
सांदीपनि विद्यालय मानपुर में विधायक ने उतावलेपन में हरी झंडी दिखा कर बसों को रवाना तो कर दिया लेकिन उनकी दुर्दशा आई सामने,
सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर आनन फानन में बसों का संचालन शुरू

Umaria – जिले मे सी एम राइज स्कूल करकेली, मानपुर और पाली जनपद पंचायत में खुलने के बाद 15 किलोमीटर दूरी तक निवास करने वाले बच्चों को निःशुल्क आवागमन के लिये सुविधा प्रदेश सरकार मुहैया करवा रही है, लेकिन प्रदेश के स्कूलों जिनका नाम सी एम राइज से बदल कर अब सांदीपनि विद्यालय कर दिया गया है उनमें जिले की दो स्कूलों करकेली और मानपुर मे 9 – 9 बसें अप्रैल माह से मंगा कर खड़ी कर दी गईं और उनका संचालन नहीं हुआ। उनके संचालन के लिये सुरक्षा मानकों की कमी बताई गई थी एवं उस कमी को पूरा करने के बाद संचालन की अनुमति के लिये फाइल अधिकारियों के टेबल की चक़्कर काट रही है, इस मामले को मिडिया मे जोर शोर से उठाया गया। तो वहीं इस मामले को उछलता देख जिले के दोनो विधायकों के भीतर का नेता जाग गया और बांधवगढ़ विधायक शिव नारायण सिंह ने आनन – फानन में 14 जुलाई को करकेली स्कूल पहुंच कर बसों की पूजा कर दिया तो भला ऐसे में मानपुर विधायक मीना सिंह कैसे पीछे रह सकती थीं, वो भी बिना जांच और बिना सुरक्षा मानकों की परवाह किये 14 जुलाई को मानपुर विद्यालय मे खड़ी बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना कर दिया।
उद्घाटन के दूसरे दिन ही खुली पोल

मानपुर शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अध्यनरत विद्यार्थियों के विद्यालय आवागमन की सुविधा की दृष्टिगत दिनांक 14 जुलाई को ही निःशुल्क बस परिवहन सेवा का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक मीना सिंह के द्वारा किया गया था उक्त परिवहन सेवा के रूट क्रमांक-7 दमना रूट की बस क्रमांक एमपी 18 पी 5587 जब तकरीबन 11:00 बजें अपने रूट के गांव के बच्चों को विद्यालय लेकर आ रही थी तभी मानपुर – ब्योहारी मुख्य मार्ग पर ही पुरानी बाजार तिराहे के पास बंद पड़ गई जिसके चलते बस में सवार स्कूली बच्चों से चालक और परिचालक द्वारा धक्का मरवाकर स्टार्ट करवाने का प्रयास किया गया लेकिन बड़ी बात यह रही कि बच्चों और बस स्टाफ के द्वारा यह मशक्कत करने के बाद यह खुलासा हो पाया कि इसका डीजल ही खत्म हो गया है जिसके बाद डीजल मंगाया गया और फिर बस में डालकर स्टार्ट भी किया गया लेकिन फिर भी उक्त स्कूल बस स्टार्ट होकर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी, हालांकि विधानसभावार देखा जाय तो हर तरह के भ्रष्टाचार में मानपुर विधानसभा अव्वल है, और हो भी क्यों न जब वहां की विधायक पूर्व मंत्री के ऊपर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी बाह्य विद्युतीकरण योजना में 100 करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोप लगाई और खुले मंच से जांच की मांग करती रही तो सरकार ने जांच नही करवाई, तो बस तो छोटी मोटी चीज है।
कांग्रेस नेत्री ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

