Home बांधवगढ़ बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के उप संचालक पर करोड़ों के घोटाले एवं फर्जीवाड़े...

बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के उप संचालक पर करोड़ों के घोटाले एवं फर्जीवाड़े के आरोप

127
0

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में जब से उप संचालक के पद पर प्रकाश कुमार वर्मा ने पद भार ग्रहण किया तब से लगातार घोटाले के आरोप लगते रहे, शिकायत के बाद हुए जांच के आदेश, 20 जनवरी को हुई सुनवाई

बड़े घोटाले के आरोप

उमरिया – जिले का बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व हमेशा से सुर्खियों में रहा है, चाहे बाघों की मौत हो या हाथियों की मौत हो या फिर वन्य जीव एवं मानव द्वंद्व हो लेकिन अब घोटाले को लेकर फिर सुर्ख़ियों में आ गया है। अब उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा पर पद का दुरुपयोग कर नियम विरुद्ध कार्य करने और शासकीय राशि के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में एक विस्तृत शिकायत प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, मध्यप्रदेश को सौंपी गई थी। शिकायतकर्ता सामाजिक कार्यकर्ता सुशील लेवी हैं, जिन्होंने कई बिंदुओं पर वित्तीय अनियमितताओं, अवैध खनन और निजी लाभ के लिए सरकारी संसाधनों के उपयोग के आरोप लगाए हैं।

अपने चहेते को किये लाभान्वित

शिकायत के अनुसार, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में विकास निधि मद के तहत लगभग 16 करोड़ रुपये का बजट है, जिसमें से स्थानांतरण के बाद शेष 4 से 5 करोड़ रुपये का कथित रूप से अनियमित तरीके से व्यय किया गया। आरोप है कि एन.एच. इंडस्ट्रीज और महालक्ष्मी ट्रेडर्स जैसी फर्मों के नाम पर काल्पनिक बिल पास कर शासकीय राशि का गबन किया गया। इन फर्मों के संचालकों के उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा से पारिवारिक और निजी संबंध होने का भी उल्लेख किया गया है। जिसका सबूत नीरज तिवारी पिता स्वर्गीय श्री रामजीत तिवारी निवासी ग्राम कोष्टा पोस्ट रतहरा जिला रीवा के विवाह का कार्ड है जिसमें प्रेषक श्रीमती किरण वर्मा, श्री प्रकाश कुमार वर्मा ग्राम कोष्टा पोस्ट रतहरा, श्रीरामनगर कालोनी जिला रीवा लिखा हुआ है।

फर्जी बिल भी किये पास

शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक निजी बोलेरो वाहन क्रमांक एम पी 04 जेड एस 3140 जिसके मालिक एन एच इंडस्ट्रीज नीरज तिवारी निवासी चैनपुरा बघवाज जिला श्योपुर को बिना किसी वैध अनुबंध के शासकीय कार्य में दर्शा कर किराया 20 हजार रूपए प्रति माह और टाइगर रिज़र्व की परची से डीजल देकर हर माह आहरित किए गए। इसके अलावा, निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाले गौण खनिजों के लिए बिना रॉयल्टी और बिना ट्रांजिट परमिट के बिल पास किए जाने का आरोप है, जो मध्यप्रदेश खनिज नियमों का सीधा उल्लंघन बताया गया है। आरोपों में यह भी शामिल है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र के नदी-नालों से अवैध रेत और मिट्टी खनन कराया गया।

रात में कराई गई सफारी

वन्यजीव संरक्षण से जुड़े मामलों में भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में दावा किया गया है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में रात के समय सफारी कराई गई और बाघों सहित अन्य वन्यजीवों के गायब होने की घटनाओं की निष्पक्ष जांच के लिए ये बिंदु महत्वपूर्ण हैं।

जांच के आदेश जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, मध्यप्रदेश ने जांच के निर्देश दिए हैं। इसके तहत राज्य वन अनुसंधान संस्थान, जबलपुर द्वारा 20 जनवरी 2026 को अपरान्ह 4 बजे जांच निर्धारित की गई थी। संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। पत्र में यह भी उल्लेख है कि शिकायत में शिकायतकर्ता का पता और मोबाइल नंबर नहीं है, ऐसे में उनकी जानकारी होने पर उन्हें जांच की तिथि और समय से अवगत कराया जाए।

आर टी आई की अनदेखी पर अपील

वहीं सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि मेरे द्वारा सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत दिनांक 17/01/2025 को श्री प्रकाश कुमार वर्मा के जाति संबंधी जानकारी मांगी गई थी लेकिन वह जानकारी नहीं दी गई तब मेरे द्वारा अपीलीय अधिकारी क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के यहां अपील की गई लेकिन उनके द्वारा अपील पर सुनवाई करते हुए जानकारी नहीं दी गई तब मेरे द्वारा मध्यप्रदेश राज्य सूचना आयोग कार्यालय में दिनांक 24/06/2025 को अपील किया गया जहां अभी प्रकरण चल रहा है। इनके द्वारा जानकारी नहीं देने से ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ संदिग्ध है।

बड़े भाई सामान्य और ये अ ज जा

अब दूसरी तरफ देखा जाय तो इनके सगे बड़े भाई श्री बिहारी लाल वर्मा पिता स्वर्गीय श्री मांगी लाल वर्मा निवासी महेश्वर जिला खरगोन जो इंदौर सी सी एफ कार्यालय में शीघ्र लिपिक थे वहां से सेवा निवृत्त हुए हैं और उनकी जाति के आगे सामान्य लिखा हुआ है, वहीं प्रकाश कुमार वर्मा पिता स्वर्गीय श्री मांगी लाल वर्मा निवासी महेश्वर जिला खरगोन के जाति के सामने अ ज जा लिखा हुआ है, इससे लगता है कि ये फर्जी जाति प्रमाण पत्र पर नौकरी कर रहे हैं, इसीलिए इनको जाति प्रमाण पत्र देने में दिक्कत हो रही है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

उप संचालक ने कहा

वहीं, इस पूरे मामले पर उप संचालक प्रकाश कुमार वर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि आरोप कोई भी लगा सकता है। जांच होगी तो तथ्य सामने आ जाएंगे और सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे सभी आरोपों का जवाब जांच के दौरान देंगे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग

गौरतलब है कि प्रदेश की मोहन सरकार ईमानदारी की दुहाई देती है और उसी सरकार की नाक के नीचे इतना बड़ा घोटाला और फर्जीवाड़ा, सरकार की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है, आवश्यकता है उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की ताकि सच्चाई सामने आ सके।

बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व के उप संचालक पर करोड़ों के घोटाले एवं फर्जीवाड़े के आरोप

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here