
उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचन खुली खदान के बगल से अरहर के खेत में अज्ञात प्रेमी युगल का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले का पता तब चला जब ग्राम नौसेमर निवासी कमला पाल अपने खेत गया।

कमला पाल ने बताया कि हम आज 15 दिन बाद खेत देखने आये तो अपने खेत मे बोई हुई अरहर की फसल घूम कर देखने लगे तभी दुर्गन्ध आने पर वहां जाकर देखे तो 2 शव पड़े हुए थे जिसमे 1 पुरुष और 1 महिला का शव था और महिला के शरीर पर कोई कपड़े नही थे, महिला को कुछ दूर घसीटा गया था, तब हमने सरपंच को बताया और सरपंच ने पुलिस को सूचना दिया, वहीं यह भी बताया कि इस क्षेत्र में फसल का नुकसान नही होता इसलिए कई – कई दिन बाद खेत देखने आते हैं।

वहीं ग्राम लहँगी निवासी मृतक के भाई धनी राम बैगा ने बताया कि ये मेरा भाई शिव प्रसाद उर्फ मारू बैगा पिता मंगल बैगा है इसकी उम्र लगभग 28 वर्ष है ये पिछले बुधवार से लापता है हम कल थाने में रिपोर्ट लिखवाने गए थे तो हमको कह दिए कि जाकर पता लगाओ फिर आना, हम वापस आकर पिताजी को नर्मदा भेजे थे तो वहां पता नही चला आज वापस आये हैं, उसके दो घण्टे बाद हमको पता चला कि यहां पर लाश है, अभी हमारे भाई की शादी नही हुई है, दोनो के सम्बंध रहे, दोनो एक साथ कहीं भी आते जाते थे।

वहीं मृतिका अमरती बाई बैगा उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम लहँगी के पति धरम पाल बैगा ने बताया कि मृतिका मेरी पत्नी है 8 दिन पहले बुधवार को घर से निकली थी मेरे को कोई जानकारी नही थी मैं कोदो कटाई कर रहा था फिर मैं कल थाना जाकर रिपोर्ट लिखवाया हूँ, इसके पहले भी रिश्तेदारी में जाती रही तो मैं सोचा कहीं गई होगी, मेरे को शंका है कि यही मारू उर्फ शिव प्रसाद लेकर गया है इसी के साथ भागी है, इसको कुछ किया जाय।

वहीं घटना की जानकारी लगते ही जिले की एसपी निवेदिता नायडू घटना स्थल पर पहुंच कर मौका निरीक्षण कर कार्रवाई करने का निर्देश दीं।

इस घटना के बाद शहडोल जोन के एडीजी डी सी सागर भी घटना स्थल पहुंच कर मौका निरीक्षण किये और दोनो शवों को जिला अस्पताल उमरिया के लिए रवाना करवा कर निर्देश दिये कि दोनो का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की टीम से करवाने का निर्देश दिये, जिसके चलते दोनो का पोस्टमार्टम कल किया जाएगा।

वहीं इस मामले में पुलिस अभी कुछ कहने की स्थिति में नजर नही आ रही है, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, हालांकि मर्ग कायम कर जांच में जुटी है, वहीं परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
सबसे बड़ी बात तो यह है दोनो मृतक राष्ट्रीय संरक्षित जनजाति बैगा जनजाति के हैं।







