
भ्रष्टाचार के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं जिसमे जिले में आज रीवा लोकायुक्त ने दो बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पंचायत सचिवों को रंगे हाथों ट्रैप किया
किसको किया ट्रैप

उमरिया – जिले में रीवा लोकायुक्त की टीम ने 2 बड़ी कार्रवाई किया जहां सुबह भाजपा से मानपुर नगर परिषद अध्यक्ष भारती सोनी के सगे जेठ ग्राम पंचायत माला के सचिव संतोष सोनी को 10000 रुपये की रिश्वत लेते ट्रैप किया वहीं शाम को ग्राम पंचायत पठारी कला के सचिव रामू सोनी जो अपने आप को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का सर संघ खण्ड कार्यवाह बताते हैं, उनको पुराना बस स्टैंड में मोची की दुकान में 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
क्या कहे आरएसएस के जिम्मेदार

इस मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिम्मेदार पदाधिकारी ने बताया कि इनकी लगातार शिकायतें आने के कारण इनको 3 वर्ष पूर्व पद से मुक्त कर दिया गया था हालांकि अभी भी अपने आप को संघ का सदस्य बताते हैं। सबसे बड़ी बात तो यह है कि दोनो पंचायत सचिव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे देशभक्त संस्था और भाजपा को बदनाम कर दिया।
क्या कहा फरियादी ने

मानपुर में लोकायुक्त की टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए संतोष सोनी के मामले में फरियादी अंकुर तिवारी ने बताया कि मेरे द्वारा ग्राम पंचायत माला में अमृत सरोवर निर्माण का काम जेसीबी मशीन के द्वारा किया गया था उसके बिल भुगतान के लिए मेरी इनसे बातचीत चल रही थी उसमें इन्होंने कहा था कि मेरे को ऊपर भी पैसा देना पड़ता है आप उसकी व्यवस्था करो साढ़े सात परसेंट लगता है अभी 2 लाख रुपये का बिल लगाने के लिए कह रहे थे मेरा ज्यादा पैसा हो रहा है लेकिन 2 लाख रुपये का बिल लगाने के लिए कह रहे थे जिसमें 15 हजार रुपये की मांग किए थे 5 हजार रुपये मैं कल उनके घर जाकर पहुंचा दिया था और आज 10 हजार रुपये इनको दिया तब रीवा लोकायुक्त वाले साहब आकर श्री संतोष कुमार सोनी को पकड़े हैं।
लोकायुक्त निरीक्षक ने बताया

वहीं इस मामले में रीवा लोकायुक्त निरीक्षक संदीप भदोरिया ने बताया कि आवेदक द्वारा संतोष सोनी ग्राम पंचायत माला जनपद मानपुर के सचिव द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी जेसीबी मशीन से वहां काम करवाया गया था 5 हजार रुपये उसको रिश्वत के रूप में पूर्व में दिए गए थे और आज 10 हजार रुपये रिश्वत लेते ट्रैक किया गया आगे प्रकरण में विवेचना जारी है।
दूसरे फरियादी ने क्या कहा

वहीं शाम को दूसरे मामले में रीवा लोकायुक्त की दूसरी टीम द्वारा ग्राम पंचायत पठारी कला के सचिव रामू सोनी को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते ट्रैप के मामले में फरियादी नत्थू लाल बैगा ने बताया कि मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए 5 हजार रुपये मेरे से मांगे थे राजकुमार बैगा मेरा लड़का था उसका मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बना हुआ है इसलिए मैं मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए गया था तब मेरे से कहे कि 5 हजार रुपये चाहिए तब मैं बनाऊंगा, तब मैं पैसे का जुगाड़मेंट करने लगा तो आज 5 हजार रुपये दिया सेक्रेटरी साहब रामू सोनी जी को।
दूसरे मामले में लोकायुक्त निरीक्षक ने क्या कहा

इस बारे में रीवा लोकायुक्त निरीक्षक जिया उल हक ने बताया कि ग्राम पंचायत पठारी कला के नत्थू लाल बैगा ने एसपी साहब के पास शिकायत किया था कि उनके बेटे की मृत्यु वर्ष 2019 में हो गई थी जिसका मृत्यु प्रमाण पत्र अभी तक जारी नहीं हो पाया था इसके लिए उन्होंने लोक सेवा गारंटी में आवेदन दिया था प्रोसेस चल रहा था इसी बीच ग्राम पंचायत के जो सचिव हैं रामू सोनी जी ने मृत्य प्रमाणपत्र जारी करने के लिए 5 हजार रुपये की डिमांड की इसकी शिकायत होने पर पुलिस अधीक्षक महोदय के द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, सत्यापन के पश्चात जब शिकायत सही पाई गई तो आज टीम गठित कर कार्रवाई की गई पुराने बस स्टैंड के पास आरोपी को पकड़ा गया है अग्रिम कार्रवाई के लिए यहां लाकर कार्रवाई की जा रही है, पैसे की डिमांड की गई और पैसे लेते हुए पकड़ा जाकर यहां लाकर कार्रवाई की जा रही है, मानपुर में आज संदीप भदोरिया इंस्पेक्टर के द्वारा कार्रवाई की गई है आज जिले में दो कार्यवाही हुई है और दोनों सफल रही है।
जिले में भ्रष्टाचार का आलम

गौरतलब है कि जब पंचायत स्तर पर इतना भ्रष्टाचार है तो बड़े स्तर पर कितना होगा, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं ईमानदारी का चोला ओढ़ने वाले अधिकारी और कर्मचारियों की रंगत साफ नजर आ रही है भले ही वह ईमानदारी का दम भरते हो मगर उनकी ईमानदारी का खुलासा ऐसे ही मौका पर लोकायुक्त और ईओडब्ल्यू जैसी टीमें करती हैं। हालांकि यह कोई पहला मामला नहीं है पूर्व में भी जिले में जनपद पंचायत के 2 सीईओ, जिला आबकारी अधिकारी और कई विभागों के लोग ट्रैप हो चुके हैं, ऐसे में प्रदेश सरकार को चाहिए कि ऐसे भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारियों को तत्काल सेवा से बर्खास्त करें ताकि कथित सुशासन लोगों की नजर में आ सके।
रीवा लोकायुक्त की दो बड़ी कार्रवाई दो ग्राम पंचायत सचिव रिश्वत लेते ट्रैप





