
मानव एवं वन्य जीव द्वंद थमने का नाम नही ले रहा है, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक ही गांव में एक ही दिन में बाघिन ने दो लोगों को घायल किया।
क्या हुई घटना

Umaria – जिले का विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व जहां बाघ दर्शन के लिये प्रसिद्ध है वहीं कुप्रबंधन के चलते वन्य जीव और मानव द्वंद के लिए भी उतना ही प्रसिद्ध है। पनपथा रेंज में ही अप्रैल माह में ही महुआ बीनने गई महिला को बाघिन ने मौत के घाट उतार दिया था, वहीं एक व्यक्ति को घायल कर दिया और कल फिर दिन में करीब 3 बजे ग्राम कुशमहा निवासी राजबली बैगा को उसी बाघिन ने हमला कर घायल कर दिया और शाम को करीब 6 बजे उप सरपंच निर्जन बाई के पति बुल्लू बैगा पिता परशू बैगा उम्र 50 वर्ष पर हमला कर घायल कर दिया जिससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि ये बाघिन कई लोगों को मार चुकी है और कई लोगों को घायल कर चुकी है लेकिन पार्क प्रबंधन मात्र औपचारिकता निभाने के लिए समझाइश देता है और बाघिन को कहीं भी शिफ्ट करने का प्रयास नही करता है।
सरपंच ने बताया

वहीं सरपंच ग्राम पंचायत कुसमहा सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि कल दिन में करीब 3 बजे राजबली बैगा पनपथा जा रहा था तभी ग्राम कोठिया और कुसमहा के बीच गिडरी नाला के पास झाड़ियों में अपने दो शावकों के साथ छिपी बैठी बाघिन ने हमला कर दिया तब हमने रेंजर साहब के साथ घायल को मानपुर अस्पताल पहुंचाया और शाम को फिर उप सरपंच निर्जन बाई के पति बुल्लू बैगा के ऊपर हमला कर घायल कर दिया जिसको वन विभाग की टीम ने मानपुर अस्पताल में भर्ती करवाया है और आज सुबह हाथी लेकर वन विभाग की टीम बाघिन को खदेड़ने के लिए लगी हुई है लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि बाघिन को ट्रैप कर कहीं बाड़े में रखें ताकि ग्रामीणों को सुरक्षा मिल सके।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने आज पनपथा बैरियर के सामने प्रदर्शन कर मांग किया कि वन्य जीवों की सुरक्षा और संरक्षा से हमको कोई आपत्ति नही है लेकिन उनके साथ हमारी भी सुरक्षा की जाय ताकि हमारे और हमारे परिवार, समाज के लोगों का जीवन यापन भी निर्विघ्न रूप से होता रहे।
बाघिन के हमले से एक ही दिन में दो लोग घायल ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन







