
आपने भ्रष्टाचार के बहुत से नमूने देखे होंगे लेकिन यहाँ ऐसा भी होता है कि तालाब को पाट कर दस हजार वर्गफुट मे दस लाख की मिट्टी डाल दिए और जिले के अधिकारी मौन व्रत धारण कर लिये
भ्रष्टाचार का बोलबाला

Umaria – जिला इन दिनों भ्रष्टाचार के मामले मे प्रदेश मे अपना अलग स्थान रखता है, यहाँ जिस विभाग की तरफ नजर दौड़ाएंगे उधर ही एक से बढ़ कर एक दिग्गज भ्रष्टाचार मचाते हुये नजर आएंगे, भले ही वो बातें ईमानदारी की करते हों लेकिन ढ़ोल मे तो हमेशा पोल होता है।
तालाब को पाट कर बनाये खेल मैदान

जी हाँ हम आपको मानपुर विधानसभा क्षेत्र मे आने वाली ग्राम पंचायत डोंगरी टोला का एक नमूना दिखा रहे हैँ जहाँ 100 वर्ष पुराने तालाब को पाट कर खेल का मैदान बना दिया गया। ग्राम पंचायत डोंगरी टोला के ग्राम बसेही मे 10 हजार वर्ग फुट में 10 लाख रुपए की मिट्टी डाल कर खेल मैदान बन गया वह भी तालाब को पाटकर। यहाँ सरकार की योजनाओं को कैसे पलीता लगाते हैँ, सामने दिख रहा है, एक तरफ सरकार जल संरक्षण और संवर्धन के लिए हर संभव प्रयास कर रहीं हैं वहीं दूसरी तरफ पंचायत के कर्णधारों ने मिल कर तालाब के कैचमेंट एरिया को ही पाट दिया और मैदान बना डाला।
ग्रामीणों ने शुरू किया विरोध

जिसका अब विरोध शुरू हो गया है, ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार पानी बचाने व तालाब को व्यवस्थित करने में जुटी है और यहां सरपंच सचिव ने मिल कर पैसों की लालच में तालाब को ही खेल मैदान में बदल दिया, इस बात की शिकायत भी जनपद से लेकर जिले तक की गई लेकिन जिले मे भ्रष्टाचार इस कदर मुंह फैलाया है कि नीचे से लेकर ऊपर तक सभी एक ही रंग मे रंगे हुये हैँ, भले ही सी ई ओ जिला पंचायत समीक्षा बैठक मे सचिवों, रोजगार साहयकों, इंजिनियरों को निलंबित कर दें या शोकाज नोटिस देकर दिखावा कर दें लेकिन वाजिब शिकायत पर चुप्पी साध कर बैठ जाते हैँ, ज़ब मिडिया इस बात की जानकारी चाहता है तो कैमरे के सामने आने से मना कर देते हैँ, यह हाल एक अधिकारी का नहीं है, जिले के सभी बड़े अधिकारियों का यही हाल है।
कागजों में विकास

यहाँ तो कागजों मे भरपूर विकास दिखेगा, शासन की सारी योजनायें सुचारु रूप से संचालित दिखेगी, जिससे प्रदेश मे बैठे अधिकारी भी प्रसन्न होकर ईनाम दे देते हैँ लेकिन जमीन पर कुछ नहीं मिलेगा, यदि मिलेगा तो भ्रष्टाचार, दबंगई, फर्जी जानकारी आदि।
जमीन का बड़ा रकवा ही रिकार्ड से गायब

ऐसा नहीं है कि मात्र बड़े अधिकारी ही भ्रष्टाचार कर रहे हैँ, नीचे वाले भी कहीं कम नहीं हैँ, यहाँ तो वही कहावत चरितार्थ होती नजर आती है कि “बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभानअल्लाह” यहाँ तो जमीन का बड़ा हिस्सा ही रिकार्ड से गायब हो गया, जो पूर्व के रिकार्ड मे आराजी खसरा नंबर 35/1 रकवा 2.132 हेक्टेयर था लेकिन ऐसा भ्रष्टाचार हुआ कि अब वही आराजी खसरा नंबर मात्र 0.132 हेक्टेयर बचा दो हेक्टेयर जमीन अर्थात 5 एकड़ जमीन ही रिकार्ड से गायब हो गई, अब इसमे कौन – कौन शामिल है यह तो ईमानदारी से जाँच होने पर ही पता चलेगा लेकिन सवाल यह है कि यहाँ ईमानदारी से जाँच करेगा कौन ?
सरकार की योजनाओं को लगा रहे पलीता

