
आदिवासी ब्लाक के सैकड़ों ग्रामीण कोल कंपनी के खिलाफ आये कलेक्टर के पास फरियाद करने और कलेक्टर की बेरुखी ने उनको किया निराश
कलेक्टर की बेरुखी से फरियादी हुये निराश

Umaria – जिले के आदिवासी ब्लाक पाली के सैकड़ों आदिवासी महिला – पुरुष अपनी समस्या लेकर कलेक्टर कार्यालय में जिले के कलेक्टर से शिकायत करने पहुंचे थे लेकिन उमरिया कलेक्टर की उनके प्रति बेरुखी इन सब आदिवासियों को दुखी कर दिया अब यह आदिवासी मीडिया को बताने से नहीं थक रहे हैं कि उमरिया कलेक्टर ने उनके साथ ऐसी बदसलूकी क्यों की, अब इन आदिवासियों का कहना है कि हमारे आवेदन को तो नहीं सुना गया मगर अब हम हाई कोर्ट की शरण में इंसाफ के लिए जाएंगे और जेएसडब्ल्यू कंपनी के खिलाफ पिटीशन दायर करने को अब मजबूर हैं, क्योंकि यहां के कलेक्टर कोल माइंस की जेएसडब्ल्यू कंपनी से मिले हुए हैं ऐसा आरोप ग्रामीणों ने मीडिया के सामने लगाया है इसके बाद जब मीडिया कर्मियों ने उमरिया कलेक्टर से बात करनी चाही तो उमरिया कलेक्टर ने कहा कि इस संबंध में मैं कमरे के सामने कुछ भी नहीं बोलूंगा।
क्या है पूरा मामला

वहीं पूरा मामला इस तरह है कि उमरिया जिले का जनपद पंचायत पाली आदिवासी जनपद है और वहां कोयला उत्खनन के लिए दो कम्पनियों को अलग – अलग दो कोल ब्लॉक का ठेका मिला है जिसमे एक श्रीरामा सीमेन्ट कंपनी बिलासपुर छत्तीसगढ़ है दूसरी जेएसडब्ल्यू कम्पनी है, पूर्व में जब कोल ब्लॉक का सर्वे हुआ था तो उस समय भारत सरकार और कोल इंडिया ने खुली खदान के लिए निर्णय लिया और नोटिफिकेशन जारी किया था लेकिन बाद में जब निजीकरण के तहत दो कम्पनियों को अलग – अलग दो कोल ब्लॉक का ठेका मिला तो जेएसडब्ल्यू ने फर्जी तौर पर खुली खदान की जगह भूमिगत खदान खोलने की तैयारी कर लिया, जबकि पूर्व में एसईसीएल द्वारा करोड़ों रुपये का मुआवजा किसानों को दिया जा चुका है और बहुत सी भूमि भी अधिग्रहित कर ली गई है लेकिन वह क्षेत्र बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से लगा होने के कारण वन विभाग ने एनओसी नही दिया। जिसके कारण जेएसडब्ल्यू ने हेरफेर कर अंडरग्राउंड माइंस खोलने की तैयारी कर लिया और इसी का विरोध क्षेत्र के आदिवासी किसान करने अपनी फरियाद लेकर कलेक्टर के पास पहुंच गए और कलेक्टर ने उनको दो टूक जबाब दे दिया।
क्या कहा ग्रामीण मिंटू सिंह ने

