
उमरिया – जिले के पाली जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली अनुसूचित जनजाति बालक छात्रावास बकेली का आकस्मिक निरीक्षण प्रभारी सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग अखिलेश पांडेय द्वारा दिनांक 10.01.2024 को किया गया।
प्रभारी सहायक आयुक्त द्वारा बताया गया कि निरीक्षण के दौरान छात्रावास अधीक्षक राम प्रसाद बैगा संस्था से अनुपस्थित पाये गए। मेरे द्वारा छात्रों से पूछने पर बताया गया कि खाने में केवल चावल, दाल एवं अचार पापड़ दिया जाता है। शाम को रोटी सब्जी दी जाती है। इससे स्पष्ट होता है कि अधीक्षक द्वारा मीनू के आधार पर रहवासी छात्रों को भोजन नहीं दिया जाता है। छात्रावास के छात्र बीडी पीते हुए भी पाये गये। जो साफ जाहिर करता है कि अधीक्षक का नियंत्रण छात्रावास के रहवासी छात्रों पर बिल्कुल नहीं है। इनके कृत्य से कार्य के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही परिलक्षित होती है। छात्रावास में साफ-सफाई का आभाव पाया गया जवकि छात्रावास में 03 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्यरत है। उक्त कृत्य म०प्र० सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन है तथा म०प्र० सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण) अपील नियम 1966 के नियम 9 के तहत कदाचारण की श्रेणी में आता है। उनको नोटिस देकर जवाब पत्र प्राप्ती के 03 दिवस के अन्दर मांगा गया है। समय-सीमा में प्रस्तुत न करने पर समझा जावेगा कि वो उक्त संबंध में कुछ नहीं कहना चाहते हैं। एकतरफा कार्यवाही की जावेगी जिसके उत्तरदायी वो स्वयं होगें।
गौरतलब है कि पूर्व में भी ऐसी ही अनियमितता पाए जाने पर तत्कालीन कलेक्टर द्वारा निलंबित कर दिया गया था लेकिन उसके बाद भी कोई सुधार नही हुआ है, ऐसा लगता है कि छात्रावास अधीक्षक अभी भी अपने विधायक को मंत्री ही समझ कर डियूटी से नदारद रहते हैं।







