामीण खुशी से विस्थापित हो सकें। लगातार मैदान में गश्त हो ताकि बाघों के विचरण की खबर रह सके। लोगों को जागरूक किया जाय ताकि ऐसे क्षेत्र में इंसान प्रवेश न करे।







