
जिले में सरपंच की दबंगई के आगे सी ई ओ जिला पंचायत और पी एच ई विभाग पंगु नजर आ रहा है, ग्रामीण शिकायत कर परेशान हैं, सरपंच भी ठाठ से सरकारी हैण्ड पम्प पर जमाया अपना अधिपत्य
क्या है पूरा मामला

Umaria – जिले में जिसकी लाठी उसकी भैंस वाली कहावत चरितार्थ हो रही है, 25 वर्ष पूर्व पी एच ई विभाग द्वारा गांव में रहने वाले आम लोगों को पानी पीने के लिये सार्वजनिक हैण्ड पम्प लगाया गया था, उससे पूरे बस्ती के लोगों का गुजारा होता था लेकिन ज़ब से इस पंचवर्षीय में नई महिला सरपंच बनी है तब से उसका पति दबंगई करते हुये ग्रामीणों के एक मात्र पेय जल के स्त्रोत पर कब्जा करते हुये आम रास्ते पर अतिक्रमण कर हैण्ड पम्प को अपने बाउंड्री के भीतर कर लिया है। जबकि जल संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकारें आम जन के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं, जल संरक्षण और संवर्धन अभियान चलाया जाता है, गांव – गांव में पेय जल की व्यवस्था की जा रही है तो वहीं जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दुग्बार की महिला सरपंच सत्या महरा का पति कोमल महरा ग्राम डिडौड़ी में सरकारी हैण्ड पम्प एवं जमीन को अपने कब्जे मे कर बाउंड्रीवाल बना कर भीतर कर लिया है, ग्रामीण शिकायत कर परेशान हैं, कोई सुनने वाला नहीं है।
ग्रामीण उमेश यादव ने बताया

ग्राम डिडौड़ी निवासी उमेश यादव ने बताया कि हम लगातार शिकायत कर रहे हैं यहाँ तक सी एम हेल्पलाइन में भी शिकायत किये हैं जिस पर आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई है, हम गरीब लोग हैं, हमारे पास पानी पीने की कोई व्यवस्था नहीं है, ये सरपंच पति कोमल महरा अतिक्रमण कर बाउंड्रीवाल बना कर हैण्ड पम्प अपने भीतर कर लिये हैं, जाँच करने एक दिन आये थे लेकिन कोई निराकरण नहीं हुआ, पानी की किल्लत है, इस पूरे एरिया में एक ही हैण्ड पम्प है उसको भी भीतर कर लिये हैं।
जगरूक नागरिक उपेन्द्र सिंह ने बताया

वहीं गांव के ही जागरूक नागरिक उपेन्द्र सिंह ने बताया कि लगभग 25 से 30 साल पहले यहाँ पर एक ही हैण्ड पम्प लगा था और जैसे चुनाव हुआ नये महिला सरपंच बनी और हमको जानकारी लगी कि हैण्ड पम्प को अंदर कर रहे हैं तो मैंने 181 में शिकायत किया और उसमें, एल 1, एल 2, एल 3 और क्या – क्या होता है, अभी तीन दिन पहले कोई अधिकारी जांच करने आए थे और वह यह कह रहे थे कि हैंड पंप को गिरवा दें तो यह कोई बात तो नहीं है, यहां यादव परिवार रहते हैं और गरीब हैं उनको पानी पीने की व्यवस्था नहीं है, वह तो सरपंच है बोर करवा लेगा सब कुछ करवा लेगा पैसा है मगर यह गरीब कहां जाएंगे, रोड के बगल से शासकीय जमीन पर कब्जा करके हैंड पंप अपने बाड़ी के भीतर कर लिया है, इतना ही नहीं सरपंच का बेटा कहता है कि मैं देख लूंगा हमने भी कह दिया कि भाई देख लो जो देखना है मगर गांव वालों को पानी चाहिए।
सी ई ओ जिला पंचायत की दलील

वही इस संबंध में जब सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह उमरिया से बात की गई तो उनका कहना है कि यह मैंने पेपर में देखा था उसकी पेपर कटिंग मैंने देखा था और वह किस आधार पर अंदर किया है मैं इसको देखूंगा पता लगाऊंगा वही जब पूछा गया कि पी एच ई के अधिकारी गए थे तो कहे कि वह मेरे को जानकारी नहीं है मैं थोड़ा पता लगा लूं।
जिले के अधिकारियों के हाल

गौरतलब है कि ज़ब महीनों से ग्रामीण हर अधिकारी का दरवाजा खटखटा रहे हैं तब सी ई ओ जिला पंचायत का यह जबाब कि हमको पता नहीं है, हम पता लगवा लें तब बता पायेंगें, इससे साफ जाहिर होता है कि जिले के अधिकारी आम जनता के प्रति कितने सजग और उत्तरदायी हैं, और जिले की स्थिति क्या है सहज़ ही अनुमान लगाया जा सकता है।
बाहुबली सरपंच की दबंगई सरकारी हैण्ड पम्प पर कब्जा सी ई ओ जिला पंचायत भी लाचार