एक समय था ज़ब राजा – महाराजा, इलाकेदार, नगर और गांव के बड़े आदमी आम जनता, राहगीर के लिये फलदार पौधे लगावते थे, कुंए, तालाब, बावड़ी खुदावाते थे और आज सरपंच, सचिव पुराने तालाबों को ही गायब कर सरकार की योजनाओं को पलीता लगा रहे हैँ, ज़ब कि जल स्तर नीचे गिरता जा रहा है।
मुकेश कोल ने बताया

ग्राम बसेही निवासी मुकेश कोल ने बताया कि यह 100 वर्ष पुराना तालाब है और हमारे बाप दादा यहाँ से हमेशा निस्तार करते रहे और सरपंच सचिव मिल कर इसको पाट कर खेल मैदान बना दिए, हम लोग हर जगह शिकायत किये लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है।
जागरूक नागरिक ओ पी गौतम ने बताया

वहीं गांव के जगरूक नागरिक ओ पी गौतम ने बताया कि यह ग्राम पंचायत डोंगरी टोला अंतर्गत ग्राम बसेही है यहाँ विकास के नाम पर मात्र भ्रष्टाचार हो रहा है, जहाँ हम लोग खड़े हैँ, यह 100 वर्ष पुराना तालाब है और इसको पाट कर खेल मैदान मे तब्दील किया गया है, यहाँ नाना प्रकार के भ्रष्टाचार हैँ जैसे रेटिंग वाल हो गया, स्टाप डैम हो गया जो कि राबूद पड़ा हुआ है, ग्रामीणों की दिनचर्या मे तालाब जल ही जीवन है, यहाँ के ग्रामीण नाना प्रकार का उपयोग करते हैँ, पशु पानी पीते हैँ, सारे उपयोग इसी तालाब से होते थे, जहाँ अपन लोग खड़े हैँ यहाँ से आगे तक जो पुलिया है वह जल भराव एरिया है जिसको सरपंच के द्वारा पाट कर खेल मैदान मे तब्दील किया गया है, इसका हमने विरोध किया है, जनपद पंचायत को शिकायत पत्र के माध्यम से विरोध किया, जिला पंचायत को शिकायत पत्र के माध्यम से विरोध किया, सरपंच को भी हमने कहा लेकिन आज तक किसी तरह की कोई कार्यवाई नहीं हुई है सरपंच अपने मनमानी तरीके से कम कर रहा है।
गांव के बुजुर्ग राम चरण गौतम ने बताया

वहीं गांव के बुजुर्ग नागरिक राम चरण गौतम ने बताया कि यह जो नंबर है 35/1 है और वह 5एकड़ 27 डिसमिल है लेकिन वर्तमान मे खसरे मे मात्र 132 आर ए है जबकि पूर्व खसरा 2 हेक्टेयर 132 आर ए था इस समय 2 हेक्टेयर को हटा दिया गया है, अब मात्र 132 आर ए बची है, मतलब 33 डिसमिल लिखा हुआ है, यह किसने लिखा इसकी जानकारी नहीं है, अब 33 डिसमिल जमीन मे दस लाख की मिट्टी कैसे पड़ गई यही समझ मे नहीं आ रहा है, जबकि उसमें तालाब, खेर दाई, स्कूल, आंगनबाडी है, सभी संस्थाएं हैँ, इसका पता लगाकर उसकी पूर्ववत रखा जाए और दुरुस्त किया जाए अब यह खेल मैदान बन गया पूरी जमीन गायब हो गई।
प्रदेश के मुखिया की नजर में जिला उपेक्षित

गौरतलब है कि जिले मे भ्रष्टाचार सुरसा की तरह मुंह फैलाये हुये है और जिले की जनता जिले से लेकर प्रदेश तक शिकायत कर थक जाती है लेकिन नतीजा शिफर ही रहता है, जिसको देख कर लगता है कि प्रदेश के मुखिया की नजर मे जिला उपेक्षित है, जिसके चलते यहाँ मनमानी और भ्रष्टाचार का बोलबाला है।
ओह माय गॉड ऐसा भी भ्रष्टाचार 10 हजार वर्गफुट मे 10 लाख की मिट्टी







