
उमरिया – कोतवाली थाना अंतर्गत घोघरी घाट पर छात्राओं से भरी बस क्रमांक एमपी 04 पीए 4024 के देर रात करीब 11 बजे अनियंत्रित होकर खाई के बगल में तिरछी होकर फंस गई है।

प्रभारी कोतवाली थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा ने बताया कि बस में शहडोल और बुढार की सारी आदिवासी बच्चियां थीं जो जबलपुर हॉस्टल में रह कर महिला सशक्तिकरण के तहत 6 माह का कम्प्यूटर कोर्स कर रही थी, अभी रक्षाबंधन पर्व आने के कारण कालेज के संचालक द्वारा सभी बच्चियों को घर भेजा जा रहा था।
जो सभी रेडियंट कालेज जबलपुर से कम्प्यूटर परीक्षा देकर वापस शहडोल आ रही थी, इसी बीच घोघरी घाट पर बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई जो नीचे जाकर किसी चट्टान में तिरछी फंस गई।
पुलिस के अनुसार 45 के आसपास बस में सवार छात्राओं में 3 छात्रायें जिसमें, नंदिनी मराबी पुत्री सुरेश मराबी निवासी ग्राम कठौतिया, काजल कोल पुत्री उमेश कोल निवासी मंडी खुर्द थाना धनपुरी और रोशनी कोल पुत्री नंद लाल कोल निवासी ग्राम केरहा थाना सिंहपुर की घायल हुई है। जिसमे एक छात्रा को कुछ अधिक चोट आई है और 2 छात्राओं को हल्की चोट आई है।

उन्हें इलाज के लिए एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लाया गया है। घटना की जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस के साथ बिलासपुर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची है और सभी छात्राओं को सुरक्षित उमरिया लाया गया है वहीं कोतवाली पुलिस द्वारा सभी के सामान को भी वहीं एक व्यवसायी का कमरा खुलवा कर सुरक्षित करवा दिया गया है।







