
उमरिया – जिले के मानपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाली सोन नदी में ग्राम भमरहा बचहा टोला निवासी 11 वर्षीय मासूम बालिका पैर फिसलने से बह गई।

घटना के बारे में मानपुर थाना प्रभारी सुन्द्रेश सिंह मेराबी ने बताया कि कल दिन में लगभग 11 बजे ग्राम भमरहा के बचहा टोला निवासी 11 वर्षीया बालिका आशा सिंह पिता सुरेश सिंह सोन नदी के किनारे बकरी चरा रही थी। बकरियां नदी तरफ जाने लगी तो उनको वापस करने के लिए गई तभी पैर फिसलने से नदी की धार में चली गई।
जैसे ही पुलिस को लगभग साढ़े 12 बजे सूचना मिली तत्काल पुलिस टीम रवाना हुई और एसडीआरएफ टीम को सूचना देकर बुलाया गया।

पुलिस, एसडीआरएफ की टीम और ग्रामीणों की मदद से कल शाम तक पता तलाश जारी रहा लेकिन अँधेला होने के कारण रात में तलाशी अभियान बन्द करना पड़ा और आज सुबह से फिर से तलाश कार्य शुरू किया गया तो घटना स्थल से लगभग 20 किलोमीटर दूर हंचौरा घाट में बच्ची का शव उतराता हुआ मिला। जिसको बरामद कर मर्ग पंचनामा कार्रवाई की जाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा, आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।







