
उमरिया – जिले के बांधवगढ टाइगर रिज़र्व अंतर्गत मानपुर रेंज के पटेहरा बीट में फिर एक बाघ की मौत हो गई है। इस मामले में मानपुर रेंजर मुकेश अहिरवार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, बफर जोन अन्तर्गत पी एफ 640 नरेश साहू के घर के आगे नदी से कुछ दूर पर छुईहाई हार में बाघ का मृत शरीर मिला है। उच्च अधिकारियों को सूचना दिया गया है टीम के साथ हम जल्द ही घटना स्थल पहुंच रहे है।

टाइगर की मौत किन परिस्थितियों में हुई है और कैसे हुई है इसकी जानकारी पोस्टमार्टम के बाद ही मिल सकेगी, अभी टाइगर रिजर्व के अधिकारी, डॉग स्क्वायड और डॉक्टर पहुंचने वाले हैं। 5 से 6 घंटे बाद ही खुलासा हो पायेगा, अभी नर है या मादा इसकी भी जानकारी नही है और उम्र का भी कोई अंदाजा नही है।
देर शाम पार्क प्रबंधन ने जानकारी देते हुए बताया कि बाघ का सर गायब है, जो पानी मे बह गया होगा, 1 किलोमीटर एरिया में सर्च करवाया गया, कहीं नही मिला है कल फिर सर्च करवाया जाएगा। उसकी उम्र नही बताई गई वहीं यह भी बताए कि 3 डॉक्टरों द्वारा शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है, बाकी सारे अवयव पाए गए हैं, अंगों को प्रिजर्व कर बाकी शव जला दिया गया।
गौरतलब है कि बांधवगढ टाइगर रिज़र्व में हो रही बाघों की लगातार मौत किसी रहस्य से कम नही है। अभी 28 अगस्त को पटेहरा बीट के ही कक्ष क्रमांक पी एफ 640 के चरपरिहा हार में मादा बाघ की संदिग्ध मौत हुई थी जिसको पार्क प्रबंधन आपसी लड़ाई बताया था और आज सड़ी गली हालत में फिर पटेहरा बीट के कक्ष क्रमांक पी एफ 641 में गांव के बगल से बाघ का शव मिलना और सर गायब होना तथा बाकी अवयव पूरे पाए जाने की दुहाई पार्क प्रबंधन दे रहा है, जबकि फोटो में आगे का पैर भी नजर नही आ रहा है। अब अगर पार्क प्रबंधन की बात मान ली जाय तो क्या बाघ का सार मिट्टी या रेत का था जो पानी मे घुल कर बह गया। कहीं न कहीं यह घटना अवैध शिकार के अंदेशे को भी जन्म देती है। 6 माह में 10 से 11 बाघों की मौत हो चुकी है और सभी आपसी लड़ाई में मारे गए हैं लेकिन जिससे लड़ाई होती है उसमें एक की ही मौत होती है और दूसरा बिना घायल हुए ही भाग जाता है। अभी कोविड काल गुजरा है, मनुष्य भले ही मास्क लगाने से परहेज करता था लेकिन बाघ इतने अनुशासित हैं कि आज भी मास्क लगाते हैं, लड़ाई भी करते हैं तो आवाज नही आती, मुंह बन्द करके लड़ते हैं, उनको भी डर रहता है कि रात भर गश्ती दल भ्रमण करता है, कहीं लड़ने की आवाज सुन लेगा तो थाने में एफआईआर करवा देगा फिर फालतू में अदालत का चक्कर लगेगा। इसलिए चुपचाप लड़ो, मारो और फरार हो जाओ। वाह पार्क प्रबंधन कितनी अच्छी शिक्षा और अनुशासन सिखाये हैं, वन्य जीवों को।
हालांकि जबसे कुंवर विजय शाह को वन मंत्री बनाया गया है तब से वन्य जीवों की लड़ाई और आत्महत्या के मामले बढ़ गए हैं, अब कारण जो भी हो वन्य जीव और पार्क प्रबंधन ही बता सकते हैं।
अब ऐसे में केंद्र सरकार को इसकी जांच करवा कर मामले की सच्चाई तक पहुंचने की आवश्यकता है।







