
उमरिया – जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली रेंज अंतर्गत बरतराई बीट में इन दिनों लेन्टाना उखाड़ने का कार्य किया जा रहा है, उसी दौरान बरतराई कैम्प के पास बनी तलैया से कुछ दूरी पर मानव नर कंकाल मिलने से मजदूरों में भय व्याप्त हो गया। कार्यरत मजदूरों ने डियूटी पर मौजूद वन रक्षक को सूचना दिए।

वहीं इस मामले में खितौली रेंजर स्वस्ति श्री जैन ने बताया कि खितौली वन परिक्षेत्र के बरतराई बीट अंतर्गत आरएफ 357 में नर कंकाल मिलने की सूचना हमारे अमले द्वारा हमको दी गई तब हम मौके पर जाकर देखे तो कंकाल काफी पुराना लग रहा था और पूरी हड्डियां भी नही मिली थी तब उसको तलाशने का निर्देश देकर हमने पुलिस को सूचना दे दिया।

वहीं इस मामले में एसडीओपी उमरिया नागेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि हमको वन विभाग द्वारा जैसे ही सूचना प्राप्त हुई हम कोतवाली उमरिया की टीम लेकर तत्काल मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किये और कोतवाली को निर्देशित किये, कंकाल की जप्ती कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हालांकि वन विभाग और पुलिस अपनी – अपनी कार्रवाई करने में जुटी है, लेकिन सवाल यह उठता है कि कंकाल किसका है और वहां कैसे पहुंचा, किसने जंगल मे दफनाया, मृत व्यक्ति के पैर में स्टील की रॉड पड़ी थी तो ऐसा कौन हो सकता है, क्या किसी जंगली जानवर का शिकार हो गया या किसी ने हत्या कर शव को दफना दिया। सारी बातों का खुलासा मेडिकल जांच के बाद ही हो पायेगा।







