
उमरिया – जिले से प्रदेश की अजाक मंत्री और मानपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक के क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझोखर में सरकारी राशन दुकान के कोटेदार द्वारा हितग्राहियों को सड़ा हुआ गेंहू बांटने का मामला सामने आने के बाद मीडिया के हस्तक्षेप के बाद जांच करने पहुंची खाद्य विभाग की टीम भी सवालों के घेरे में है। वहीं हितग्राही शिव कुमार यादव जांच टीम के सामने हकीकत बताने लगा तो कोटेदार के द्वारा जांच टीम के सामने ही शिव कुमार को और गांव के हितग्राहियों को धमकी दिया जाने लगा।

धमकी देता कोटेदार
दरअसल जिले से मध्यप्रदेश शासन में कैबिनेट मंत्री अजाक मंत्री के विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाली ग्राम मझोखर में उचित मूल्य दुकान के संचालक के द्वारा ग्रामीणों को मिलने वाले राशन को ब्लैक में बेच दिया गया है और 2 महीने का राशन उन्हें नही दिया। कोटेदार के द्वारा राशन के नाम पर पुराना सडा हुआ, घुन लगा गेंहू कुछ हितग्राहियों को बांट दिया गया। जिसके बाद शिकायत होने पर मचे हो-हल्ला के बाद खाद्य विभाग की जांच टीम मौके पर पहुंची जहां ग्रामीणों ने, कोटेदार के द्वारा दिया गया सड़ा गेंहू दिखाया। वहीं सबसे बड़ी बात यह है कि पीडीएस में एक वर्ष से गेंहू आबंटित ही नही हुआ है तो इनके यहां गेंहू कहाँ से आया और ये कैसे वितरित कर दिए वहीं ग्रामीणों ने जांच टीम को बताया कि राशन दुकान में इसी तरीके का सडा गेंहू और भी रखा हुआ है।

बैठे अधिकारी और सड़ा गेंहू
परंतु जांच टीम ने न तो उस गेंहू को जप्त किया और न ही दुकान को सील किया है। ग्रामीणों ने बताया कि कोटेदार के द्वारा राशन के नाम पर बांटा गया घुन लगा गेंहू जांच टीम को भी दिखाया गया है। जांच टीम भी अब सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों का कहना है कोटेदार के द्वारा सड़ा हुआ गेंहू बांटने की शिकायत के बाद भी कोटेदार पर कार्यवाही होना तो दूर बल्कि अब उसके द्वारा गरीब शिकायतकर्ताओ को धमकी देने और उन्हें देख लेने की धमकी दी जा रही है। जांच टीम के सामने ही दुकानदार धमकी देता नजर आ रहा है, जिससे साफ जाहिर होता है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े सभी लोग एक ही थैली के चट्टेबट्टे हैं।
खाद्य विभाग की इस कार्यप्रणाली को देख कर ऐसा लगता है कि गरीब हितग्राही शिकायत कर दे तो विभाग की लाटरी लग जाती है। दूसरी तरफ चुनावी वर्ष में प्रदेश के मुखिया जोरशोर से जनता को लुभाने और अनेकों सुविधाएं देने में लगे हैं और उन्ही के नुमाइंदे जनता के शिकायतों की अनदेखी कर खुद का हित साधने में लगे हैं। जिले के जिला आपूर्ति अधिकारी तो मीठी मीठी बातें कर मंत्री, विधायक, नेता, कलेक्टर सभी को गुमराह करने में महारथ हासिल किए है। इस समय आवश्यकता है, ऐसे अधिकारी की जांच करवा कर सख्त कार्रवाई करवाने की, और आम जनता को राहत दिलवाने की।