इस मामले में ग्राम रौगढ़ से आये किसान मिंटू सिंह ने बताया कि हमारे यहां कोई जे एस डब्ल्यू करके कंपनी है कोयला खोदने का काम कर रही है, जब हम लोगों ने उनसे पूछा तो उन्होंने कहा कि आपके यहां सभी को रोजगार मिलेगा, ओपन कास्ट माइंस खुलेगी और जितनी सुविधाएं हैं वह सब आप लोगों को दी जाएगी फिर अचानक उसमें फेरबदल कर अंडरग्राउंड माइन्स खोलने की तैयारी होने लगी, जब हम वहां के अधिकारी कोई तिवारी जी हैं उनसे बात किया कि तिवारी जी कैसे अंडरग्राउंड हो गई तो उनने कह दिया कि आप शासन से बात करिए हमसे कोई बात करने की जरूरत नहीं है। इस बात को लेकर जब हम कलेक्टर साहब से बोले सामने विधायक जी भी बैठी थी, तब वह बोले कि आप सरपंच को मोहरा बना कर लाए हैं, आप सरपंच को यूज कर रहे हैं, जब कलेक्टर साहब की ऐसी भाषा होगी तो आम आदमी को क्या न्याय मिलेगा, वही कलेक्टर साहब ने यह भी कहा कि जेएसडब्ल्यू वाले मेरे पास आए थे और कह रहे थे कि उनको धमकाया गया है, जबकि हमने पाली थाना में इसकी रिपोर्ट भी दर्ज करवाया है उनने फर्जी तरीके से एनओसी प्राप्त करने की भी कोशिश की है, पाली टी आई ने हमको जांच का आश्वासन दिया लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, हमको कहना नहीं चाहिए लेकिन शासन प्रशासन और मुख्यमंत्री सभी का इसमें सहयोग हो सकता है, अब हम लोग कमिश्नर के पास जाएंगे यदि कमिश्नर भी नहीं सुनेंगे तो पी आई एल दायर करेंगे, हम लोगों को कुछ लोग मना कर रहे थे कि आप लोग कलेक्टर के पास मत जाइए वह सब मिले हुए हैं आपकी नहीं सुनेंगे, हमको पहले भी बताया गया था मगर फिर भी हम एक न्याय की उम्मीद लेकर आए थे कि जिले के कलेक्टर सबसे बड़े अधिकारी होते हैं लेकिन वह हमसे इस ढंग से बात करने लगे तो उम्मीद ही टूट गई।
रंछी बाई बैगा ने भी कहा

वहीं ग्राम रौगढ़ से आई रंछी बाई बैगा ने भी बताया कि हम उम्मीद लेकर आए हैं कि हमारे यहां अगर कालरी खुल रही है और अंडरग्राउंड खुल रही है तो हमारे पेड़ पौधे सब सूख जाएंगे, हम कहां जाएंगे, हम बिना पानी के हो जाएंगे हमारे खेत में अन्न नहीं होगा तो हम क्या करेंगे, क्या खाएंगे, हमारा कलेक्टर महोदय से यह विनती है कि अंडरग्राउंड खोलें या ओपन कास्ट खोलें हमको हमारा मुआवजा चाहिए, हमारा जितना घर द्वार खेती बारी है, उसका पैसा और हमको नौकरी चाहिए। जब हम लोग कलेक्टर से मिलने गए तो उन्होंने कहा कि तुम्हारे भर गांव में नहीं है दो-चार गांव में और खुलेगी कालरी, वह अंडरग्राउंड खोलेंगे तो ढाई फीट गहराई में जमीन तुम्हारी है और उसके बाद उनकी है तो हम क्या कर सकते हैं।
कलेक्टर बोलने से किये मना

इस मामले में जब जिले के कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन से बात किया गया कि आदिवासी ब्लॉक पाली के ग्राम रौगढ, खोलखमरा, मालाचुआ, मरवाटोला, शाहपुर, हथपुरा गाँव के निवासी आपके पास शिकायत को लेकर आये हैं कि उनके गांव में जेएसडब्ल्यू कंपनी के द्वारा ओपन कास्ट कोल माइंस खोलने का निर्णय केंद्र सरकार के द्वारा लिया गया था लेकिन कंपनी के जिद के कारण इस कोल माइंस को अंडरग्राउंड में बदलने का निर्णय लिया गया है, तो उन्होंने सीधे कह दिया कि इस मामले में मैं कुछ भी नही बोलूंगा, ये लोग सरपंच को भी बरगला कर लाये हैं।
क्या है आदिवासियों की स्थिति

गौरतलब है कि आदिवासी हित की बात करने वाली सरकार के राज्य में आदिवासी ही प्रताड़ित हो रहे हैं और उनके नुमाइंदे गरीब आदिवासियों को टका से जबाब देकर उनको निराश कर रहे हैं।
जेएसडब्ल्यू से परेशान ग्रामीण कलेक्टर पर मिले होने का लगाए आरोप