कांग्रेस नेत्री रोशनी सिंह ने आरोप लगाते हुए बताई कि मानपुर विधायक द्वारा आनन – फानन में वाहवाही लूटने के लिए उक्त बस परिवहन सेवा का संचालन करने के लिए हरी झंडी दिखा कर रवाना कर दी लेकिन उनने बच्चों के तरफ देखना मुनासिब नहीं समझा कि उनका क्या होगा। वहीं प्रदेश की भाजपा सरकार इस कदर भ्रष्टाचार में लिप्त है कि हर जगह कमीशनबाजी का खेल चल रहा है और उसी खेल के चक्कर में पक्षीराज बस कम्पनी के मालिक से सांठगांठ कर पुरानी और कंडम बसों की डेंटिंग पेंटिंग कराकर स्कूल म3 लगा दी गई, और अब बस सेवा चालू होते ही दूसरे दिन से पोल खुलना शुरू हो गई। जिसको देख कर साफ नजर आते लगा कि इस योजना में भी जिम्मेदारों के द्वारा पतीला लगाकर बंदर बांट की गई है जिसकी बानगी उत्कृष्ट विद्यालय मानपुर के सामने खड़ी हुई उक्त सेवा की पक्षीराज बस सर्विस की एक और कंडम बस रूट क्रमांक-3 बल्हौंड़ एमपी 18 पी 7282 का अवलोकन करने पर स्पष्ट रूप से देखी गई जिसे जल्दी बाजी के चलते ठीक से रंगाया – पोताया तक नहीं जा सका ऐसे में शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय मानपुर में अध्यनरत दूर दराज के ग्रामीण विद्यार्थी निर्धारित समय पर विद्यालय तक कैसे पहुंच पाएंगे और कैसे अपना भविष्य निर्माण कर पाएंगे इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
कंडम बस लगी स्कूल में

भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए खराब कंडम बसों को सीएम राइज स्कूल मानपुर में बच्चों के लाने ले जाने के लिए लगाया गया है इस भारी बारिश में बीच सड़क पर खराब कंडम बस कहीं भी बिगड़ जाती है इसके बाद बच्चों को भीगते हुए पैदल स्कूल जाना पड़ता है।
जिम्मेदारों ने मूंदी आंख

आखिर बस के टेंडर के समय जिम्मेदार प्रशासन द्वारा इन बसों का तकनीकी निरीक्षण एवं ड्राइवर से टेस्ट ड्राइव करवाया गया की नही या फिर पक्षीराज ट्रैवल्स के मालिक के चंद सिक्कों की खनक के आगे सभी प्रकार के जरूरी निरीक्षण कार्यवाहियां किए बिना ही ऐसी खराब कंडम बस को बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने के लिए सीएम राइज स्कूलों में लगा दिया गया है यह एक बड़ा सवाल है।
उर्दना में रोड किनारे फंसी बस

आज उद्घाटन के तीसरे दिन भी एक बस बच्चों को लेकर आ रही थी तभी ड्राइवर की लापरवाही के कारण ग्राम उर्दना में रोड से उतर गई और पलटने से बच गई स्थानीय ग्रामीण के सहयोग से उक्त बस को ट्रैक्टर की मदद से खींचकर रोड पर पुनःलाया गया तब तक सभी बच्चे भीगते हुए रोड पर खड़े होकर बस के सुधरने का इंतजार कर रहे थे।
ताला रुट में भी खराब हुई बस

वहीं दूसरी ओर ताला रूट से बच्चो को लेकर आ रही बस अचानक शिव राइस मिल मानपुर के पास आकर बिगड़ गई जो घंटों खड़ी रही और बस में सवार बच्चे कुछ दूर तक बरसते पानी में भीगते हुए स्कूल की तरफ गये तब कुछ देर बाद स्कूल प्रबंधन के द्वारा दूसरी बस इन विद्यार्थियों को लेने भेजी गई और इस तरह से पानी से लथपथ भीगे हुये बच्चे स्कूल पहुंचे, ऐसे में बच्चे बीमार हो जायेंगे तो उनकी जबाबदारी लेने वाला कोई नहीं है।
अभिभावकों की मांग

ऐसे में बच्चों के अभिभावकों ने मांग किया है कि उच्च स्तर पर सारे मामले की जाँच करवा कर बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वाले जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाय ताकि हमारे बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
आनन फानन मे बस सेवा शुरू कर बच्चों की जान से खिलवाड़







