
प्रधानमंत्री की सोच है हर घर जल और उसी के तहत नल जल योजना चला कर जल निगम और पीएचई को कार्य सौंपा गया लेकिन अधिकारी लगा रहे पलीता
क्या किया प्रभारी मंत्री ने और क्या कहा सरपंचों ने

उमरिया – जिले के दौरे पर प्रदेश सरकार के अजाक मंत्री एवं जिले के पालक मंत्री नागर सिंह चौहान ने सुशासन पर्व के दौरान जल निगम एवं पीएचई के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई, तीन साल से परियोजना पूरी होने के बाद भी ग्रामीणों को पेयजल की असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, प्रभारी मंत्री के सामने ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने हर घर जल योजना से जुड़े अधिकारियों की पोल खोल कर रख दिया।
क्या निर्देश दिया प्रभारी मंत्री ने

राज्य सरकार द्वारा देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के मौके पर चलाए जा रहे सुशासन सप्ताह का बुधवार को समापन किया गया, इस आयोजन में जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान मौजूद रहे, मंचीय आयोजन के दौरान गांवों में सुविधाओं के विकास और योजनाओं के क्रियान्वयन पर समीक्षा भी की गई, इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद सरपंचों ने जिले में जल निगम एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल प्रदाय योजना में की गई गड़बड़ियों की शिकायत कर दी, सरपंचों ने बताया कि उनके गांवों में तीन साल से समूह जलप्रदाय परियोजना पूरी हो चुकी है हर घर में नल तो फिट कर दिया गया लेकिन आज तक पेयजल उपलब्ध नहीं हो सका है, जिसके बाद प्रभारी मंत्री ने जल निगम सहित एवं पीएचई के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और सप्ताह भर के भीतर गांवों में पेयजल सुविधा बहाली के निर्देश दिए, आयोजन में जिले के दोनों विधायक तो नदारद रहे वहीं भाजपा के जिला अध्यक्ष सहित कलेक्टर, एसपी मौजूद रहे।
सरपंच ने क्या बताया

ग्राम डोंगरी टोला के सरपंच आसाराम चौधरी ने बताया कि हमारे ग्राम पंचायत मैं तीन गांव आते हैं बसेही, बसेहा और डोंगरी टोला जिसमें डोंगरी टोला की टंकी सलामत है और जो बसेहा में टंकी बनी हुई है टोटल लीक है, और हमारे यहां करीब 60% में पानी नहीं पहुंच रहा है, 2 साल से पानी संचालित होता है लेकिन पानी कभी-कभी चालू होता है, लीकेज शुरू से है उसमें सीमेंट भर भर के काम चला रहे हैं हमने प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार जानकारी दिया लेकिन कोई ध्यान नहीं देते हैं, एक बार भोपाल से जांच करने कोई अधिकारी आए थे हमने उनको बताया था उन्होंने लिख तो लिया लेकिन उसके बाद कोई कार्यवाही नहीं हुई वहीं बीच में जल निगम के जी एम बोल दिए कि यह टंकी हमारी नहीं है इस पर सरपंच ने तत्काल कहा कि हमारे यहां पीएचई की कोई भी टंकी नहीं है मात्र जल निगम की ही टंकी है वहीं सरपंच ने बताया कि ठेकेदार कोई चेन्नई साइड के थे हम खुद नहीं जानते हैं मगर इतना तो तय है कि जल निगम के माथे पानी नहीं पी पाएंगे।
जल निगम के जी एम ने क्या कहा

इस बारे में जब जल निगम के जी एम पलक जैन से बात किया गया तो सफाई देते हुए कहा कि पानी नही पहुंचने का कई कारण हो सकता है, हो सकता है वो टेप न लगाएं हों, या फिर मोटर लगा रहे हो हम इसका सर्वे करवा कर चेक कर लेंगे, हमसे जो अच्छा हो सकता है वह हम सब करेंगे यदि डिजाइन के हिसाब से पानी पहुंचना चाहिए तो पानी वहां पहुंचेगा, इतना ही नही हर बात पर अपनी सफाई देते रहे कि ठेकेदार की अभी जबाबदारी है, हम देखते हैं, सबसे बड़ी बात तो यह है कि इनको खुद जिले के पूरे काम की जानकारी नही है।
प्रभारी मंत्री क्या बोले

इस मामले में प्रदेश सरकार के अजाक मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने बताया कि देश की सरकार लगातार प्रयास कर रही है कि हर घर को पानी मिले अभी हमने आपके सामने सरपंच सचिव और अधिकारियों से बात किया है, समीक्षा किया है, कहीं कमी भी दिखाई दिया है, हमने निर्देश भी दिया है, आने वाले समय में सबको दुरुस्त करेंगे और अच्छा काम करके उमरिया में देंगे जहां तक उमरिया नगर की बात है तो नगर पालिका का दायित्व है और नगर पालिका की अपनी समिति है सभा है यदि आप कहेंगे तो हम उसकी भी जांच करवा लेंगे।
क्या है जल निगम और पीएचई की हकीकत

गौरतलब है कि जिले में जल निगम एवं पीएचई दोनों विभागों द्वारा अरबों खरबों रुपए के बजट का हेर फेर कर दिया गया मगर लोगों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं है यदि पीएचई के कारनामों की इमानदारी से जांच कराई जाए तो शायद उस विभाग में कोई भी ऐसा नहीं बचेगा जिसके ऊपर कार्यवाही ना हो सके वहीं जल निगम तो सफेद हाथी बना हुआ है लोगों को पानी के लिए मोहताज होना पड़ता है कुल मिलाकर दोनों विभाग देश के प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की योजनाओं को पलीता लगाने का काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री की हर घर जल योजना को पलीता लगाते जल निगम एवं पीएचई







